Thursday, July 9, 2020

पन्ना की राजनीति में यह तस्वीर दे रही शुभ संकेत

  •  मंत्री बनने के बाद बृजेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे महदेले जी के घर
  •  सुश्री कुसुम सिंह महदेले ने आत्मीय स्वागत कर दिया आशीष


मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद प्रदान करतीं पूर्व मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले। 

अरुण सिंह,पन्ना।  बुंदेलखंड क्षेत्र के पन्ना जिले में बुधवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के प्रथम आगमन पर सिमरिया से लेकर पन्ना तक जिस तरह से अभूतपूर्व स्वागत हुआ, वह निश्चित ही अविस्मरणीय रहेगा। कोरोना संक्रमण के इस दौर में भी लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह हुए आत्मीय स्वागत के बीच सबसे ज्यादा सुखद और पन्ना की राजनीति में सकारात्मक बदलाव का संकेत देने वाली तस्वीर सफर बाग कहे जाने वाले पूर्व मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता सुश्री कुसुम सिंह महदेले के निवास में तब देखने को मिली, जब मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह जिज्जी से आशीर्वाद लेने उनके घर पहुंचे। दीदी ने भी एक अभिभावक की तरह न सिर्फ अच्छा काम करने का आशीर्वाद दिया अपितु फूल के पंखुड़ियों की वर्षा कर आत्मीय स्वागत भी किया। जिन्होंने भी यह दृश्य देखा वे भाव विभोर हो गये और इसे पन्ना जिला ही नहीं अपितु समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए शुभ संकेत माना।
उल्लेखनीय है कि पन्ना जिले की राजनीति में तीन दशक तक वर्चस्व कायम रखने वाली पूर्व मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले उम्र के उस पड़ाव में पहुंच चुकी हैं कि उन्हें सक्रिय राजनीति से दूरी बनानी पड़ी। सुश्री महदेले की राजनीतिक विरासत को संभालने वाला उनके परिवार में तमाम प्रयासों के बावजूद कोई आगे नहीं आ पाया। कहा जाता है कि बदलाव प्रकृति का नियम है और रिक्तता प्रकृति का स्वभाव नहीं है। शायद यही वजह है कि सुश्री महदेले के रिक्त हुए स्थान को भरने का अवसर कर्मठ, लगनशील, उच्च शिक्षित और क्षमतावान विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह को मिला है। पन्ना जिले के लिए निश्चित ही यह गर्व करने की बात है कि यहां से जीते विधायक को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इस सुखद बदलाव पर पूर्व मंत्री सुश्री महदेले ने न सिर्फ प्रसन्नता जाहिर की है बल्कि युवा मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह को मिठाई खिलाकर पूरे अधिकार के साथ कहा है कि पन्ना के विकास को अब और गति मिलेगी। राजनीति में ऐसा बड़प्पन और उदारता आज के इस दौर में कम ही देखने को मिलती है। जिज्जी ने अपने आत्मीय व्यवहार से यह साबित कर दिया है कि वे पन्ना की बेटी हैं और उनका एक ही ध्येय व इच्छा है कि पन्ना का चहुमुखी विकास हो।

बृजेंद्र प्रताप सिंह ने बनाई है विकास पुरुष की छवि 


प्रथम आगमन पर हुये आत्मीय स्वागत का द्रश्य। 

कैबिनेट मंत्री बने बृजेंद्र प्रताप सिंह राजनीति में सक्रिय रहकर कम समय में जो ख्याति और मुकाम हासिल किया है, वह कम ही लोगों को नसीब होता है। पवई विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य मंत्री के रूप में इन्होंने विकास के जितने कार्य किये हैं वह अपने आप में एक मिसाल है। पवई क्षेत्र से इनके विमुख होते ही वहां विकास की रफ्तार थम सी गई है। यहां के लोग आज भी बृजेंद्र प्रताप सिंह को विकास पुरुष के रूप में याद करते हैं। पवई से पन्ना तक के राजनीतिक सफर में बृजेंद्र प्रताप सिंह ने बहुत कुछ सीखा है। अब उनके व्यक्तित्व में परिपक्वता और गंभीरता तो झलकती ही है, विनम्रता भी स्वाभाविक गुण बन चुका है। उन्हें पता है कि विनम्र होकर ही सफलता की सीढ़ी चढ़ी जा सकती है। वे यह भी जानते हैं कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट रास्ता नहीं है, इसके लिए कठिन श्रम व संघर्ष जरूरी है। सफल होने के लिए शॉर्टकट अपनाने वाले लोग निश्चित रूप से शार्ट (छोटे) हो जाते हैं और भीड़ में खो जाते हैं। यही वजह है कि उन्होंने अपनी पूरी क्षमता का उपयोग विकास और जनकल्याण के लिए करने का संकल्प लिया है। वे राजनीति में रहते हुए समाज को अपना सर्व श्रेष्ठ देने की मंशा रखते हैं, शायद उनकी सफलता का राज भी यही है।
00000

No comments:

Post a Comment