Friday, June 17, 2022

राजकुमार ने मारी पलटी, कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये

भाजपा का दामन थामने पर राजकुमार का स्वागत करते मुख्यमंत्री व भजपा प्रदेश अध्यक्ष। 

।। अरुण सिंह ।।  

पन्ना। चुनाव के इस मौसम में आयाराम और गयाराम का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पन्ना जिले में इसकी शुरुआत कांग्रेस नेता व जिले के प्रतिष्ठित व्यवसाई तथा नगर पंचायत अजयगढ़ के अध्यक्ष रह चुके राजकुमार जैन ने की है। इन्होने आज कांग्रेस से नाता तोड़ भाजपा से नाता जोड़ लिया है। प्रदेश के  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भोपाल में इन्हे भाजपा की सदस्यता दिलाई है। इस राजनैतिक उलटफेर से कांग्रेस को जहाँ झटका लगा है, वहीं भाजपा में फील गुड़ है। यह अलग बात है कि नगर पंचायत अध्यक्ष बनने का ख्वाब देख रहे भाजपा नेताओं के अरमानों पर इससे पानी फिर सकता है। जिससे दावेदारों में बेचैनी भी साफ देखी जा रही है। 

उल्लेखनीय है कि राजकुमार जैन व्यवसाई होने के साथ राजनैतिक महत्वाकांक्षा भी रखते हैं। इसके पूर्व वे साइकिल भी चला चुके हैं। कांग्रेस छोड़ ये सपा से विधान सभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं, जब सफल नहीं हुए तो फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया। नगर पंचायत अजयगढ़ के अध्यक्ष रह चुके श्री जैन इस बार भी अध्यक्ष की कुर्सी हथियाने की महत्वाकांक्षा रखते हैं। इसी मंशा के चलते उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री से अध्यक्षी का आश्वासन व हरी झंडी मिलने के बाद ही कई घाट का पानी पी चुके कांग्रेस के राजकुमार ने यह दांव खेला होगा। इसमें वे कितना सफल होते हैं, यह आने वाला वक्त बताएगा।

अजयगढ़ क्षेत्र के कांग्रेसजनों का कहना है कि कांग्रेस में जब इनकी अध्यक्ष बनने की ख्वाहिश पूरी होती नहीं दिखी तो उन्होंने अपने स्वभाव के अनुरूप पलटी मारी है ताकि अध्यक्ष पद हथिया सकें। लेकिन उनकी यह मंशा सहजता से पूरी हो पायेगी, इसकी संभावना कम ही दिखती है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि भाजपा के कई प्रभावशाली स्थानीय नेता भी अध्यक्ष पद की दावेदारी के साथ अपने वार्डों से चुनाव के मैदान में हैं। इन हालातों में श्री जैन को स्थानीय भाजपा नेताओं के अंदरूनी विरोध का सामना भी करना पड़ सकता है।

मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा में अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में संजय सुल्लेरे, अमित गुप्ता, शीलू श्रीवास्तव, सीता गुप्ता तथा कांग्रेस से भाजपा में आए राजकुमार जैन हैं। इस बार इनका वार्ड पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है, कांग्रेस में इन्हे जब किसी अन्य वार्ड से चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं मिली तो इन्होने भाजपा का दामन थाम लिया। राजकुमार जैन नगर पंचायत अजयगढ़ में दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। जबकि इनकी पत्नी चंदा जैन भी एक बार अध्यक्ष रह चुकी हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि श्री जैन दो मर्तबा पार्षद का चुनाव भी हार चुके हैं, जबकि एक बार समाजवादी पार्टी की टिकट से पन्ना विधानसभा से चुनाव हारे हैं। 

नगर पंचायत अजयगढ़ के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से दावेदारों में राजकुमार जैन का ही नाम था, किसी अन्य का नाम उभरकर सामने नहीं आया था। अब इनके भाजपा में चले जाने के बाद कांग्रेस में नये समीकरण बनेगें, उसी के अनुरूप दावेदार भी सामने आयेंगे। मालूम हो कि अजयगढ़ नगर पंचायत में कुल 15 वार्ड हैं तथा अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है।

श्रीमती चन्दा जैन वार्ड क्रमांक 2 से लड़ेंगी चुनाव 

कांग्रेस नेता राजकुमार जैन ने पाला बदलकर आज सुबह भाजपा की सदस्यता ली और शाम को भाजपा के  पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी हो गई। इस सूची में उनकी पत्नी श्रीमती चन्दा जैन का नाम है। वे अजयगढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 2 से चुनाव लड़ेंगी। जाहिर है कि वे भाजपा से नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भी प्रमुख दावेदार रहेंगी। श्री जैन ने भाजपा क्यों ज्वाइन की है, सूची जारी होते ही सब कुछ साफ हो गया है। 

 


00000 

No comments:

Post a Comment