पन्ना। हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वतंत्रता के संग अभियान के अंतर्गत पन्ना पुलिस द्वारा आज शहर में भव्य वाहन तिरंगा रैली निकाली गई। रैली पुलिस लाइन पन्ना से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौराहों एवं बाजारों से होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पन्ना में संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा द्वारा रैली का नेतृत्व किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर सुरेश कुमार सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक, यातायात थाना प्रभारी, थाना प्रभारी कोतवाली एवं बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, वन विभाग एवं होमगार्ड के अधिकारी व कर्मचारी भी सम्मिलित हुए। रैली का उद्देश्य न केवल स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में तिरंगे का सम्मान और गौरव बढ़ाना था, बल्कि स्वच्छता के महत्व को भी जन-जन तक पहुंचाना था। इस अवसर पर नागरिकों को स्वच्छता, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
रंगोली बनाकर दिया हर घर तिरंगा अभियान का संदेश
हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत पन्ना जिले में भी राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान के लिए विभिन्न माध्यमों एवं तरीकों से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं के सहयोग से आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आकर्षक रंगोली बनाकर राष्ट्रध्वज के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। ऐसे कार्यक्रम से लोगों को इस महत्वाकांक्षी अभियान में जोड़ने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति आदर व सम्मान को बढ़ावा देने का प्रयास है। आंगनवाड़ी केन्द्रों पर तिरंगा की थीम पर रंगोली बनाने के अलावा विभिन्न सामग्रियों से आकर्षक डिजाइन तैयार कर राष्ट्रीय एकता एवं देश भावना जागृत करने का संदेश भी दिया गया। इसमें बच्चों ने भी सहभागिता की और उत्साह के साथ हाथों में तिरंगा लहराया।
00000
No comments:
Post a Comment