Sunday, May 17, 2020

घबरायें नहीं, साहस के साथ कोरोना वायरस की जंग जीतें-कलेक्टर

  • महामारी से निपटने समझदारी व नियमों का पालन जरुरी 
  • जिले के बाहर से आने वाले लोगों की निरंतर हो रही स्क्रीनिंग


पन्ना कलेक्टर कर्मवीर शर्मा। 

अरुण सिंह,पन्ना। कोरोना वायरस की यह जंग हम सब मिलकर साहस और समझदारी के साथ जीतेंगे। इसको लेकर घबराने की जरुरत नहीं है, सिर्फ समझदारी का परिचय देते हुये नियमों का पालन करना है। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने बताया कि कोविड-19 के विश्व महामारी घोषित होने के बाद प्रदेश को कोरोना वायरस संक्रमित सूची में शामिल होने के साथ ही जिला प्रशासन द्वारा मुस्तैदी से कार्यवाही शुरू कर दी गयी थी। जिले की प्रत्येक सीमा पर चौकपोस्ट स्थापित करने के साथ जिले के बाहर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग करने के साथ उन्हें जिले में प्रत्येक तहसील क्षेत्र में स्थापित किए गए क्वारेंटाइन सेंटरों में रखने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गयी थी। निरंतर समीक्षा एवं निर्देशों के चलते जिले में जैसे ही कोरोना का संदिग्ध मरीज का प्रवेश हुआ उसकी तुरंत सेम्पलिंग कराकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए गए मरीज को तुरंत जिला चिकित्सालय में स्थापित कोविड हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कर उसे आवश्यक उपचार, पौष्टिक आहार, मनोरंजन उपलब्ध कराया गया। जिसके चलते एक मरीज पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर चला गया है। वहीं दूसरे कोरोना के संदिग्ध मरीज की जांच पॉजिटिव मिलते ही उसे जिला चिकित्सालय के कोविड हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कराकर उपचार प्रारंभ कर दिया गया है।
कलेक्टर श्री शर्मा ने बताया कि शाम 6 बजे कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद कोविड केयर सेंटर गुनौर पहुंचकर मरीज के प्रथम सम्पर्क एवं द्वितीय सम्पर्क वाले लोगों की सूची रात में ही तैयार कराकर प्रथम सम्पर्क वाले लोगों को कोविड केयर सेंटर लाकर आइसोलेट कराया गया। प्रथम सम्पर्क वाले सभी व्यक्तियों का सेम्पल रात में ही लेने के साथ मरीज के गांव घाट सिमरिया को रात में ही क्वारेंटाइन क्षेत्र घोषित कर पूरे गांव को सेनेटाइज करने के साथ सील कर दिया गया है। उस गांव के शत प्रतिशत लोगों की स्क्रीनिंग कराई गयी है। इसके साथ ही द्वितीय सम्पर्क वाले लोगों की रात में ही पहचान प्रारंभ कराई गयी। इन सभी व्यक्तियों की भी स्क्रीनिंग कराकर उन्हें होम आइसोलेट कराया गया।

पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर पहुंचा अपने घर पहुंचा

जैसा कि आप सभी को विदित है कि बीते दिनों एक प्रवासी श्रमिक बम्बई से सिमरिया चौकपोस्ट पर आया था। उसे बनौली में स्थापित क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। वहीं उसकी एवं उसके साथियों के सेम्पल लेकर परीक्षण के लिए लैब भेजे गए थे। उनमें एक व्यक्ति मोहम्मद इस्माइल का सेम्पल कोरोना पॉजिटिव आने के कारण उसे जिला चिकित्सालय के कोविड हेल्थ केयर सेंटर भर्ती किया गया था। पॉजिटिव मरीज के स्वास्थ्य पर 15 दिवस तक सतत निगरानी की गयी। उसे भर्ती के दौरान पौष्टिक आहार के साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए टी.व्ही. उपलब्ध कराई गयी। उसे निरंतर उपचार भी आवश्यकतानुसार दिया गया। जिसका कोविड हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती रहने के उपरांत 12वें दिन पुनः सेम्पल परीक्षण कराया गया। मरीज कोरोना निगेटिव प्राप्त होने पर एवं पूर्णतः स्वस्थ होने की स्थिति में घर जाने के लिए एम्बुलेंस से भेजा गया। जब उसे कोविड हेल्थ केयर सेंटर से घर के लिए रवाना किया गया उस समय कलेक्टर, जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ द्वारा ताली बजाकर स्वागत किया गया। सम्मान स्वरूप कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा मोहम्मद इस्माइल को पुष्पगुच्छ भेट किया गया। मरीज को उसके घर अजयगढ तहसील के ग्राम हरदी भेजा गया। उसे समझाइश दी गयी कि वह अपने घर पर ही रहे।

बाहर से आने वाले प्रवासियो की हो रही स्क्रीनिंग

कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देशानुसार जिले में आने वाले प्रवासी व्यक्तियों की स्क्रीनिंग एवं परीक्षण का कार्य निरंतर जारी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल.के. तिवारी द्वारा बताया गया कि शत प्रतिशत प्रवासियो की स्क्रीनिंग की जा रही है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के साथ 6 लोगों के सेम्पल लिए गए थे। इनमें से एक व्यक्ति साकेत शर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी घाट सिमरिया का सेम्पल कोरोना पॉजिटिव पाया गया। यह सभी लोग सिविल लाइन दिल्ली से मिनी बस से प्रस्थान कर गुनौर जनपद के ग्राम घाट सिमरिया पहुंचे थे। इन सभी का 15 मई को सेम्पल लिया गया। 16 मई को सेम्पल पॉजिटिव पाए जाने पर मरीज को संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटर शासकीय आदिवासी छात्रावास गुनौर में रखा गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस पुष्टि संबंधी मरीज की जानकारी जिला प्रशासन एवं अमानगंजध्गुनौर की स्वास्थ्य टीमों को दी गयी। मौके पर जिला प्रशासन के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अनुभाग स्तरीय अनुविभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के दल ने पहुंचकर आगामी कार्यवाही करते हुए मरीज के प्रथम एवं द्वितीय सम्पर्क तथा ट्रेवल हिस्ट्री प्राप्त कर सेम्पलिंग की गयी। प्राइमरी कान्टेक्ट के रूप में 15 व्यक्तियों का चिन्हांकन किया गया। सेकेण्डरी कान्टेक्ट के रूप में 5 व्यक्तियों की पहचान की गयी। इनमें 12 लोगों के सेम्पल प्राप्त कर प्रयोगशाला भेजे गए। रोगी के ग्राम को क्वारेंटाइन क्षेत्र घोषित कर सभी को घरों में रहने की हिदायत दी गयी। गांव के शत प्रतिशत लोगों की आरआरटी टीम द्वारा स्क्रीनिंग की गयी है।

जिले में अब तक पहुँचे 32 हजार से अधिक प्रवासी 

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में लगातार प्रवासी श्रमिकों एवं अन्य प्रवासी व्यक्तियों का निरंतर आगमन हो रहा है। इनमें कुछ लोगों को छोडकर सभी लोग जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे यातायात साधनों से जिले में आ रहे हैं। जिला मुख्यालय पर आने के बाद इन सभी लोगों का आवश्यक सहयोग करने के साथ भोजन, पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यालय पर प्रत्येक व्यक्ति की सम्पूर्ण जानकारी पंजीबद्ध करने के साथ उनकी स्क्रीनिंग कराई जा रही है। इसके उपरांत इन सभी को जिला प्रशासन द्वारा शासकीय वाहन के माध्यम से संबंधितों के तहसील मुख्यालयों पर भेजा जा रहा है। तहसील मुख्यालय पर भोजन, पेयजल की व्यवस्था के साथ स्क्रीनिंग कर जानकारी दर्ज करते हुए वाहनों को गांव भेजा जा रहा है। गांव पहुंचने पर भी प्रवासियों की स्क्रीनिंग करने के उपरांत उन्हें उनके घर पर होम क्वारेंटाइन किया जा रहा है। गांव में समय समय पर आरआरटी की टीम इनके स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यकतानुसार उपचार सुविधा मुहैया कराई जा रही है। होम क्वारेंटाइन किए गए प्रत्येक व्यक्ति पर ग्राम अभ्युदय दल के सदस्य, आंगनवाडी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता निगरानी रखने के साथ उनकी कठिनाईयों का निराकरण किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
00000

No comments:

Post a Comment