Tuesday, August 29, 2023

पर्यटन क्षेत्र में विकास के लिए सुरक्षा के साथ बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी : कलेक्टर

  • महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के संबंध में हुई कार्यशाला
  • वृहस्पति कुंड में ग्लास ब्रिज के निर्माण से यह बनेगा लोगों के आकर्षण का केन्द्र 


पन्ना। म.प्र. पर्यटन बोर्ड की सहयोगी आधार संस्था द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के संबंध में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में सुरक्षा सहित मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में चर्चा की गई।

इस मौके पर कलेक्टर हरजिंदर सिंह ने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल के विकास, विस्तार और पहचान के लिए ब्रांडिग, समुचित व्यवस्थाएं और सुरक्षा के साथ बेहतर कनेक्टिविटी भी जरूरी है। पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृहद वन क्षेत्र और प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता के कारण जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। वृहस्पति कुंड में ग्लास ब्रिज के निर्माण से यह लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनेगा। साथ ही डायमण्ड पार्क की स्थापना से स्थानीय कारीगर के हुनर को बढ़ावा मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों के साथ पर्यटन क्षेत्र में भी महिलाओं की सहभागिता जरूरी है। इस कार्य में आधार संस्था की कारगर पहल सराहनीय है। इसके अलावा पुलिस विभाग के साथ सभी सहभागी विभागों के द्वारा समन्वय के साथ कार्य किया जाना भी आवश्यक है। जिले के पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे से निगरानी सहित अन्य सुरक्षात्मक उपायों की बात कही। साथ ही टीम वर्क के रूप में सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार कर बेहतर पर्यटन के लिए कार्य करने की अपेक्षा की।  

पर्यटन बोर्ड की सलाहकार रंजना मिश्रा ने पर्यटन विभाग द्वारा आधार संस्था के सहयोग से मड़ला, पन्ना और अजयगढ़ में क्रियान्वित कार्यों और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही शैक्षणिक संस्थाओं में महिलाओं के सुरक्षित पर्यटन की दृष्टि से किए गए जागरूकता कार्यों की जानकारी दी। गणतंत्र दिवस के मौके पर 500 बेटियों को प्रदान किए गए आत्मरक्षा प्रशिक्षण और गाइड व कुकिंग क्लास तथा माटीकला एवं टेराकोटा कला के प्रशिक्षण के बारे में भी अवगत कराया। परियोजना के उद्देश्य, सुरक्षित पर्यटन के साथ रोजगार गतिविधियां संचालित करने तथा स्टेकहोल्डर्स के साथ सुरक्षित पर्यटन की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में उपस्थितजनों से जरूरी सुझाव भी प्राप्त किए गए। सेफ्टी ऑडिट के संबंध में भी चर्चा हुई। कार्यशाला में जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, आधार संस्था की मेहरून्निशा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

00000

No comments:

Post a Comment