- पन्ना टाइगर रजर्व के हिनौता गेट से लगभग आधा किमी दूर घटेहा हार की घटना
- हांथियों की मदद से रेस्क्यू टीम ने मृत महिला के क्षत विक्षत शव को हासिल किया
![]() |
पन्ना टाइगर रिज़र्व का हिनौता प्रवेश द्वार जिसके निकट कोर क्षेत्र के जंगल में घटना हुई। |
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रजर्व से आज बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर मिली है। टाइगर रिजर्व के हिनौता गेट से लगभग आधा किलोमीटर दूर घटेहा हार के जंगल में बाघिन पी-652 के तीन शावकों ने जंगल में घास काट रही एक महिला को दबोच लिया। शावक महिला को घसीटकर ले गए, फल स्वरूप महिला की मौत हो गई है। घटना आज सुबह लगभग 9:30 बजे की बताई जा रही है।
वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह हिनौता गांव की 6 महिलाएं घास काटने के लिए जंगल गई हुई थीं। उसी समय यह खौफनाक घटना हुई है। जिस समय शावकों ने महिला पर हमला किया, उस समय निकट ही दो जिप्सी में पर्यटक भी जंगल में वहां मौजूद थे। पर्यटकों ने अन्य पांच महिलाओं को जिप्सी में बिठाकर सुरक्षित हिनौता गेट तक छोड़ा है। मृतक महिला फुलिया बाई साहू 64 वर्ष हिनौता गांव की निवासी है।
पन्ना टाइगर रिजर्व के आला अधिकारी व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। हाथियों की मदद से बाघिन व शावकों को मृत महिला के पास से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वे हट नहीं रहे थे। रेस्क्यू टीम के अथक प्रयासों के बाद हाथियों की मदद से मृतक महिला फुलिया बाई के क्षत विक्षत शव को कब्जे में लिया गया। बताया जा रहा है कि पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में यह पहली घटना है, जब टाइगर ने किसी मानव पर इस तरह से हमला किया है। घटना के बाद से हिनौता गांव सहित वन क्षेत्र से लगे अन्य गांवों में भी भय और दहशत का माहौल है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा जंगल में न जाने की सलाह दी है।
प्रतिबंधित क्षेत्र में महिलाएं गई थीं घास काटने
पन्ना टाइगर रिज़र्व के कोर क्षेत्र में सोमवार की सुबह घटित घटना ने हर किसी को चिंता में डाल दिया है। हिनौता गांव की महिलाएं घास काटने के लिए जंगल में जहाँ गई हुई थीं, वह कोर क्षेत्र में आता है। यहाँ अनधिकृत प्रवेश करना व घास काटना प्रतिबंधित है, ऐसी स्थिति में महिलाएं यहाँ कैसे पहुंची यह भी जाँच का विषय है। मृत महिला के शव को टाइगर रिज़र्व प्रबंधन द्वारा पुलिस को सौंप दिया गया है, फलस्वरूप पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पार्क प्रबंधन द्वारा सुरक्षा के एहतियाती कदम उठाये जा रहे हैं। बाघिन व उसके तीनों शावकों की सघन निगरानी शुरू कर दी गई है। अब इन शावकों की हर गतिविधि पर नजर रहेगी ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
पन्ना विधायक ने घटना पर जताया दुःख
बाघ के हमले में हिनौता गांव की महिला फुलिया बाई साहू की मौत पर पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस बेहद हृदय विदारक घटना के संबंध में उन्होंने पन्ना टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक व कलेक्टर से बात की है। मृतक के परिवार को हर संभव मदद प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं। विधायक श्री सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक निधि से भी मृतक के परिवार को सहायता प्रदान करूंगा। इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व की संचालक को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
00000
यह एक अनपेक्षित व दुखदाई घटना हैं। झुके या बैठे इंसान को शेर अपना भोजन समझता हैं। शेरों की इलाके में मानव को प्रवेश नहीं करना चाहिए। पन्ना पार्क में काम करने वाले श्रमिक भी सतर्क रहकर ही काम करें। घटने में मृत परिवार को मेरी संवेदनाएं।
ReplyDeleteji sir
ReplyDelete