Tuesday, December 14, 2021

पन्ना टाइगर रिज़र्व के अकोला बफर में मिला बाघ का कंकाल ?

  • बाघ के मौत की वजह का नहीं हो सका खुलासा 
  • रमपुरा गेट में मृत बाघ का हुआ दाह संस्कार  

मृत बाघ के प्राप्त अवशेषों का रमपुरा गेट के पास दाह संस्कार कराते वन अधिकारी।  

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में आज फिर एक बाघ का कंकाल मिला है। बाघ की मौत कैसे हुई यह अभी अज्ञात है। मामला अकोला बफर क्षेत्र के बाँधीकला  बीट का है। मामले की जानकारी मिलने पर पन्ना टाइगर रिज़र्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा सहित वन अधिकारी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। कंकाल को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि बाघ की मौत 7- 8 दिन पूर्व हुई होगी। क्षेत्र संचालक श्री शर्मा ने पुष्टि की है कि जंगल में लेंटाना की झाड़ियों के नीचे मिला कंकाल बाघ का ही प्रतीत होता है, जाँच रिपोर्ट आने पर वास्तविक स्थिति का पता चलेगा। 

वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने पोस्टमार्टम करने के उपरांत जाँच हेतु मृत बाघ के मिले अवशेषों का सेम्पल लिया गया। मृत बाघ नर है या मादा इस बात की भी जानकारी नहीं हो सकी। क्षेत्र संचालक ने बताया कि प्राप्त अवशेषों से यह पता लगा पाना मुश्किल है। जिस वन क्षेत्र में बाघ का कंकाल मिला है वहां जंगल न के बराबर है सिर्फ लेंटाना की घनी झाड़ियां हैं जहाँ बड़ी संख्या में मवेशी चरते हैं। इन मवेशियों का शिकार करने अक्सर ही टाइगर रिज़र्व के कोर क्षेत्र से बाघ यहाँ आ जाते हैं। वन अधिकारियों के मुताबिक कई बाघों का इस इलाके में मूवमेन्ट रहता है। बाघ की मौत आपसी संघर्ष से हुई या  कोई अन्य वजह है, अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है। मृत बाघ के अवशेषों को रमपुरा गेट के पास क्षेत्र संचालक सहित वन अधिकारियों की मौजूदगी में जला दिया गया है। 

00000     

No comments:

Post a Comment