Tuesday, January 18, 2022

मध्यप्रदेश : सर्वाधिक शावकों को जन्म देने वाली "सुपर मॉम" बाघिन नहीं रही, आदिवासी महिला ने दी मुखाग्नि

  • कॉलर वाली बाघिन के नाम से दुनिया भर में मशहूर मध्यप्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व की "सुपर मॉम" नहीं रही। 17 वर्ष की इस बाघिन ने 29 शावकों को जन्म दिया, जो एक रिकॉर्ड है। जंगल में पूरा जीवन जीने वाली बाघिन सुपर मॉम के बिछडऩे से वन्यजीव प्रेमी पर्यटक जहां दुखी हैं, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शोक व्यक्त किया है। 

पेंच टाइगर रिजर्व की विश्व प्रसिद्ध कॉलर वाली बाघिन को इस तरह दी गई अंतिम विदाई। 

। अरुण सिंह 
पेंच टाइगर रिजर्व में बाघों का कुनबा बढ़ाने के साथ-साथ मध्य प्रदेश को टाइगर स्टेट का दर्जा दिलाने में अहम योगदान देने वाली "सुपर मॉम" कॉलर वाली बाघिन अब नहीं रही। देशी व विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का हमेशा केंद्र रही पेंच की इस रानी ने वन परीक्षेत्र कर्माझिरी के बीट कुंभादेव के कक्ष क्रमांक 589 में 15 जनवरी को सायं अंतिम सांस ली। रविवार 16 जनवरी को पेंच टाइगर रिजर्व की शान सुपर मॉम को पूरे सम्मान के साथ वन अधिकारियों की मौजूदगी में आदिवासी महिला श्रीमती शांताबाई सरयाम ने वन्यजीव प्रेमियों तथा बफर क्षेत्र के रहवासियों की ओर से श्रद्धांजलि देते हुए मुखाग्नि दी।

विक्रम सिंह परिहार पूर्व फील्ड डायरेक्टर जो बीते साल पेंच टाइगर रिजर्व से सेवानिवृत्त हुए हैं, बताया कि तीन वर्ष तक उन्होंने कॉलर वाली बाघिन को बहुत करीब से देखा है। यह अत्यधिक निर्भीक, शावकों की केयरिंग करने वाली तथा वन कर्मियों के बहुत पास से गुजरने पर भी आक्रामकता न दिखाने वाली बाघिन थी। अपने शावकों को सुरक्षा प्रदान करने तथा परवरिश करने की उसमें अद्भुत क्षमता थी। इस बाघिन ने 8 बार में 29 शावकों को जन्म दिया, जिनमें 23 शावकों को वयस्कता तक पहुंचाकर बाघों की वंश वृद्धि में अविस्मरणीय योगदान दिया है। अपने इलाके को सुरक्षित रखने की इस बाघिन में गजब की क्षमता थी। श्री परिहार ने बताया कि पेंच टाइगर रिजर्व में सबसे पहले वर्ष 2008 में रेडियो कॉलर इसी बाघिन को लगाया गया था, जिससे यह कॉलर वाली बाघिन के नाम से प्रसिद्ध हुई।

यह बाघिन "मोस्ट फेमस टाइग्रेस इन इंडिया" के नाम से भी जानी जाती रही है। पेंच टाइगर रिजर्व में भ्रमण हेतु आने वाला हर पर्यटक एक बार इस बाघिन को शावकों के साथ जरूर देखना चाहता था। विक्रम सिंह परिहार बताते हैं कि सितंबर 2005 में जन्मी इस बाघिन ने वर्ष 2008 से लेकर 2018 तक 10 साल में 29 शावकों को जन्म दिया, जो एक कीर्तिमान है। दुनिया में किसी भी बाघिन ने इतने शावकों को जन्म नहीं दिया। इस लिहाज से यह "सुपर मॉम" बाघिन पेंच टाइगर रिजर्व की धरोहर मानी जाती रही है। श्री परिहार बताते हैं कि अपने तीसरे लिटर में इस बाघिन ने एक साथ 5 शावकों को जन्म दिया था। जंगल में सामान्यत: बाघ शावकों का सरवाइबल रेट 50 फ़ीसदी के लगभग होता है लेकिन इसके 29 में 23 सही सलामत हैं, जो 80 फ़ीसदी के लगभग है।

अपने नन्हे शावकों के साथ पेंच की कॉलर वाली बाघिन।

बाघ पुनर्स्थापना योजना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि पेंच की कॉलर वाली बाघिन का योगदान अभूतपूर्व है। ऐसी बाघिनें यदा-कदा ही होती हैं जो अपने जीवन में इतिहास रचती हैं। डॉक्टर गुप्ता बताते हैं कि इस बाघिन ने जंगल में अपना पूरा जीवन जिया है, उसके निशान हर कहीं मौजूद हैं जिन्हें मिटाया नहीं जा सकता। इस बाघिन की वंशवेल पेंच टाइगर रिजर्व ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य दूसरे वन क्षेत्रों में भी फैल चुकी है। आपने बताया कि एक फीमेल अपने जीवन में कितना योगदान दे सकती है, इसका अनुमान लगाना कठिन है।

उन्होंने पन्ना टाइगर रिजर्व की बाघिन टी-2 का उदाहरण देते हुए बताया कि लगभग 16 वर्ष की इस बाघिन ने 7 बार में 21 शावकों को जन्म दिया है। इन 21 शावकों से पन्ना टाइगर रिजर्व में 72 से 80 शावकों का जन्म हुआ। इस तरह से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि पेंच की कॉलर वाली बाघिन के 29 शावकों से अब तक कितने शावक पैदा हुए होंगे। इसीलिए चाहे मानव हो या वन्य प्राणी फीमेल का योगदान सर्वोपरि माना जाता है। डॉक्टर गुप्ता बताते हैं कि राजाशाही जमाने में जब राजा शिकार करते थे तो वे मेल टाइगर को ही मारते थे, फीमेल को नहीं। क्योंकि वे जानते थे कि फीमेल को मारा तो बाघों की प्रजाति ही खत्म हो जाएगी।

पेंच की बाघिन का पन्ना से है कनेक्शन

पेंच टाइगर रिजर्व की बाघिन "क्वीन ऑफ पेंच" का कनेक्शन मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से भी है। इस विश्व प्रसिद्ध बाघिन की बेटी को बाघ पुनर्स्थापना योजना के तहत 22 जनवरी 2014 को पन्ना लाया गया था। लाइट कलर (गोरे रंग) वाली इस बाघिन को पन्ना टाइगर रिजर्व में सबसे सुंदर बाघिन का रुतबा हासिल है। लगभग 11 वर्ष की हो चुकी इस खूबसूरत बाघिन ने पन्ना टाइगर रिजर्व में आकर यहां बाघों की वंश वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस बाघिन ने यहां अब तक 7 बार में 17 शावकों को जन्म दिया है। कॉलर वाली बाघिन की संतान बाघिन टी-6 पन्ना में अपनी मां की विरासत को आगे बढ़ा रही है।

कॉलर वाली बाघिन की तरह विश्व प्रसिद्ध बाघिनों की सूची में राजस्थान के रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की मछली बाघिन का नाम भी दर्ज है। विक्रम सिंह परिहार बताते हैं कि सर्वाधिक समय तक जीवित रहने का रिकॉर्ड मछली के नाम है। अमूमन जंगल में बाघ का जीवन औसतन 12 से 15 साल होता है, लेकिन रणथम्भौर की यह बाघिन 20 साल तक जीवित रही। मछली बाघिन दुनिया में कई नामों से मशहूर हुई। इसे "लेडी ऑफ लेक" तथा "क्रोकोडायल किलर" के नाम से भी जाना जाता है। यह बाघिन अपने शावकों को बचाने के लिए मगरमच्छ से भिड़ गई थी।

बाघिन की मौत पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जताया शोक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुनियाभर के वन्यजीव प्रेमियों व पर्यटकों के बीच मशहूर रही पेंच की इस बाघिन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि मध्यप्रदेश को टाइगर स्टेट का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली प्रदेश की शान और 29 शावकों की माता पेंच टाइगर रिजर्व की "सुपर टाइग्रेस मॉम" कॉलर वाली बाघिन को श्रद्धांजलि। पेंच टाइगर रिजर्व की 'रानी' के शावकों की दहाड़ से मध्य प्रदेश के जंगल सदैव गुंजायमान रहेंगे।

प्रदेश के वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने भी ट्वीट कर 29 शावकों को जन्म देने का कीर्तिमान स्थापित कर सुपर टाइग्रेस मॉम कहलाने वाली बाघिन टी-15 की मृत्यु को वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि मैं पूरे वन विभाग की ओर से भावांजलि समर्पित करता हूं।

आदिवासी महिला शांताबाई ने दी मुखाग्नि



पेंच टाइगर रिजर्व की बाघिन ने जंगल में अपनी जिंदगी को रॉयल अंदाज में जिस तरह से जिया है, उसी तरह उसको पूरे सम्मान के साथ रॉयल विदाई भी दी गई। पेंच टाइगर रिजर्व के प्रवेश द्वार वन ग्राम कर्माझिरी की निवासी दबंग आदिवासी महिला शांताबाई सरयाम ने अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पेंच की रानी को मुखाग्नि दी। वन्य प्राणी संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली शांताबाई एक ऐसी दबंग आदिवासी महिला हैं जिन्होंने अपने गांव कर्माझिरी में न सिर्फ शराब पर पाबंदी लगाई है, बल्कि शिकार की घटनाओं पर रोक लगाने में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

विक्रम सिंह परिहार बताते हैं कि वह इको विकास समिति कर्माझिरी की अध्यक्ष भी हैं तथा स्टे होम चलाती हैं। पेंच टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अशोक मिश्रा ने बताया कि कॉलरवाली बाघिन टी-15 को जब अंतिम विदाई दी गई, उस समय उप संचालक अधर गुप्ता, सहायक वन संरक्षक बी.पी.पी. तिवारी, परिक्षेत्र अधिकारी आशीष खोब्रागडे, एनटीसीए के प्रतिनिधि विक्रांत जठार, राजेश भेंडारकर, जिला पंचायत सदस्य रामगोपाल जयसवाल, पंजीकृत गाइड तथा रिसोर्ट प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

00000


No comments:

Post a Comment