Monday, March 3, 2025

विश्व वन्य प्राणी दिवस पर अभिनव पहल

  • वन क्षेत्र से लगे सड़क मार्ग पर चलाया गया सफाई अभियान 
  • प्लास्टिक कचरा एकत्रित करने हेतु गठित की गई थीं 7 टीमें  


पन्ना। विश्व वन्य प्राणी दिवस 3 मार्च 2025 के उपलक्ष्य में पन्ना टाइगर रिजर्व द्वारा अभिनव पहल की गई। वन क्षेत्र से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजमार्ग में जहाँ तहाँ फैले प्लास्टिक कचरे को बोरियों और थैलों में एकत्रित कर मार्ग व किनारे के जंगल को प्लास्टिक कचरे से मुक्त किया गया। सफाई का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग 39 में मनौर तिगैला से प्रारंभ होकर मड़ला तक एवं राजमार्ग में अकोला से अमझिरिया तक किया गया। 

इस अभियान में परिक्षेत्र अधिकारियों के नेतृत्व में 7 टीमों का गठन किया गया था। जिसमें हिनौता, मड़ला,पांडवफाल, झिन्ना एवं अकोला प्रवेश द्वार के गाइड, जिप्सी ड्राइवर एवं पर्यटन से जुड़े स्टेट होल्डर सम्मिलित हुए। इस कार्यक्रम में ग्रीटो कैंप पन्ना, ताज सफारी ( पाषाणगढ़ ) एवं साहस एनजीओ की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

मालुम हो कि सड़क मार्ग से गुजरने वाले वाहन व राहगीर प्लास्टिक की बोतलें व प्लास्टिक कचरा जहाँ-तहाँ फेंकते हुए गुजर जाते हैं। यह प्लास्टिक कचरा पर्यावरण व वन्य जीवों के लिए अत्यधिक घातक होता है। विश्व वन्य प्राणी दिवस पर आयोजित इस सफाई अभियान के माध्यम से आम जनमानस को यह सन्देश देने का प्रयास भी किया गया है कि यात्रा करते समय प्लास्टिक कचरे को मार्ग व जंगल में न फेंके। पर्यावरण को बेहतर रखने में अपनी सहभागिता निभाकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। 


सफाई अभियान में साहस एनजीओ द्वारा ग्लव्स एवं कचरा संग्रहण हेतु थैले प्रदान किए गए। पानी एवं नाश्ता की व्यवस्था एनएमडीसी द्वारा की गई। इस समस्त सफाई कार्यक्रम में उपसंचालक पन्ना टाइगर रिजर्व, सहायक संचालक पन्ना, अधीक्षक केन घड़ियाल अभ्यारण खजुराहो समस्त परिक्षेत्र अधिकारी एवं पन्ना टाइगर रिजर्व में कार्यरत सुरक्षा श्रमिक, अग्नि श्रमिक, गाइड, होटल मालिक सम्मिलित हुए।

बॉटल फॉर चेंज प्रोग्राम इन दि पन्ना टाइगर रिजर्व 

पन्ना टाइगर रिजर्व अंतर्गत पर्यटन एवं अन्य गतिविधियों से प्लास्टिक बेस्ट के बढ़ने के कारण प्लास्टिक कचरे का प्रबंध वन्य प्राणियों के लिए आज की चुनौती है। इस कार्य में सहयोग हेतु बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने पन्ना टाइगर रिजर्व का सहयोग करने का संकल्प किया है। इस बाबत एक लेटर ऑफ एसोसिएशन पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन एवं बिसलेरी द्वारा 1 मार्च को हस्ताक्षरित किया गया है। जिसका उद्देश्य है -

Plastic is valuable ! lets not waste it ! let us bring change !

इसके तहत पन्ना टाइगर रिजर्व के आसपास प्लास्टिक को संग्रहित कर बिसलेरी के "बॉटल फॉर चेंज" कार्यक्रम के तहत इनका पुनर्चक्रण तथा दोबारा उपयोग करना है।

00000

No comments:

Post a Comment