Tuesday, July 11, 2017

धसक रही है अजयगढ़ की ऐतिहासिक घाटी

  •   अनदेखी के चलते संकट में है घाटी का वजूद  
  •   जल निकासी की प्राचीन व्यवस्थायें अवरूद्ध


अजयगढ़ घाटी का विहंगम दृश्य। फोटो - अरुण सिंह 

 अरुण सिंह,पन्ना। राजाशाही जमाने की गौरव गाथा को समेटे मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की ऐतिहासिक अजयगढ़ घाटी अब बदहाली का शिकार है। घाटी में जल निकासी के लिए जो व्यवस्थायें की गई थीं। अनदेखी व समुचित देख-रेख के अभाव में वे ध्वस्त हो चुकी हैं, फ लस्वरूप घाटी का तेजी के साथ क्षरण हो रहा है। इस घुमावदार आकर्षक घाटी में पहाड़ से मिट्टी व चट्टानें धसककर सड़क मार्ग पर आ रही हैं, जिससे हर समय दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उल्लेखनीय है कि लगभग डेढ़ सौ वर्ष पूर्व तत्कालीन पन्ना नरेश महाराजा रूद्रप्रताप सिंह द्वारा इस ऐतिहासिक घाटी का निर्माण कराया गया था। बताया जाता है कि पन्ना के सुप्रसिद्ध श्री बल्देव जी मंदिर व अजयगढ़ घाटी का निर्माण एक साथ हुआ था और निर्माण में खर्च भी बराबर आया था। राजाशाही खत्म होने के कई दशकों बाद तक भी इस मनोरम घाटी की खूबसूरती देखते ही बनती थी। घने जंगल व वनाच्छादित पहाडिय़ों के बीच से निकली इस घुमावदार घाटी में जल निकासी के लिए इतनी शानदार व्यवस्थायें की गई थीं कि बारिश का पानी कहां चला जाता था पता ही नहीं चलता था। सड़क मार्ग के दोनों तरफ  अच्छी स्लोप वाली मजबूत नालियों के द्वारा बारिश का पूरा पानी घाटी से निकलकर पहाड़ी नालों में मिल जाता था, फलस्वरूप यह घाटी निर्माण के सौ वर्ष बाद भी मजबूती के साथ विद्यमान है।

क्षरण के चलते जीर्ण-शीर्ण सुरक्षा दीवाल


क्षरण के चलते जीर्ण-शीर्ण हो चुकी  सुरक्षा दीवाल का द्रश्य। 

इसे दुर्भाग्य ही कहा जायेगा कि हम अपनी प्राचीन धरोहरों को बचाने व उनका संरक्षण करने के बजाय उनकी अनदेखी कर रहे हैं। यह प्राचीन धरोहर भी उपेक्षा और अनदेखी का शिकार है, जिससे इसका वजूद संकट में पड़ गया है। घाटी के मार्ग में निर्मित प्राचीन नालियां मलबे से पट चुकी हैं। क्षरण के कारण पहाड़ों की मिट्टी व पत्थर नालियों में भर गये हैं, जिससे जल निकासी की पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई हैं। इस लापरवाही का यह परिणाम  है कि पहाड़ों का जहां तेजी से क्षरण होने लगा है, वहीं घाटी में निर्मित सुरक्षा दीवालें भी नष्ट हो रही हैं। पहाड़ों के क्षरण का यह आलम है कि ऊंचाई से बड़ी-बड़ी चट्टानें लुड़क कर सड़क मार्ग पर आ जाती हैं। नतीजतन   कभी भी भयावह हादसा घटित हो सकता है। मालूम हो कि पन्ना जिले को पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के बांदा जिले से जोडऩे वाला यह प्रमुख मार्ग हैं। इस मार्ग पर चौबीसों घंटे आवागमन होता है, फि र भी घाटी के जीर्णोद्धार व देख-रेख में शासन-प्रशासन द्वारा कोई रूचि नहीं ली जाती, जिससे घाटी जीर्ण-शीर्ण हो रही है। इस मार्ग से जब भी कोई पहली बार निकलता है, तो यहां की प्राकृतिक मनोरम छटा व घाटी की निर्माण शैली को देखकर मंत्रमुग्ध हो जाता है।

हैरतअंगेज है घाटी के निर्माण की कहानी 


इस मनोरम घाटी के निर्माण की कहानी भी हैरतअंगेज और अविश्वनीय है। बताया जाता है कि तकनीकी कौशल से परिपूर्ण इस घुमावदार घाटी के निर्माण में खच्चरों की भूमिका सबसे अहम रही है। घाटी के मार्ग का निर्धारण खच्चरों के द्वारा ही किया गया था। तत्कालीन पन्ना नरेश महाराजा रूद्रप्रताप सिंह ने खच्चरों की पीठ में चूने की बोरियां लदवाकर बोरियों में छेद करके उन्हें इस पहाड़ पर छुड़वा दिया था। खच्चर घने जंगल से होकर जिस मार्ग से गए, चूने की लाइन खिंचती चली गई और इसी नक्शे के आधार पर ही अजयगढ़ की घाटी का निर्माण हुआ।

निर्माण की तकनीक है बेमिशाल 


अजयगढ़ घाटी के निर्माण की तकनीक को देखकर बड़े-बड़े इंजीनियर भी हैरत में पड़ जाते हैं। अत्यधिक ऊंचाई व घुमावदार मार्ग होने के बावजूद भी इस खतरनाक दिखने वाली घाटी में बहुत ही कम सड़क दुर्घटनायें होती हैं। जबकि पन्ना-छतरपुर मार्ग वाली मड़ला घाटी, जिसमें इतने घुमाव व ऊंचाई नहीं है फि र भी इस घाटी में आये दिन सड़क हादसे होते हैं। तकनीकी जानकारों का कहना है कि यह घाटी के निर्माण कला का ही परिणाम है कि अजयगढ़ घाटी में सड़क हादसे न के बराबर होते हैं।
0000000

No comments:

Post a Comment