Thursday, August 7, 2025

पन्ना में पहली बार बलराम जयंती पर आयोजित होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

  • पूर्व वर्ष की भांति श्री कृष्ण पर्व का भी होगा आयोजन 
  • जनआस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं पन्ना के ये दोनों मंदिर 

पन्ना शहर में स्थित सुप्रसिद्ध बलदाऊ जी मंदिर.

पन्ना। भव्य प्राचीन मंदिरों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना शहर में स्थित सुप्रसिद्ध बलदाऊ जी मंदिर में इस वर्ष पहली बार बलराम जयंती के अवसर पर 14 अगस्त को मंदिर परिसर पन्ना में संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 16 अगस्त को जन्माष्टमी पर्व पर श्री जुगल किशोर मंदिर प्रागण पन्ना में पूर्व वर्ष की भांति श्री कृष्ण पर्व का आयोजन भी किया जाएगा। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में आमंत्रित कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 

कार्यक्रम के सम्बन्ध में मिली जानकारी के अनुसार श्री बल्देव जी के जन्मोत्सव हरछठ पर्व पर छतरपुर की कलाकार कमला लोधी भक्ति गायन, सीधी के कलाकार लाल बहादुर घासी द्वारा घसिया बाजा एवं स्वप्निल मैलोडी ग्रुप जबलपुर बैंड के कलाकारों द्वारा भक्ति गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इस क्रम में जन्माष्टमी पर आयोजित श्री कृष्ण पर्व पर सागर के अमित घारू बधाई एवं बरेदी लोकनृत्य तथा टीकमगढ़ के पवन तिवारी द्वारा भक्ति गायन प्रस्तुत किया जाएगा। कलेक्टर सुरेश कुमार ने उक्त दोनों कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि पुलिस अधीक्षक सहित अनुविभागीय दण्डाधिकारी पन्ना, तहसीलदार पन्ना, मनरेगा के परियोजना अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी एवं यातायात थाना प्रभारी को भी आवश्यक व्यवस्थाओं का दायित्व सौंपा गया है। 

उल्लेखनीय है कि पवित्र नगरी पन्ना में स्थिति श्री बल्देव जी मन्दिर का निर्माण तत्कालीन पन्ना नरेश महाराजा रूद्रप्रताप सिंह ने लगभग 149 वर्ष पूर्व सन् 1876 में करवाया था। यह मन्दिर पूर्व और पश्चिम की स्थापत्य कला का अनूठा संगम है। इस मन्दिर की स्थापत्य कला और अनुपम सौन्दर्य को निहारकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। भगवान श्री कृष्ण की सोलह कलाओं के प्रतीक मन्दिर निर्माण में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं। मन्दिर में प्रवेश हेतु 16 सोपान सीढ़ी, 16 झरोखे, 16 लघु गुम्बद व 16 स्तम्भ पर विशाल मण्डप है। मन्दिर का शिखर स्वर्ण कलश से सुशोभित है। महाराजा रूद्रप्रताप सिंह को कृषि से अत्यधिक लगाव था, इसलिये उन्होंने हलधर भगवान श्री बल्देव जी की नयनाभिराम कृष्णवर्णी प्रतिमा मन्दिर के गर्भग्रह में प्रतिष्ठित कराई थी। यह अनूठा मन्दिर राज्य की पुरातात्विक धरोहर में शामिल किया गया है।

पन्ना विधायक के प्रयास से हरछठ एवं जन्माष्टमी पर्व राज्य सूची में शामिल


पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के सार्थक प्रयासों की बदौलत संस्कृति एवं पर्यटन विभाग द्वारा पन्ना के हरछठ एवं जन्माष्टमी महोत्सव को मध्यप्रदेश की राज्य सूची में शामिल किया गया है। अब आगामी 14 अगस्त को बलराम जयंती पर भगवान बल्दाऊ के जन्म दिवस और 16 अगस्त को जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। विगत 29 मई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पन्ना नगर आगमन पर स्थानीय विधायक द्वारा परंपरागत भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा एवं हरछठ पर्व को संस्कृति विभाग के कैलेण्डर में शामिल करने की मांग की गई थी। इसके फलस्वरूप अब संस्कृति विभाग द्वारा गरिमामय एवं उल्लासपूर्वक आयोजन का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। आमजनों ने भी पन्ना विधायक के इस प्रयास की सराहना की है।

00000 

No comments:

Post a Comment