Tuesday, June 15, 2021

गिनीज बुक में अभी तक क्यों दर्ज नहीं हो सकी वत्सला ?

  •  मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व की हथनी है वत्सला, जिसकी उम्र 100 वर्ष से अधिक है 
  •  पन्ना टाइगर रिजर्व की शान व धरोहर बन चुकी वत्सला को हक दिलाने हो सार्थक पहल व प्रयास
  •  दुनिया की इस सबसे बुजुर्ग हथनी वत्सला की जिंदगी का कैसा रहा सफर, यह जानने के लिए पढ़ें 

वर्ष 2007 में गणतंत्र दिवस समारोह में वत्सला कुछ इस तरह हुई थी शामिल,जिसे झांकी में प्रथम पुरस्कार मिला था। ( सभी फोटो अरुण सिंह ) 

।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। दुनिया का सबसे अधिक उम्र का लिन वांग नाम का हाथी ताइवान के चिडय़िाघर में था, जिसकी 86 वर्ष की उम्र में मौत हो चुकी है। इस रिकॉर्ड को भारत की हथिनी ने तोड़ दिया है। जी हां, दुनिया की सबसे बुजुर्ग हथिनी भारत के मध्य प्रदेश में स्थित पन्ना टाइगर रिजर्व की वत्सला है, जिसकी उम्र 100 वर्ष से अधिक लगभग 105 वर्ष बताई जा रही है। पन्ना टाइगर रिजर्व की यह उम्रदराज हथनी दो बार मौत को चकमा दे चुकी है। 

 पिछले दो दशक से भी अधिक समय से वत्सला की सेहत पर नजर रखने के साथ-साथ उसे हर मुसीबत से बाहर निकालने वाले पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि वत्सला केरल के नीलांबुर फॉरेस्ट डिवीजन में पली-बढ़ी है। वत्सला ने अपना प्रारंभिक जीवन नीलांबुर वन मण्डल (केरल) में वनोंपज परिवहन में व्यतीत किया। इस हथिनी को 1971 में केरल से होशंगाबाद (मध्य प्रदेश) लाया गया। उस समय वत्सला की आयु 50 वर्ष से अधिक थी। हथिनी वत्सला को 1993 में होशंगाबाद के बोरी अभ्यारण्य से पन्ना राष्ट्रीय उद्यान लाया गया, तभी से यह यहां की शोभा बढ़ा रही है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि वत्सला के साथ महावत रमजान खान एवं चारा कटर मनीराम भी होशंगाबाद से आए थे, जो आज भी पन्ना टाइगर रिजर्व में वत्सला की देखरेख करते हैं।

 

उम्रदराज हथनी वत्सला मौजूदा समय ऐसी है। 

महावत रमजान खान (60 वर्ष) ने बताया कि मैं वत्सला के साथ पन्ना टाइगर रिजर्व में आया था, तब से यहीं हूँ। वत्सला की अधिक उम्र और सेहत को देखते हुए वर्ष 2003 में उसे रिटायर कर कार्य से मुक्त कर दिया गया था। रिटायरमेंट के बाद से वत्सला के ऊपर कभी भी होदा नहीं कसा गया, न ही किसी कार्य में उपयोग किया गया। मौजूदा समय वत्सला की दोनों आंखों में सफेदी आ जाने के कारण कम दिखता है। चारा कटर हथिनी का डंडा बनकर  उसे जंगल घुमाने के लिए ले जाता है।

 चारा कटर मनीराम ने बताया कि वह होशंगाबाद का रहने वाला है, वत्सला के साथ ही यहां आया था। हथिनी का पाचन तंत्र कमजोर हो चुका है, इसलिए उसे घास व गन्ना काट-काट कर खिलाता हूँ। मनीराम ने बताया कि हथिनी का सूंड या कान पकड़कर रोज उसे जंगल में भ्रमण कराता हूं। क्योंकि हथिनी बिना सहारे के ज्यादा दूर तक नहीं चल सकती। हाथियों के कुनबे में शामिल छोटे बच्चे भी घूमने टहलने में वत्सला की पूरी मदद करते हैं।

नर हाथी ने दो बार किया प्राणघातक हमला


घायल हथिनी वत्सला की शल्य क्रिया करते हुए डॉ. संजीव कुमार गुप्ता। 

 वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ एस. के. गुप्ता बताते हैं कि पन्ना टाइगर रिजर्व के ही नर हाथी रामबहादुर ने वर्ष 2003 और 2008 में दो बार प्राणघातक हमला कर वत्सला को बुरी तरह से घायल कर दिया था। डॉ गुप्ता ने बताया कि पन्ना टाइगर रिजर्व के मंडला परिक्षेत्र स्थित जूड़ी हाथी कैंप में नर हाथी रामबहादुर (42 वर्ष) ने मस्त के दौरान वत्सला के पेट पर जब हमला किया तो उसके दांत पेट में घुस गये। हाथी ने झटके के साथ सिर को ऊपर किया, जिससे वत्सला का पेट फट गया और उसकी आंतें बाहर निकल आईं। डॉ. गुप्ता ने 200 टांके 6 घंटे में लगाए तथा पूरे 9 महीने तक वत्सला का इलाज किया। समुचित देखरेख व बेहतर इलाज से अगस्त 2004 में वत्सला का घाव भर गया। लेकिन फरवरी 2008 में नर हाथी रामबहादुर ने दुबारा अपने टस्क (दाँत) से वत्सला हथिनी पर हमला करके गहरा घाव कर दिया, जो 6 माह तक चले उपचार से ठीक हुआ।

 बेहद शांत और संवेदनशील है वत्सला


उपचार के उपरांत घाव के ऊपर पट्टी बंधवाते हुए वत्सला। 

हथिनी वत्सला अत्यधिक शांत और संवेदनशील है। पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों के कुनबे में बच्चों की देखभाल दादी मां की भांति करती है। कुनबे में जब कोई हथिनी बच्चे को जन्म देती है, तो वत्सला जन्म के समय एक कुशल दाई की भूमिका भी निभाती है। डॉ. गुप्ता बताते हैं कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार हथिनी वत्सला ने पन्ना एवं होशंगाबाद में किसी भी बच्चे को जन्म नहीं दिया। आपने बताया कि जंगली हाथी की औसत उम्र 60 से 70 साल होती है, 70 वर्ष की उम्र तक हाथी के दांत गिर जाते हैं। डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के मुताबिक वत्सला की उम्र 100 वर्ष से अधिक हो चुकी है, जिसका असर शरीर के अंगों पर पडऩे लगा है। उसकी आंखों में मोतियाबिंद हो चुका है, जिससे उसे कम दिखता है। पाचन तंत्र भी कमजोर हो गया है फलस्वरूप उसको सुगमता से पचने वाला विशेष आहार दिया जाता है।

 वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने का है इंतजार


पेट में लीद फसने पर वत्सला को एनिमा देते हुए वन कर्मचारी। 

पन्ना टाइगर रिजर्व की शान तथा देशी व विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र उम्रदराज हथिनी वत्सला भले ही दुनिया में सबसे अधिक उम्र की है, लेकिन अभी तक उसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हुआ। इसकी मुख्य वजह पीटीआर कार्यालय में वत्सला का जन्म रिकॉर्ड उपलब्ध न होना है। इस दिशा में वर्ष 2007 में पन्ना टाइगर रिजर्व के तत्कालीन क्षेत्र संचालक शहवाज अहमद की पहल से वत्सला के जन्म का रिकॉर्ड नीलांबुर फारेस्ट डिवीजन से प्राप्त करने हेतु पत्राचार किया गया था। बाद में अगस्त 2018 में जब शहवाज अहमद प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी के पद पर रहते हुए पन्ना दौरे पर आए, उस समय भी वत्सला का जन्म रिकॉर्ड नीलांबुर से मंगाने के निर्देश दिए थे। लेकिन श्री अहमद के सेवानिवृत्त होने के बाद यह मामला ठंडा पड़ गया। मध्यप्रदेश को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हो सके, इस दिशा में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व वन मंत्री को जरूरी कदम उठाना चाहिए। ताकि वत्सला को जीवित रहते दुनिया की सबसे बुजुर्ग हथिनी होने का सम्मान अधिकृत रूप से मिल सके।

 हथिनी वत्सला को क्रेन की मदद से उठाये जाने का वीडियो -




00000

No comments:

Post a Comment