Friday, March 11, 2022

इटवांकलां गांव में विद्युत उपकेन्द्र का खनिज मंत्री ने किया भूमिपूजन

  • क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा : बृजेन्द्र प्रताप सिंह
  • नवीन उपकेन्द्र बनने से लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी निजात 

 

इटवांकलां गांव में नवीन 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र का भूमिपूजन करते खनिज मंत्री श्री सिंह 

पन्ना। आमजन की  समस्याओं का समय-सीमा में समाधान किया जाएगा। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा। यह बात प्रदेश के खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद पंचायत पन्ना के ग्राम इटवांकलां में 2 करोड़ 51 लाख रू. की लागत के नवीन 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र का भूमिपूजन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि नवीन उपकेन्द्र के बन जाने के बाद बिजली की लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। इससे लगभग 20 ग्रामों के 10 हजार कृषक और घरेलू उपभोक्ता लाभांवित होंगे। 

खनिज मंत्री श्री सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं के लाभ के लिए निर्माण कार्य की टेण्डर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर आगामी 6 माह में उपकेन्द्र के लोकार्पण की तैयारी पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अजयगढ़ में 220 केव्ही का विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत हो गया है। इसकी स्थापना के बाद पन्ना सहित छतरपुर में भी विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। खनिज मंत्री ने विद्युत उपकेेन्द्र के जमीन आवंटन के लिए जिला कलेक्टर के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ीखेरा में भी विद्युत उपकेन्द्र का भूमिपूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग पर गत दिनों 50 लाख रूपये की लागत से बनने वाले लुधगवां-बराछ मार्ग के लिए रपटा निर्माण का भूमिपूजन किया गया था, जिसका गत 2 दिन पहले काम भी शुरू हो गया है।

डोभा बना नवीन राजस्व ग्राम

खनिज साधन मंत्री एवं कलेक्टर ने डोभा के नवीन राजस्व ग्राम बनने पर ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं और सरपंच को नवीन राजस्व ग्राम का प्रमाण पत्र सौंपा। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राजस्व ग्राम घोषित होने के बाद पीएम आवास सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणजनों को मिलेगा। भविष्य में ग्राम पंचायत का दर्जा भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मडैय़न भी राजस्व ग्राम बनेगा। यहां के लोगों को 5 करोड़ 73 लाख रूपये लागत की सड़क सुविधा का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर सड़क निर्माण की बाधाओं को दूर किया जाएगा। 


उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसान सम्मान निधि, राशन वितरण, आवास योजना जैसी जनहितैषी योजनाओं से हितग्राही लाभांवित हुए हैं। वर्ष 2024 तक प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल भी मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना को वर्तमान सरकार द्वारा दोबारा शुरू किया गया है। आगामी दिनों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह और तीर्थ दर्शन योजना भी शुरू होगी। आवास प्लस सर्वे के माध्यम से वंचित गरीब हितग्राहियों को पक्के आवास की सुविधा प्रदान की जाएगी। स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को मालिकाना हक प्रदान कर भू-अधिकार पत्र और पट्टे का वितरण भी किया जाएगा।खनिज मंत्री ने कहा कि इटवांकला को शासकीय हाई स्कूल की सौगात भी मिलेगी। ग्रामीणजनों से सतत संपर्क और संवाद कर सुख-दुख में सहभागी बन कर जनप्रतिनिधि के कर्तव्य का निर्वहन करेंगे।

 जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज यादव ने कहा कि खनिज मंत्री की विकास के नाम पर पहचान बनी है। वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरे हैं और समर्पित जनप्रतिनिधि साबित हुए हैं। उन्होंने ग्रामवासियों को राजस्व ग्राम बनने की शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं की बहुप्रतीक्षित मांग का निराकरण हुआ है। यह किसानों के लिए दिवाली जेैसा उत्सव है।

कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र ने कहा कि समयावधि में विकास कार्यों को पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपकेन्द्र के निर्माण के लिए 24 घंटे में जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। सभी विकास कार्यों को कार्ययोजना के साथ समय सीमा में पूरा कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पन्ना जिले में स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार के लिए सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। कलेक्टर श्री मिश्र ने ऊर्जा साक्षरता अभियान में सहभागी बन कर लोगों से बिजली की बचत करने की अपील की। पूर्व विधायक राजेश वर्मा और बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष जय प्रकाश चतुर्वेदी ने भी ग्रामवासियों को संबोधित किया। विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री शरद श्रीवास्तव ने उप केन्द्र से संबंधित जानकारियों के बारे में अवगत कराया। कार्यपालन यंत्री प्रशांत वैद्य ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विवेक मिश्रा, पूनम यादव, ऊषा सोनी, अमिता बागरी, बाबी राजा, सुशील त्रिपाठी सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

00000 

No comments:

Post a Comment