Tuesday, March 29, 2022

सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और आर्थिक उन्नति के लिए कटिबद्ध

  • कृषक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें: मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह
  • पन्ना में जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन  

पन्ना में जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला में प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन करते हुए मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

पन्ना।  सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और आर्थिक उन्नति के लिए कटिबद्ध है। यह बात प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने पन्ना में जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेला सह प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कृषक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। सभी कृषकों को किसान हितैषी योजनाओं का लाभ जरूर लेना चाहिए। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। 

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रूपये किसानों को प्रदान किए जाते हैं। कृषि कार्य के लिए किसानों को ऋण प्रदान करने की व्यवस्था भी की गई है। किसानों के बिजली बिल भी माफ किए गए हैं। रबी एवं खरीफ सीजन में समर्थन मूल्य पर फसल उपार्जन की उचित व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश गेहूं उत्पादन में पंजाब से आगे निकल गया है। प्रदेश को लगातार कृषि कर्मण अवार्ड मिलना उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने संबल योजना दोबारा शुरू की है। केन्द्र सरकार द्वारा भी गरीबों के लिए नि:शुल्क राशन प्रदान करने की समयावधि आगामी सितम्बर माह तक बढ़ाई गई है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने के लिए बजट में 10 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त योजना के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को आवास प्लस सर्वे सूची के माध्यम से लाभांवित किया जाएगा। इसके लिए आवास की सूची सार्वजनिक कर निर्धारित स्थानों में चस्पा की जाएगी। इसका पंचनामा भी तैयार होगा। स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार पत्र का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राशन आपके द्वार योजना की शुरूआत होने से घर बैठे हितग्राहियों को राशन मिल सकेगा।

कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने कहा कि कृषि मेला के माध्यम से किसानों को कृषि कार्य के लिए महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। मेला किसानों के लिए लाभकारी होगा। इसके जरिए किसानों को उन्नत तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने और अच्छी किस्म के खाद-बीज की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और आर्थिक उन्नति के लिए कटिबद्ध है। अब किसानों को कृषि कार्य के लिए साहूकारों से कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की टीम भ्रमण कर किसानों के घर-घर पहुंचकर महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराएगी।

कलेक्टर श्री मिश्र ने किसानों से कम पानी और अल्प समय में तैयार होने वाली फसलों के उत्पादन की अपील की। उन्होंने कहा कि एक जिला-एक उत्पाद योजना में आंवला के विभिन्न उत्पाद तैयार करने के लिए खाद्य प्रसंस्करण यूनिट की स्थापना की जाएगी। इससे उत्पादकों को अच्छी कीमत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आंवले को जीआई टैग दिलाने के लिए कटिबद्ध है। इससे पन्ना के आंवले की देश-विदेश में अलग पहचान होगी।

इस अवसर पर बृजेन्द्र गर्ग ने कहा कि कृषि पर निर्भर किसान की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए सरकार प्रयासरत है। इस वर्ष किसानों के फसलों की अच्छी पैदावार हुई है। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को आगे बढ़कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ बालागुरू के., उप संचालक कृषि ए.पी. सुमन, बाबूलाल यादव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में कृषक, हितग्राही और आम नागरिक भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार ने किया।

00000 

No comments:

Post a Comment