Sunday, November 19, 2023

पन्ना जिले में 5 लाख 67 हजार 620 मतदाताओं ने किया मताधिकार का उपयोग

  • जिले में शांति पूर्ण माहौल में 74 प्रतिशत से अधिक मतदान
  • पवई विधानसभा में सर्वाधिक 75.82 प्रतिशत हुआ मतदान 



पन्ना। विधानसभा निर्वाचन अंतर्गत 17 नवम्बर को जिले के 901 मतदान केन्द्रों में संपन्न हुए मतदान में जिले में 74 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। सर्वाधिक मतदान पवई विधानसभा में 75.82 प्रतिशत और सबसे कम गुनौर विधानसभा में 71.94 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पन्ना विधानसभा में 74.78 प्रतिशत मतदान हुआ।

पन्ना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 98 हजार 759 पुरूष, 88 हजार 706 महिला और 2 थर्ड जेण्डर मतदाताओं ने मतदान किया। पन्ना विधानसभा में महिला मतदान का प्रतिशत अधिक रहा। पुरूष मतदान का प्रतिशत 74.26 और महिला मतदान का प्रतिशत 75.38 दर्ज किया गया। थर्ड जेण्डर के शत प्रतिशत मतदान सहित पन्ना विधानसभा में कुल 74.78 प्रतिशत मतदान हुआ।

इसी तरह पवई विधानसभा में 1 लाख 11 हजार 695 पुरूष, 1 लाख 1 हजार 461 महिला और 1 थर्ड जेण्डर मतदाता ने मतदान किया। यहां भी महिला मतदान का प्रतिशत पुरूष मतदान के 75.48 के विरूद्ध 76.21 दर्ज किया गया। थर्ड जेण्डर के शत प्रतिशत मतदान सहित पवई विधानसभा में कुल 75.82 प्रतिशत मतदान हुआ। गुनौर विधानसभा में 88 हजार 782 पुरूष और 78 हजार 214 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। यहां पुरूष मतदाताओं के मतदान का प्रतिशत 72.30 और महिला मतदान का प्रतिशत 71.53, जबकि कुल मतदान 71.94 प्रतिशत दर्ज किया गया।

डाक मतपत्र से 4 हजार 909 वोट डाले गए

विधानसभा निर्वाचन अंतर्गत जिले के तीन विधानसभा में 17 नवम्बर 2023 की स्थिति में डाक मतपत्र से 4 हजार 909 वोट डाले गए हैं। इनमें निर्वाचन कार्य में नियोजित लोकसेवकों सहित 80 वर्ष एवं अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाता और 40 प्रतिशत एवं अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांग मतदाता तथा 10 सर्विस वोटर्स भी शामिल हैं। पन्ना विधानसभा में 2 हजार 15, पवई में 1 हजार 387 और गुनौर में 1 हजार 507 वोट डाक मतपत्र के जरिए डाले गए। नोडल अधिकारी डाक मतपत्र के.एस. गौतम ने बताया कि जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्र के लिए पात्र कुल 6 हजार 520 मतदाताओं को डाक मतपत्र जारी किए गए थे।

कलेक्टर ने जताया आभार


जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरजिंदर सिंह ने अधिकारियों तथा कर्मचारियों सहित आम मतदाताओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और सौंपे गए उत्तरदायित्व के बेहतर निर्वहन के कारण मतदान निर्विघ्न संपन्न हुआ। किसी क्षेत्र से अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सभी मतदान केन्द्रों में सुगमता के साथ मतदान संपन्न हुआ। कलेक्टर ने मतदान के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात सभी पुलिस अधिकारियों तथा सुरक्षा बलों के प्रति भी आभार व्यक्त किया है।

00000

Saturday, November 11, 2023

पन्ना और पवई में भाजपा एवं कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला

  • सुरक्षित विधानसभा सीट गुनौर में भाजपा की बागी बिगाड़ रही समीकरण 
  • जिले में 7 लाख 64 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का उपयोग



।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। बहुमूल्य हीरा की खदानों और बाघों की धरती के नाम से प्रसिद्ध मध्य प्रदेश के बुन्देलखण्ड क्षेत्र का पन्ना जिला विकास की विपुल संभावनाओं के बावजूद पिछड़ा है। वन और खनिज सम्पदा से समृद्ध इस जिले के ग्रामीण अंचलों में आज भी बुनियादी और मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। गरीबी, बेरोजगारी, कुपोषण और पलायन की समस्या से पन्ना जिले की एक बड़ी आबादी जूझ रही है। जिन्हें आत्म निर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में ठोस पहल व प्रयास नहीं हुये। 

पन्ना जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं, इनमें पन्ना व पवई से भाजपा के विधायक हैं, जबकि गुनौर सीट से कांग्रेस विधायक हैं। जिले के कुल 7 लाख 64 हजार 846 मतदाता 901 मतदान केन्द्रों पर मतदान कर सकेंगे। इनमें 4 लाख 4 हजार 334 पुरूष मतदाता, 3 लाख 60 हजार 508 महिला मतदाता और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। पवई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 1 लाख 48 हजार 542 पुरूष, 1 लाख 33 हजार 493 महिला और 1 अन्य मतदाता हैं। इसी तरह गुनौर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतगत 1 लाख 22 हजार 794 पुरूष मतदाता, 1 लाख 9 हजार 338 महिला मतदाता और 1 अन्य मतदाता तथा पन्ना विधानसभा अंतर्गत 1 लाख 32 हजार 998 पुरूष, 1 लाख 17 हजार 677 महिला और 2 अन्य मतदाता हैं। पन्ना जिले में सभी तीन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल 27 हजार 203 मतदाता 18-19 आयु वर्ग के हैं। इनमें पवई विधानसभा में 9 हजार 586, गुनौर में 9 हजार 74 और पन्ना विधानसभा में 8 हजार 543 मतदाता शामिल हैं।

पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 60 -

उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी मध्यप्रदेश की पन्ना विधानसभा सीट को भाजपा का गढ़ कहा जाता है। दो बार से भाजपा यहां पर लगातार जीत दर्ज करती आई है, ऐसे में भाजपा की नजर जीत की हैट्रिक पर है तो वहीं कांग्रेस भाजपा के इस विजय अभियान को हर हाल में रोकना चाहती है। पन्ना विधानसभा सीट से वर्तमान में भाजपा के बृजेन्द्र प्रताप सिंह विधायक हैं। भाजपा सरकार में खनिज व श्रम मंत्री रहे बृजेन्द्र प्रताप सिंह पर पार्टी ने एक बार फिर भरोसा जताया है और उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने इस बार भरत मिलन पाण्डेय को प्रत्याशी बनाया है। पन्ना विधानसभा सीट के जातिगत समीकरणों की बात की जाए तो पन्ना विधानसभा सीट एक तरह से ब्राह्मण बाहुल्य सीट है। इसके अलावा लोधी और यादव समाज के मतदाता भी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इस बार पन्ना विधान सभा सीट में कांग्रेस व भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला है, जबकि समाजवादी पार्टी का प्रत्यासी महेन्द्र पाल वर्मा दोनों ही दलों के समीकरण को प्रभावित करने की भूमिका निभा रहा है। 

भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह के पक्ष में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पन्ना में रोड शो कर चुके हैं जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अजयगढ़ में आम सभा की है। कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में अभी तक कोई बड़ा नेता चुनाव प्रचार में नहीं आया जबकि सपा प्रत्याशी के पक्ष में अखिलेश सिंह यादव अजयगढ़ में आम सभा कर चुके हैं। 

पवई विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 58 - 

मध्यप्रदेश की पवई विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। पिछले विधानसभा चुनाव में आमने सामने रहे दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशियों पर एक बार फिर पार्टियों ने भरोसा जताया है और चुनावी मैदान में उतारा है। ऐसे में मौजूदा विधायक अपनी सीट बरकरार रखना चाहते हैं तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अपनी पिछली हार का बदला लेना चाहते हैं। पवई विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा के प्रहलाद लोधी विधायक हैं और एक बार फिर भाजपा ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है। तो वहीं कांग्रेस ने पिछला चुनाव प्रहलाद लोधी से हारने वाले मुकेश नायक पर फिर भरोसा जताया है। इस विधान सभा सीट पर वर्तमान भाजपा विधायक के प्रति असंतोष का माहौल है जिसका फायदा कांग्रेस प्रत्यासी को मिल सकता है। जातिगत समीकरण की बात करें तो पवई विधानसभा सीट पर ओबीसी, सामान्य, एससी एवं एसटी वर्ग के मतदाता हैं जो चुनाव में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला तय करते हैं।  

गुनौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 59 - 

पन्ना जिले की गुनौर विधानसभा सीट पर हुए बीते तीन चुनाव में दो बार भाजपा तो एक बार कांग्रेस को जीत मिली है। गुनौर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा विधायक शिवदयाल बागरी का टिकट काटकर जीवन लाल सिद्धार्थ को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि भाजपा ने पिछली बार चुनाव हारने वाले राजेश वर्मा पर एक बार फिर भरोसा जताया है। एससी वर्ग के लिए आरक्षित गुनौर सीट पर ब्राह्मण मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इस वर्ग का झुकाव जिधर होता है जीत उसी दल के प्रत्यासी की होती है। इस बार चूँकि चुनाव में भाजपा बगावत से भी जूझ रही है जिसका फायदा कांग्रेस को मिलता नजर आ रहा है। यहाँ से भाजपा नेत्री अमिता बागरी टिकट न मिलने पर बगावत करके सपा की टिकट से चुनाव मैदान में है। भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा के पक्ष में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आम सभा कर चुके हैं जबकि सपा प्रत्याशी के पक्ष में अखिलेश यादव ने आम सभा की है। 

पन्ना जिले के प्रमुख मुद्दे -

  •   गरीबी, बेरोजगारी, कुपोषण और पलायन दशकों से प्रमुख मुद्दा है।
  •   स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, उच्च शिक्षण संस्थाओं की कमी भी बड़ा मुद्दा।
  •   हीरा, मन्दिर व ऐतिहासिक महत्व के अनेकों स्थलों के बावजूद पर्यटन स्थल के रूप में नहीं हो सका विकास।
  •   रेत व पत्थर खदानों में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन तथा पर्यावरण को नुकसान बड़ा मुद्दा।
  •  वन व राजस्व सीमा का दशकों से चल रहा विवाद।
  •   केन-बेतवा लिंक परियोजना से पन्ना टाईगर रिजर्व को हो रहा नुकसान।

00000 

Friday, November 10, 2023

नर बाघ के हमले से हुई बाघ शावक की मौत

  •  पन्ना टाइगर रिजर्व के अकोला बीट का मामला 
  •  पोस्टमार्टम के बाद मृत शावक का हुआ दाह संस्कार


।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में वन परिक्षेत्र पन्ना कोर अंतर्गत अकोला बीट के कक्ष क्रमांक 391 में 9-10 नवंबर की दरमियानी रात्रि एक नर बाघ के हमले में 9 माह के बाघ शावक की मौत हुई है। पिछले कई दिनों से इस इलाके में विचरण कर रहे नर बाघ ने इसके पूर्व 7 नवंबर को इस शावक के भाई को भी मार दिया था। इस तरह से 3 दिन के भीतर नर बाघ ने हमला करके दो शावकों को मौत के घाट उतार दिया है।

उल्लेखनीय है कि असमय काल कवलित हुए इन दोनों बाघ शावकों की मां बाघिन पी-234 विगत कुछ माह पूर्व लकवाग्रस्त हो गई थी, जिसे इलाज के लिए भोपाल भेजा गया था। इलाज के बावजूद इस बाघिन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। अपनी मां से बिछड़ चुके इन शावकों को सुरक्षा की दृष्टि से अकोला बीट में जाली की फेंसिंग वाले बाडे में रखा गया था। जिनकी देखरेख व निगरानी के लिए वनकर्मी भी तैनात थे। लेकिन मां का सुरक्षा कवच ना होने से फेंसिंग वाले बाडे में नर बाघ प्रवेश कर गया और तीन दिन के अंतराल में दोनों बाघ शावकों को मार दिया।

क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व बृजेन्द्र झा ने आज बताया कि बाघ बाघ शावक के शरीर में कई जगह केनाइन दांत के स्पष्ट निशान पाए गये। बाघ शावक के शरीर से खून भी बह रहा था। शुक्रवार 10 नवंबर की सुबह घटना की सूचना मिलते ही परिक्षेत्र अधिकारी पन्ना कोर व डाक स्क्वाड मौके पर पहुंचा। पूरे इलाके में आसपास के 2 किलोमीटर क्षेत्र की सर्चिंग की गई, जहां अवैध व संदिग्ध गतिविधि के कोई निशान नहीं पाए गए। कैमरा ट्रैप में फेंसिंग के बाहर एक नर बाघ की फोटो प्राप्त हुई है तथा पग मार्ग भी दिखाई दिए हैं। मृत बाघ शावक का पोस्ट मार्टम वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी पन्ना टाइगर रिजर्व डॉक्टर संजीव कुमार गुप्ता द्वारा किया गया तथा जांच हेतु सेम्पल लिया गया। मृत बाघ शावक के शव को क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व व गठित चार सदस्यीय समिति के सदस्यों की मौजूदगी में जलाकर नष्ट किया गया। घटनास्थल का अवलोकन करने के उपरांत प्रथम दृष्टया बाघ शावक की मौत अन्य नर बाघ के हमले से होना प्रतीत होता है।

00000

Friday, November 3, 2023

पन्ना जिले की तीन सीटों में 36 अभ्यर्थी अब चुनाव मैदान में, 13 उम्मीदवारों ने लिया नाम वापस

  • श्रीकांत दुबे व भुवन विक्रम सिंह के नाम वापस लेने से पन्ना और पवई में मुकाबला हुआ कांटे का 
  • सुरक्षित गुनौर विधानसभा सीट में अभी भी असंतोष और भितरघात से नहीं उबर पाई भाजपा  


।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। विधानसभा निर्वाचन अंतर्गत नाम वापसी की प्रक्रिया उपरांत जिले के तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से अब कुल 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पवई से 16, गुनौर से 9 और पन्ना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से 11 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे। 13 उम्मीदवारों ने चुनाव मैदान से अपना नाम वापस लिया है। पन्ना विधानसभा से पांच और पवई एवं गुनौर विधानसभा से चार-चार उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लिए गए। नाम वापसी की अंतिम तिथि 2 नवम्बर को अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित थी। पन्ना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से श्रीकांत दुबे तथा पवई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भुवन विक्रम सिंह के नाम वापस लेने से कांग्रेस की स्थिति जहाँ मजबूत हुई है, वहीं सुरक्षित गुनौर विधानसभा सीट में भाजपा अभी भी असंतोष और भितरघात से उबर नहीं पाई है। 

विधानसभा क्षेत्र 58-पवई से चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों में भारतीय जनता पार्टी से प्रह्लाद लोधी  (कमल का फूल), इंडियन नेशनल कांग्रेस से पं. मुकेश नायक (हाथ का पंजा), बहुजन समाज पार्टी से हेमंत ऋषिराज सिंह (हाथी), जन अधिकार पार्टी से आशीष कुमार कुशवाहा (डोली), राष्ट्रीय जन संचार दल से बीरन पटेल (बैटरी टार्च), वास्तविक भारत पार्टी से भरतलाल पटेल (गैस सिलेण्डर), समाजवादी पार्टी से रजनी यादव (साईकिल), भारतीय गणराज्य पार्टी से रामपाल सिंह गोन्डेला (नारियल फार्म), निर्दलीय आनंद कुमार विश्वकर्मा (कांच का गिलास), निर्दलीय आशीष (डीजल पम्प), निर्दलीय प्रह्लाद (फूलगोभी), निर्दलीय प्रह्लाद कुमार प्रजापति (ट्रक), निर्दलीय प्रह्लाद लोधी (केक), निर्दलीय राममूर्ति चौरसिया (रोड रोलर), निर्दलीय विजय कुमार सोनी (मोतियों का हार) और निर्दलीय हरी लाल चौधरी रिटायर्ड टीआई (कड़ाही) शामिल हैं।

विधानसभा क्षेत्र 59-गुनौर से इंडियन नेशनल कांग्रेस से अभ्यर्थी जीवनलाल सिद्धार्थ (हाथ का पंजा), बहुजन समाजपार्टी से देवीदीन "आंशू" (हाथी), भारतीय जनता पार्टी से राजेश कुमार वर्मा (कमल का फूल), समाजवादी पार्टी से अमिता बागरी (साईकिल), विंध्य जनता पार्टी से अरविन्द बागरी (गन्ना किसान), जन अधिकार पार्टी से जीतेन्द्र कुमार दहायत (गैस सिलेण्डर), पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से पूरनलाल कोरी (स्कूल का बस्ता), निर्दलीय परसू चौधरी (चारपाई) और निर्दलीय संतलाल प्रजापति उर्फ टाईगर (चक्की) चुनाव लड़ेंगे। 

विधानसभा क्षेत्र 60-पन्ना से अभ्यर्थी ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी (कमल का फूल), भरत मिलन पाण्डेय इंडियन नेशनल कांग्रेस (हाथ का पंजा), विमला अहिरवार बहुजन समाज पार्टी (हाथी), लोधी महेन्द्र पाल वर्मा समाजवादी पार्टी (साईकिल), मेवालाल अहिरवार आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) (केतली), जिज्ञासा कनौजिया निर्दलीय (हीरा), नंद कुमार व्यास निर्दलीय (ऑटो रिक्शा), फिरोज खान निर्दलीय (बल्लेबाज), मोहम्मद इकराम निर्दलीय (कांच का गिलास), राजेश श्रीवास्तव निर्दलीय (कलम की निब सात किरणों के साथ) और सोनेलाल प्रजापति (आरी) चुनाव मैदान में हैं।  

00000