Tuesday, September 24, 2019

सांभर के सींग और पके मांस सहित तीन शिकारी गिरफ्तार

  •   आरोपियों के कब्जे से फंदा, तार व कुल्हाड़ी भी बरामद
  •   वन परिक्षेत्र कल्दा के बीट महगवां में किया था शिकार 


वन अमले द्वारा पकड़े गये शिकारी तथा उनके कब्जे से बरामद सामग्री। 

अरुण सिंह,पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में वन्य प्राणियों के शिकार व अवैध कटाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बारिश के इस मौसम में शातिर शिकारी पन्ना टाइगर रिज़र्व के बफर क्षेत्र सहित टेरिटोरियल के जंगल विशेषकर दक्षिण वन मण्डल पन्ना अन्तर्गत कल्दा, सलेहा व मोहन्द्रा  वन परिक्षेत्र के जंगल में सक्रिय हैं। मौका मिलते ही ये लोग शिकार की घटनाओं को अंजाम दे देते हैं। सोमवार को  वन अमले ने वन परिक्षेत्र कल्दा के बीट महगवां अन्तर्गत  ग्राम भोपार एवं छतौल में छापामार कार्यवाही करते हुये तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया है। इन शिकारियों के कब्जे से शिकार में उपयोग होने वाले फंदा, तार व कुल्हाड़ी के अलावा सांभर का सींग तथा पका हुआ मांस भी बरामद हुआ है।
उल्लेखनीय है कि लगभग 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में वन परिक्षेत्र कल्दा का जंगल फैला हुआ है। जैव विविधता से भरपूर यहाँ के जंगल में चीतल, सांभर, नीलगाय,जंगली सुअर सहित विभिन्न प्रजाति के शाकाहारी व मांसाहारी वन्य प्राणी बहुलता में पाये जाते हैं। कल्दा पठार का  जंगल  हजारों प्रकार की अनमोल वनस्पति और विविध प्रकार के  पशु-पक्षियों से समृद्ध  है। यही वजह है कि यह वन क्षेत्र हमेशा शिकारियों के निशाने पर रहता है। यह वन क्षेत्र वन्य प्राणियों के रहवास के लिये अनकूल स्थान है, लेकिन बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध उत्खनन व कटाई से वन्य प्राणियों की नैसर्गिक जिंदगी में खलल पड़ने लगा है। स्थानीय पत्रकार अजय चौरसिया ने बताया कि बेशकीमती जंगल और वन्य प्राणियों से समृद्ध यहाँ के जंगल की  सुरक्षा का जिम्मा वन विभाग के उस अमले पर है, जिनके पास संसाधनों और सुविधाओं का अभाव है।  वन रक्षक और डिप्टी रेंजर बिना हथियारों और वाहनों के सुरक्षा करने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर शिकारियों के पास  वाहन व हथियार रहते हैं। इसका फायदा उठाकर शिकारी क्षेत्र में जानवरों और पक्षियों का शिकार कर आसानी से चले जाते हैं। कभी कभार ग्रामीणों की मदद से ये शातिर शिकारी पकड़े जाते हैं। बताया गया है कि गत 23 सितंबर की दरम्यानी रात 3 बजे मुखबिर की सूचना पर वन परिक्षेत्र अधिकारी एम.डी. मानिकपुरी के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र कल्दा के अमले द्वारा बीट महगवां के ग्राम भोपार एवं छतौल में छापामार कार्यवाही करते हुये जंगली सूअर का शिकार करने के आरोपी महेंद्र सिंह उम्र 50 वर्ष, पन्नू आदिवासी उम्र 30 वर्ष एवं दुक्खु आदिवासी को हिरासत में लेकर शिकार में प्रयुक्त फंदा,  तार , कुल्हाड़ी एवं सांभर के सींग 03 नग जब्त किया गया है। आरोपियों के कब्जे से पका हुआ मांस भी बरामद हुआ है। पकडे गये इन शिकारियों के  विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। इस कार्रवाही में कैलाश बामनिया, संतोष माली, के.पी. अग्निहोत्री,  बी.एल. अहिरवार, आदित्य प्रताप सिंह , के.के. गुप्ता, बालकृष्ण शुक्ला, सुमंत जनेत, उदय सिंह , रूपलाल आदि का योगदान रहा।
00000

No comments:

Post a Comment