Monday, July 13, 2020

खनिज संपदा से समृद्ध पन्ना जिले को मिलेगी नई पहचान

  •  पन्ना से बृजेंद्र प्रताप सिंह बने खनिज साधन, श्रम विभाग के मंत्री 
  • सूची जारी होने के साथ ही जिले में ख़ुशी और उत्साह का माहौल 


खनिज साधन, श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह। 

अरुण सिंह,पन्ना। लम्बी जद्दोजहद के बाद मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रिमंडल विस्तार के 11वें दिन विभागों का बंटवारा कर दिया है। इसी के साथ विभागों के बंटवारे को लेकर सोशल मीडिया में चल रहा कयासों और अनुमानों का दौर भी ख़त्म हो गया है। बहुप्रतीक्षित विभागों के इस बंटवारे में पन्ना विधान सभा क्षेत्र के जनप्रिय एवं ऊर्जावान विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह को खनिज साधन, श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके कैबिनेट मंत्री बनने से खनिज संपदा से समृद्ध पन्ना जिले को नई पहचान मिलेगी।
विभागों के बंटवारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से स्वास्थ्य विभाग छीनकर सिंधिया समर्थक डॉ. प्रभुराम चौधरी को दे दिया है। सिंधिया समर्थकों को उनकी पसंद के विभाग दिए गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने पास सामान्य प्रशासन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन समेत ऐसे विभाग रखे हैं जो किसी अन्य मंत्री के पास नहीं हैं। चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद शनिवार को शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि रविवार को नये मंत्रियों को विभाग मिल जायेंगे। रविवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं हो सका, फलस्वरूप अनुमानों और कयासों का दौर जारी रहा। रविवार को देर रात्रि तक लोग बेसब्री के साथ मंत्रियों के विभागों की सूची का इंतजार करते रहे, यह इंतजार सोमवार 13 जुलाई की सुबह तब ख़त्म हुआ जब विधिवत रूप से अधिकृत सूची जारी हुई।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में 2 जुलाई को 28 मंत्रियों को शामिल किया था। मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा के 16 मंत्रियों में 7 पुराने और 9 नए चेहरे शामिल किये गये थे। कांग्रेस के बागी खेमे से कुल 14 मंत्री हो गये हैं। इसी साल मार्च में कुल 22 विधायकों ने इस्तीफा दिया था। शिवराज सरकार में अब 25 कैबिनेट और आठ राज्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री को मिलाकर 34 मंत्री हैं। भाजपा सूत्र बताते हैं कि ग्वालियर-चंबल की सबसे ज्यादा सीटों पर उपचुनाव होना है। सिंधिया समर्थक गिर्राज दंडोतिया, ऐंदल सिंह कंसाना, सुरेश धाकड़, ओपीएस भदौरिया, महेंद्र सिंह सिसोदिया, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह मंत्री बनाए गए हैं। इसमें ऐंदल सिंह कंसाना सिंधिया समर्थक नहीं माने जाते हैं।

पन्ना जिले में ख़ुशी और जश्न का माहौल 

प्रदेश मंत्रिमंडल का 2 जुलाई को विस्तार होने पर जब पन्ना जिले से बृजेंद्र प्रताप सिंह को कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व मिला तो समूचे जिले में उत्साह की लहर दौड़ गई। मंत्री बनने के बाद जिले में बृजेंद्र प्रताप सिंह के प्रथम आगमन पर जिस तरह से स्वागत हुआ उसी से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों में कितना उत्साह व ख़ुशी है। सोमवार की सुबह जब विभागों के बंटवारे की सूची जारी हुई और लोगो को पता चला कि बृजेंद्र प्रताप सिंह को खनिज साधन, श्रम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो लोग ख़ुशी से झूम उठे। खनिज संपदा से समृद्ध पन्ना जिले में असीम सम्भावनायें हैं, जिसका मंत्री जी बेहतर तरीके से जिले के हित उपयोग करेंगे ऐसी उम्मीद है। इनके मंत्री बनने से रोजी और रोजगार के नये अवसरों का भी सृजन होगा तथा अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगने के साथ सुनियोजित तरीके से खनिज संपदा के पर्यावरण हितैषी वैज्ञानिक दोहन को बढ़ावा मिलेगा। हीरा व पत्थर खदानों के सन्दर्भ में जिले को विकास की ओर अग्रसर कराने व एक नई पहचान दिलाने वाली नीति बनेगी, ऐसी अपेक्षा है।
00000  

No comments:

Post a Comment