- आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार एवं नगदी जप्त
- धोखाधड़ी के इस सनसनीखेज मामले में एक आरोपी फरार
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने खाद-बीज डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर भोले-भाले किसानों से ठगी करने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार एवं नगदी जप्त की गई है। मामले में 01 आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।बताया गया है कि आरोपी अलग-अलग कंपनियों के फर्जी प्रतिनिधी बनकर किसानों को फंसाकर खाद-बीज डिस्ट्रीब्यूटर लाइसेंस दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू ने आज आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना पुलिस द्वारा शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खाद-बीज डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर की गई धोखाधड़ी के गंभीर मामले में कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में फरियादी मुकेश कुमार साहू निवासी ग्राम बोरी द्वारा थाना शाहनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मुझे खाद-बीज के डिस्ट्रीब्यूटर का लायसेन्स दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी पूर्वक 02 लाख 34 हजार 500 रूपये की ठगी कर ली है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना शाहनगर में अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 269/25 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना मे लिया गया।
मामले में थाना प्रभारी शाहनगर परशुराम डाबर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी हेतु फरियादी के बताये अनुसार आरोपियों के आने जाने वाले संभावित सभी रास्तो पर लगे सीसीटीव्ही कैमरो के फुटेज खंगाले गये एवं संदेही व्यक्तियों को चिन्हित किया गया। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में 02 संदेही व्यक्तियों को सीतापुर उ0प्र0 से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। उक्त दोनो संदेहियों द्वारा पूँछताछ किये जाने पर अपने-अपने नाम पता पुलिस टीम को बताये गये। पुलिस टीम द्वारा घटना के संबंध में कड़ाई से पूँछताछ किये जाने पर अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर फरियादी को फर्टिलाइजर कंपनी का प्रतिनिधि बनकर डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का लालच देकर डिस्ट्रीब्यूटर लाइसेंस एवं खाद-बीज उपलब्ध कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के बताये अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार एवं 15 हजार रूपये नगद जप्त किये जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक आरोपी फरार है जिसे जल्द गिरफ्तार किया जावेगा।
धोखाधड़ी के इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में गोपीचन्द्र पिता जोधी प्रसाद श्रीवास्तव 42 वर्ष निवासी जिला सीतापुर (उ.प्र.) तथा कन्हैया लाल यादव पिता दुलारे यादव 32 वर्ष निवासी जिला सीतापुर (उ.प्र.) हैं। एक अन्य आरोपी अनूप पिता जोधी प्रसाद श्रीवास्तव 42 वर्ष, निवासी जिला सीतापुर (उ.प्र.) फरार है। आरोपियों से पूंछतांछ में पता चला है कि पन्ना जिले के अतिरिक्त इन्होंने कटनी, औरैया, जबलपुर एवं झाँसी में इसी तरीके की धोखाधड़ी कारित की गई है। वर्तमान में आरोपी धर्मशाला हिमांचल प्रदेश की तरफ इसी तरीके की धोखाधड़ी हेतु अपना नेटवर्क तैयार कर रहे थे, जिन्हे पन्ना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूँछताछ जारी है, जिनसे अन्य राज्यो एवं जिलो के मामलो का खुलासा होने की प्रबल संभावना है।
00000
