Monday, February 9, 2026

दुर्लभ प्रवासी पक्षी ब्लूथ्रोट की सलेहा क्षेत्र के पटना–तमोली में उपस्थिति दर्ज


मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में सलेहा क्षेत्र अंतर्गत पटना–तमोली में बर्ड वाचिंग के दौरान दुर्लभ प्रवासी पक्षी ब्लूथ्रोट की उपस्थिति दर्ज की गई है। प्रकृति संरक्षण कार्यकर्ता अजय चौरसिया द्वारा ली गई स्पष्ट तस्वीरों के आधार पर क्षेत्र में इस आकर्षक प्रवासी पक्षी की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।

ब्लूथ्रोट फ्लाईकैचर परिवार से संबंधित एक कीटभक्षी प्रवासी पक्षी है। यह प्रजाति यूरोप, पैलिआर्कटिक क्षेत्र तथा पश्चिमी अलास्का में पाई जाती है और शीत ऋतु में 8 से 10 हजार किलोमीटर तक की लंबी दूरी तय कर भारतीय उपमहाद्वीप तक पहुंचती है।

लगभग 13 से 14 सेंटीमीटर लंबा यह पक्षी अपने विशिष्ट सौंदर्य के लिए जाना जाता है। नर ब्लूथ्रोट के गले पर मौजूद चमकीला नीला रंग, जिसके मध्य सफेद अथवा हल्का लाल धब्बा होता है, इसकी पहचान बनाता है। भूरी-स्लेटी पीठ और हल्के रंग का पेट इसके सौंदर्य को संतुलित रूप देता है।सलेहा क्षेत्र अंतर्गत पटना–तमोली में दशकों से किए जा रहे प्रकृति संरक्षण प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब जैव विविधता के रूप में सामने आ रहा है। 

विशेषज्ञों के अनुसार, इतने लंबे प्रवास के बाद इस पक्षी का यहां ठहराव क्षेत्र की सुरक्षित पारिस्थितिकी का प्रमाण है। संरक्षण कार्यकर्ताओं का मानना है कि ब्लूथ्रोट जैसे दुर्लभ प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी भविष्य में और अधिक प्रजातियों के आगमन की संभावना को मजबूत करती है।

00000

No comments:

Post a Comment