Sunday, October 18, 2020

खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ महारानी ने खोला मोर्चा

  •   भारतीय रक्षा संपदा (सेना) की जमीन पर काबिज होने का लगाया आरोप 
  •   महारानी जीतेश्वरी देवी ने भारत निर्वाचन आयोग के नाम भी लिखा पत्र

पन्ना महारानी जीतेश्वरी देवी आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुये। 

अरुण सिंह,पन्ना। प्रदेश सरकार के खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ पन्ना महारानी जीतेश्वरी देवी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने 17 अक्टूबर शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में खनिज मंत्री व पन्ना विधायक के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव निरस्त करने की मांग की है। महारानी का आरोप है कि मध्यप्रदेश शासन के खनिज मंत्री पन्ना जिले के ग्राम बकचुर स्थित खसरा क्रमांक सात व नौ की भारतीय रक्षा संपदा (सेना) की जमीन पर अनाधिकृत रूप से काबिज हैं। उन्होंने मामले पर खेद जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए जनप्रतिनिधि भारतीय सेना की जमीन पर अनाधिकृत रूप से कब्ज़ा कर अपने निजी हितों को पूरा कर रहे हैं। 

प्रेसवार्ता में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने अपने नामांकन में जानबूझकर इस तथ्य को छिपाया है। जबकि यह मामला पन्ना अनुविभागीय न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के नियमानुसार अगर कोई प्रत्याशी नामांकन पत्र में गलत अथवा भ्रामक जानकारी देता है तो धारा 33-ए के अंतर्गत अपराध की सीमा में आता है। महारानी जीतेश्वरी देवी ने भारत निर्वाचन आयोग के नाम भी पत्र लिखा है। उन्होंने खनिज मंत्री पर रेत ठेकेदार से सांठ गांठ कर नदियों का जमकर शोषण किये जाने का आरोप भी लगाया है। 

मंत्री ने आरोपों को बताया निराधार 

महारानी पन्ना जीतेश्वरी देवी के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिन जमीनों के विषय में कहा जा रहा है, वह जमीनें हमने दूसरों से खरीदी हैं। अगर यह जमीनें रक्षा संपदा विभाग की होतीं तो उनकी रजिस्ट्री कैसे होती। यह कानूनी विषय है जिस पर किसी के कहने से कोई प्रभाव नहीं पड़ता। हमने कहीं कोई अवैध कब्जा नहीं किया है। जानकारी छिपाये जाने के आरोप पर आपने कहा कि मेरे द्धारा कोई तथ्य नहीं छिपाया गया है। मैंने नामांकन पत्र में सभी जानकारी दी है। मेरे ऊपर लगाये गये आरोप निराधार हैं।  

00000 


No comments:

Post a Comment