Friday, September 22, 2023

केन-बेतवा लिंक परियोजना में आदिवासियों को किया जा रहा बेघर : अरुण यादव

  • जन आक्रोश यात्रा लेकर पन्ना पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश की भाजपा सरकार पर बोला हमला, भ्रष्टाचार के लगाए आरोप  

स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव

पन्ना। बुंदेलखंड क्षेत्र में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा लेकर पन्ना पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि केन - बेतवा लिंक परियोजना में आदिवासियों को बेघर किया जा रहा है। अगर विस्थापित करना है तो उन्हें 4 गुना मुआवजा दिया जाए और पंचायत सभा की सहमति ली जाए। उन्होंने कहा कि पन्ना जिला भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है, बांधों के निर्माण में यहाँ भारी भ्रष्टाचार हुआ है। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तथा प्रदेश के शहर प्रभारी सीपी मित्तल भी मौजूद रहे।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में किसान की दुर्गति हो रही है, मंहगाई से महिलायें  बेहाल हैं। पिछले 18 साल के इनके शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है, इसीलिए वे जन आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में 40% कमीशन का राज था जिसको जनता ने रवाना कर दिया, अब मप्र की बारी है। प्रदेश की भाजपा सरकार में 50 फीसदी के साथ भ्रष्टाचार के मामले में यह देश भर में पहले नंबर पर है। इन बातों को देखते हुए 18 साल में हुए भ्रष्टाचार और कुशासन पर भाजपा को आशीर्वाद नहीं माफी यात्रा निकालनी चाहिए।

बुंदेलखंड क्षेत्र में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा पर चर्चा करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने बताया कि आगामी 03 अक्टूबर तक जन आक्रोश यात्राएं पूरे मप्र में चलेगी जो 230 विधानसभा कवर करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार द्वारा राहुल गांधी जी की पहल पर दिए गए बुंदेलखंड विशेष पैकेज में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। बुंदेलखंड पैकेज से बनाए गए बांध पहली ही बारिश में बह गए। श्री यादव ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके संरक्षण में रेत माफिया फल फूल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार स्पष्ट बहुमत के साथ प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार बनने जा रही है।

00000

No comments:

Post a Comment