Friday, November 26, 2021

अनूठी पहल : थाना प्रभारी ने पुराने भवन को बनाया विद्यादान पुस्तकालय

  • मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बृजपुर के थाना प्रभारी बखत सिंह ने थाने की पुरानी अनुपयोगी बिल्डिंग का कायाकल्प कराकर उसे विद्यादान की पाठशाला बना दिया है। यहां अब ऑनलाइन व ऑफलाइन क्लासेज चलने लगी हैं, जहां थाना क्षेत्र के ग्रामों से गरीब परिवारों के बच्चे आकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।

पुस्तकालय : पुलिस का अभियान विद्यादान 

।। अरुण सिंह ।।

पन्ना (मध्यप्रदेश)। पुलिस के प्रति आम जनमानस में अच्छी धारणा नहीं होती, गांव के लोग तो पुलिस वालों से दूरी बनाकर रहने में ही अपनी भलाई समझते हैं। लेकिन ग्रामीणों की इस सोच व धारणा को एक थाना प्रभारी ने अपने सकारात्मक प्रयासों से बदल दिया है। गांव के लोग अब पुलिस से भयभीत होने व उनसे दूरी बना कर रहने के बजाय उन्हें अपना हितेषी मानने लगे हैं। यह करिश्मा जिला मुख्यालय पन्ना से 30 किलोमीटर दूर बृजपुर के थाना प्रभारी बखत सिंह ने अपनी अनूठी पहल व प्रयासों से महज 5 माह में कर दिखाया है।

थाना प्रभारी बृजपुर बखत सिंह ने बताया कि 9 जुलाई 2021 को उन्होंने बृजपुर थाने का प्रभार संभाला था। आपने बताया कि बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्रामों में गरीब आदिवासी समुदाय के लोगों सहित बड़ी संख्या में पिछड़ा वर्ग के लोग रहते हैं। इस इलाके में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। बेहतर शिक्षा सुविधा न मिल पाने से गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चे आगे नहीं बढ़ पाते। बखत सिंह बताते हैं कि वे स्वयं गरीब परिवार से आते हैं इसलिए गरीबों की पीड़ा वा लाचारी को बखूबी समझते हैं। चर्चा करते हुए वे आगे बताते हैं की बृजपुर थाना परिसर में स्थित 1967 में बना पुराना भवन जर्जर व अनुपयोगी पड़ा था। इस पुराने भवन का कायाकल्प कराकर इसे विद्यादान पुस्तकालय में तब्दील कर क्षेत्र के होनहार बच्चों की मदद करने का विचार मेरे मन में आया। इस दिशा में मैंने पहल शुरू की और बीते 5 माह में ही यह सुंदर पुस्तकालय तैयार हो गया। जिसमें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु ऑनलाइन व ऑफलाइन कक्षाएं भी चलने लगी हैं। इस विद्यादान पुस्तकालय को और अधिक उपयोगी व संसाधनों से सुसज्जित करने का प्रयास जारी है, जिसमें पुलिस महकमे के अधिकारियों व जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है।

बृजपुर थाना परिसर का वह पुराना भवन जिसका कायाकल्प कराकर विद्यादान पुस्तकालय शुरू किया गया है। 

बखत सिंह बताते हैं कि शिक्षा अलादीन का वह चिराग है, जिससे जो चाहो वह अरमान पूरा हो सकता है। शिक्षा से ही जिन्न की तरह अवसर निकलेंगे और पूछेंगे कि आपको क्या बनना है। थाना प्रभारी बखत सिंह का मानना है कि अशिक्षा, नासमझी और जागरूकता के अभाव में आपराधिक घटनाएं ज्यादा होती हैं। शिक्षा की रोशनी फैलने से अपराधों में जहां कमी आएगी वहीं बेहतर पुलिसिंग में भी मदद मिलेगी। आप बताते हैं कि समाज में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस की सबको आवश्यकता है लेकिन पुलिस की बुराई भी सब करते हैं। पुलिस के प्रति इस नकारात्मक सोच को अच्छी पहल व व्यवहार से बदला जा सकता है। शांतिप्रिय लोग पुलिस से दोस्ताना संबंध रखें व अपराधी भयभीत रहें, हमारा यह प्रयास है। समाज के शांतिप्रिय लोग यदि हमारे पास नहीं आ रहे तो हम उनके पास जाएंगे, तभी संवाद स्थापित होगा।

शिक्षक व गांव के सरपंच भी रहे


पुस्तकालय के सामने बैठे बच्चे साथ में थाना प्रभारी बखत सिंह। 

वर्ष 2013 में पुलिस महकमे में आने से पहले बखत सिंह माध्यमिक शाला बेडरी जिला छतरपुर में 2001 से 2004 तक शिक्षक रहे हैं। इसके बाद ग्राम पंचायत शिवराजपुर तहसील राजनगर जिला छतरपुर के सरपंच बने और अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। बखत सिंह बताते हैं कि 2009 से 2013 तक पुन: शासकीय हाई स्कूल मंडला जिला पन्ना में बतौर शिक्षक कार्य किया। तदुपरांत मेरा चयन पुलिस सब-इंस्पेक्टर के लिए हुआ और सागर व दमोह के बाद पन्ना जिले में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। अपने थाना क्षेत्र में आम लोगों के बीच पुलिसिया रौब दिखाने के बजाय ग्रामीणों से संवाद कायम करने की इनकी अपनी अलग शैली है। सुबह उठने के बाद थाना क्षेत्र के ग्रामों में भ्रमण हेतु साइकिल से निकल पड़ते हैं और प्रतिदिन 30 से 40 किलोमीटर साइकिल से घूम कर ग्रामीणों से संवाद कर इलाके की गतिविधियों सहित अपराधी तत्वों के बारे में भी जानकारी हासिल करते हैं। ग्राम पंचायत बृजपुर के सरपंच ऋतुराज दीक्षित बताते हैं कि बखत सिंह ने जब से थाना प्रभारी का कार्यभार संभाला है अपराधों में कमी आई है। अब गांव के लोग भी इनके कार्यों की सराहना करने लगे हैं।

विद्यादान पुस्तकालय का मंत्री ने किया लोकार्पण



बृजपुर थाना परिसर में होनहार गरीब बच्चों के लिए स्थापित विद्यादान पुस्तकालय का प्रदेश के खनिज मंत्री व    स्थानीय विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने 22 नवंबर को लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव और   अपराधों की रोकथाम के लिए शिक्षा जरूरी है। खनिज मंत्री ने कहा कि व्यक्ति की पहचान पद से नहीं बल्कि   कार्य से होती है। थाना परिसर में नि:शुल्क लाइब्रेरी व कक्षाओं का संचालन सराहनीय प्रयास के साथ ही पुलिसिंग का एक नया स्वरूप है, जिसका लाभ इलाके के ग्रामीण बच्चों को मिलेगा। मंत्री ने थाना प्रभारी बखत सिंह के  अभिनव पहल की सराहना की।                                                                                                                 

पन्ना के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा का कहना है कि पुलिस का यह सृजनात्मक कार्य बच्चों के भविष्य और क्षेत्रवासियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। समाज में बदलाव के लिए ऐसे सकारात्मक प्रयासों की जरूरत है। आपने बताया कि आम लोगों की समस्याओं व शिकायतों के निराकरण में भी बृजपुर थाना अग्रणी है। पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने कहा कि बृजपुर को आदर्श थाना के रूप में स्थापित करने और आईएसओ प्रमाण पत्र के लिए भी प्रयास किया जायेगा।

दिसंबर महीने के लिए लक्ष्य निर्धारित 

अपने अभिनव प्रयोगों को लेकर चर्चा में आए थाना प्रभारी बखत सिंह ने बताया कि नशा पर रोक हेतु भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यादान पुस्तकालय में आने वाले बच्चों व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों से एक शपथ पत्र लेते हैं कि वे मादक पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे न ही अपने परिवार के सदस्यों को करने देंगे। यदि कोई कर रहा है तो उन्हें समझाएंगे कि वे नशा ना करें। विद्यार्थियों के परिजनों से भी निरंतर संवाद व मेल- मिलाप करने का हम प्रयास करेंगे ताकि शिक्षा के साथ-साथ नशा मुक्ति व अपराधों से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ सकें।

बखत सिंह आगे बताते हैं कि आने वाले दिसंबर के महीने की कार्य योजना व लक्ष्य हमने निर्धारित किए हैं। जिसमें क्लीन अवर केंपस, प्ले जोन फॉर पुलिस, किड्स प्ले जोन, सीनियर सिटीजन डेस्क, महिला डेस्क, बाल कल्याण अधिकारी डेस्क, कंप्लेंट बॉक्स, फर्स्ट एड बॉक्स व अग्निरोधक यंत्र की सुविधा मुहैया कराना है। इसके अलावा थाना क्षेत्र के प्रत्येक गांव से कम से कम 5 व्यक्तियों को ग्राम रक्षा समिति में जोडऩे तथा गांव के कोटवारों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है, जिसे एक माह में पूरा करना है।

वीडियो :



00000

No comments:

Post a Comment