Monday, May 6, 2019

खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में हुआ 66. 42 फीसदी मतदान

  •   लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने दिखाया अभूतपूर्व उत्साह
  •   सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लग गई थीं लम्बी कतारें
  •   तेज धूप के कारण दोपहर 1 बजे के बाद धीमी पड़ी मतदान की रफ्तार
  •   दोपहर 3 बजे के बाद मतदान केन्द्रों में फिर लगने लगी कतार


 पन्ना जिले के पोलिंग बूथ में मतदाताओं की लगी कतार का दृश्य।

अरुण सिंह,पन्ना। बुन्देलखण्ड क्षेत्र के चर्चित  और महत्वपूर्ण लोकसभा क्षेत्र खजुराहो में इस बार अपने मताधिकार का उपयोग करने के प्रति मतदाताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। अंतिम समय तक लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा सीटों में कुल 66.42  फीसदी मतदान हुआ। पूर्व निर्धारित समय के मुताबिक सोमवार 6 मई को आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रारम्भ होने के साथ ही पोलिंग बूथों में लम्बी कतारें नजर आने लगीं। सुबह के समय बड़ी संख्या में मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केन्द्रों में पहुँच गये ताकि धूप तेज होने से पहले ही वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। सुबह के समय 9 बजे तक खजुराहो संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभा सीटों पर 12.45 फीसदी लोगों ने वोट डाल दिया था। इसके बाद मतदान की रफ्तार और तेज हुई तथा 11 बजे तक मतदान का प्रतिशत बढ़कर 29.73 फीसदी हो गया। इस दौरान लोकसभा क्षेत्र के कई पोलिंग बूथों पर ईव्हीएम मशीनों के खराब होने की भी जानकारी मिली, जिन्हें बदल दिया गया। फलस्वरूप मतदान की प्रक्रिया निर्बाध गति से चलती रही। मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में वीवीपैट व कन्ट्रोल यूनिट सहित कुल 4 मशीनों को बदला गया है। लोकसभा क्षेत्र में दोपहर 1 बजे तक 42.51 फीसदी मतदान हो चुका था। इसके बाद धूप तेज होने और असहनीय गर्मी के कारण मतदान करने की रफ्तार धीमी पड़ी तथा अधिकांश पोलिंग बूथ सूने नजर आने लगे। लेकिन 3 बजे के बाद मतदान की रफ्तार फिर तेज हुई और शाम 5 बजे तक मतदान का प्रतिशत 60.18 फीसदी तक जा पहुँचा। लोकसभा क्षेत्र का अंतिम मतदान प्रतिशत 66. 42 रहा,जो वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले तक़रीबन 15 फीसदी अधिक है। पन्ना विधान सभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ विश्रामगंज में 90 फीसदी मतदान होने की खबर है।  भीषण गर्मी और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यह रिकॉर्ड मतदान निश्चित ही बड़ी उपलब्धि व परिपक्व और सजग लोकतंत्र की निशानी है।

पहले किया बहिष्कार फिर डाले वोट


पन्ना जिले के कुछ ग्रामों में पेयजल समस्या सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की ओर ध्यान न दिये जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मतदान का बहिष्कार किया। जिले के अतरहाई, नयागाँव, गोल्ही, उड़की व मरहा आदि ग्रामों में मतदान के बहिष्कार की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर ग्रामीणों को समझाया और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया तब जाकर मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई और मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का उपयोग किया। पवई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अतरहाई में जल संकट से परेशान ग्रामीणों द्वारा बहिष्कार किये जाने पर मौके में पहुँचे जनपद सीईओ सतीश नागवंशी ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के बजाय जब उन्हें धमकाने लगे तो यहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सीईओ के धमकाने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया जो चर्चा का विषय रहा।

108 वर्ष की हक्की बाई ने किया मतदान 



लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान करने के लिये बुजुर्गों व दिव्यांगों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। जिले के गुनौर विधानसभा अन्तर्गत सलेहा क्षेत्र की सबसे बुजुर्ग महिला 108 वर्षीय हक्की बाई ने भी खुशी-खुशी मतदान किया। ग्राम पंचायत मानिकपुर कला के इस जर्जर काया वाली बुजुर्ग महिला के परिजनों के साथ वोट डालने पोलिंग  बूथ पहुँचने पर वहां उत्साह का माहौल निॢमत हो गया तथा मौजूद लोगों ने इस उम्रदराज महिला मतदाता के साथ सेल्फी लेकर अन्य लोगों को भी मतदान करने का संदेश दिया।

दूल्हे राजा ने भी सपरिवार डाला वोट


 परिजनों के साथ मतदान करने पहुँचे दूल्हे राजा। 
बुजुर्ग मतदाताओं के साथ ही इस चुनाव में युवा मतदाताओं का उत्साह भी देखते ही बना। पहली बार वोट डालने वाले युवा वोटर सुबह से ही तैयार होकर मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने  जहां पोङ्क्षलग बूथों में पहुँच गये, वहीं महिला मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पन्ना विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत तिलगुवां के मतदान केन्द्र क्र. 244 ग्राम स्वराज भवन में दूल्हे राजा अपनी सुसज्जित पोशाक में ही जब मतदान करने पहुँचे तो इस पोङ्क्षलग बूथ का माहौल उत्सवी हो गया। दूल्हे राजा धीरेन्द्र तिवारी पुत्र नरेश तिवारी निवासी कटरा अपने परिजनों के साथ मतदान करने पहुँचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान दल में शामिल होकर गौरान्वित हैं हम


पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा क्षेत्र की नगर पंचायत स्थित कन्या हाईस्कूल अमानगंज में महिला प्रबंधकीय पोलिंग बूथ बनाया गया। इस पोलिंग बूथ मतदान क्रमांक 127 में महिला कर्मचारियों को मतदान दल में शामिल किया गया। दल में शामिल महिलाएं मतदान के महत्वपूर्ण कार्य को सम्पादित करने में बहुत खुश हैं। वे कहती हैं कि मतदान दल का कार्य सम्पादित करने के दौरान मतदाताओं ने हम लोगों को बहुत सम्मान दिया। जिससे हम लोग अपने आपको गोरान्वित महसूस करते हैं।
इस मतदान केन्द्र को महिला प्रबंधकीय मतदान केन्द्र के रूप में चयनित किया गया था। यहां पर मतदान दल में महिला सदस्य, सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मी तथा स्वयं सेवक भी महिला ही कार्य कर रहे थे। पूरे मतदान केन्द्र को बडे ही आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे मतदान केन्द्र में दरी से लेकर छायावान तक गुलाबी रंग का उपयोग किया गया। जिससे मतदान केन्द्र और अधिक आकर्षक लग रहा था। मतदान केन्द्र में अन्य मतदान केन्द्रों की तरह सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी थी। यहां आने वाले मतदाता भी मतदान करके अपने आपको गोरान्वित महसूस कर रहे थे। मतदाताओं का कहना था कि यह मतदान केन्द्र हमारे नगर में स्थापित मतदान केन्द्रों से एक दम अलग दिखाई दे रहा है। महिला मतदाताओं का कहना था कि हम लोगों को इस मतदान केन्द्र में मतदान करके बहुत अच्छा लगा। क्योंकि हम लोग बेझिझक महिला मतदाता कर्मियों से बातचीत कर आसानी से मतदान कर रहे हैं।

महसूस हो रहा है त्यौहार सा उत्साह 




 भारतीय संस्कृति में त्यौहार और दान का आटूट रिस्ता सदियों से रहा है। लोकसभा निर्वाचन 2019 के महा त्यौहार के आयोजन पर मतदाताओं ने बडे ही उत्साह और प्रसन्नता से अपने मतदान का उपयोग किया। जिला मुख्यालय के आदर्श मतदान केन्द्र 197 वार्ड क्रमांक 17 को आदर्श मतदान केन्द्र बनाया गया था। मतदान केन्द्र में सभी बुनियादी सुविधाएं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री के निर्देशानुसार उपलब्ध कराई गयी थी। मतदान केन्द्र में मतदाताओं के लिए छायावान, पेयजल, पृथक-पृथक प्रसाधन गृह, वृद्धों के लिए अलग, महिलाओं के लिए अलग तथा छोटे बच्चों के लिए पृथक से झूला घर और खिलौने रखें गए थे। मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पडे इसके लिए पानी पिलाने और मतदान में सहयोग के लिए स्वयं सेवक लगाए गए थे।इस मतदान केन्द्र पर मतदान करने के लिए पहुंचे बुजुर्ग शागिर अहमद एवं श्रीमती मलम्मा बाई के साथ युवा महिला में रजिया, हिना, आसमां, वहीं अच्छे लाल दिव्यांग ने बताया कि मतदान केन्द्रों में निर्वाचन आयोग द्वारा बहुत अच्छी व्यवस्था कराई गयी है। जिससे हमें वोट डालने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नही करना पडा। शायद मतदान के लिए हमें सहयोगी न मिलते तो हम मतदान करने घर से यहां तक नही आते। यहां की व्यवस्थाएं देखकर ऐसा नही लगता कि हम किसी मतदान केन्द्र पर आए हैं। यहां का माहौल किसी त्यौहार से कम नही है।

दिव्यांगों ने भी दी लोकतंत्र के त्यौहार में आहुति

 नगर के मतदान केन्द्र क्रमांक 163 वार्ड क्रमांक-7 में स्थापित सुगम मतदान केन्द्र में गठित मतदान दल ने सभी सदस्य दिव्यांग हैं। इन दिव्यांग मतदान अधिकारियों का कहना है कि इस लोकतंत्र के त्यौहार में हमें भी सामान्यजनों की तरह सेवा करने का अवसर मिला है। इस तरह हम लोगों को भी लोकतंत्र के त्यौहार में आहुति देने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस मतदान केन्द्र को सुगम मतदान केन्द्र के रूप में चयनित किया गया था। मतदान केन्द्र में सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गयी है। मतदाताओं के लिए छाया, शीतल पेयजल, पंखे, पृथक-पृथक शौचालय, कम ऊचांई वाला रैम्प जिससे कोई भी दिव्यांग आसानी से ट्रायसाइकिल के साथ मतदान केन्द्र के द्वार पर पहुंचकर मतदान कर सके। मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की सहायता के लिए सहायता केन्द्र एवं ट्रायसाइकिल आदि की व्यवस्था की गयी है। यहां आने वाले मतदाताओं का कहना है कि आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर मतदान केन्द्र पर हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गयी है। जिससे मतदान करने के लिए मतदाता स्वयंमेव आकर्षित होकर आ रहा है। वहीं इस मतदान केन्द्र में दिव्यांग मतदान दल द्वारा पूरी दक्षता के साथ मतदान कार्य को सम्पन्न कराया जा रहा है। मतदान केन्द्र में महिला/पुरूष एवं दिव्यांगों की अलग-अलग कतारें लगाई गयी। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिव्यांगों, बुजुर्गो, गर्भवती, धात्री माताओं को मतदान की सुविधा के लिए पास भी जारी किए गए हैं।यहां पहुंचने वाले मतदाताओं का कहना है कि इससे पहले हम सामान्य मतदान केन्द्रों पर मतदान कर चुके हैं। आज यह हमारा मतदान केन्द्र सुगम मतदान केन्द्र बन गया है। इस केन्द्र में लगे दिव्यांग कर्मचारियों, अधिकारियों द्वारा पूरी दक्षता के साथ मतदान कराया जा रहा है। हम लोगों को मतदान करने में किसी प्रकार की असुविधा नही हुई। सामान्य मतदान केन्द्रों की तरह इस मतदान केन्द्र पर भी निर्वाध गति से कार्य चल रहा है। मतदाताओं में यह उत्सुकता भी है कि दिव्यांग मतदान दल कार्य कैसे कर रहा होगा यह देखने के लिए भी मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। मतदान दल के सदस्यों का भी कहना है कि हम अपने आप को सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि हम लोग सामान्य व्यक्तियों की तरह निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पूरी सफलता के साथ सम्पन्न करा रहे हैं।



कलेक्टर ने आम मतदाताओं के साथ किया मतदान


 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री ने आम मतदाताओं के साथ मनहर कन्या उमावि पन्ना में स्थापित मतदान केन्द्र क्रमांक 197 में मतदान किया। उन्होंने मतदान केन्द्र में पहुंचकर वोटर पर्ची एवं वोटर आईडी प्रस्तुत कर आम मतदाताओं की तरह मतदान किया। इसी दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक के.एम. भीमजीयानी (आईएएस) ने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर पूरी मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण करने के उपरांत मतदान केन्द्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

मतदान की विधानसभावार स्थिति

खजुराहो लोकसभा -      कुल  66. 42
विधानसभा चंदला - 54. 61
विधानसभा राजनगर - 53.23
विधानसभा पवई - 72. 67
विधानसभा गुनौर - 71.66
विधानसभा पन्ना - 70.49
विधानसभा विजयराघौगढ़ - 69. 85
विधानसभा मुड़वारा - 65
विधानसभा बहोरीबंद - 72.41

No comments:

Post a Comment