Friday, October 1, 2021

जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय पन्ना में लोकायुक्त का छापा

  •  1 लाख 40 हजार रु. रिश्वत के साथ आपूर्ति अधिकारी व लिपिक गिरफ्तार 
  •  पेट्रोल पम्प की एनओसी के लिए ध्रुव सिंह लोधी से मांगी गई थी रिश्वत 

कार्यवाही करते हुए लोकायुक्त पुलिस तथा कुर्सी में चिंतित बैठे जिला आपूर्ति अधिकारी। 

।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में लोकायुक्त सागर पुलिस की टीम ने आज अपराह्न लगभग 12:15  बजे जिला आपूर्ति कार्यालय में छापा मारकर जिला आपूर्ति अधिकारी सहित लिपिक को 1 लाख 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। संयुक्त कलेक्ट्रेट स्थित इस कार्यालय में छापा पडऩे से हड़कंप मचा हुआ है। नवीन कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त पुलिस की अब तक की यह सबसे बड़ी कार्यवाही है, जिसमें रिश्वत की इतनी बड़ी राशि रंगे हाँथ पकड़ी गई है।  

लोकायुक्त पुलिस सागर के डीएसपी राजेश खेड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता ध्रुव सिंह लोधी से पेट्रोल पंप की एनओसी के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। श्री लोधी ने रिश्वत की पहली किस्त 1 लाख 80 हजार रुपये दो माह पूर्व दी थी तथा दूसरी किस्त 1 लाख 40 हजार रुपये आज जब दी, उसी समय जिला आपूर्ति अधिकारी आर.के. श्रीवास्तव व लिपिक महेश गंगेले को रंगे हाथ पकड़ा गया। आपूर्ति अधिकारी के पास से एक लाख 25 हजार तथा लिपिक के पास 15000 रुपये बरामद हुए हैं। डीएसपी श्री खेडे ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। यह छापामार कार्यवाही डीएसपी राजेश खेड़े के नेतृत्व में लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने की है। 

मामले के संबंध में शिकायतकर्ता ध्रुव सिंह लोधी पिता उत्तम लोधी 48 वर्ष निवासी हरदुआ खमरिया ने बताया कि पेट्रोल पंप लगाने के लिए एनओसी प्रदान करने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी ने 5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। पूर्व में उनके द्वारा पहली किस्त 1 लाख 80 हजार रुपये दी जा चुकी है, जिसमें आपूर्ति अधिकारी को डेढ़ लाख रुपए व लिपिक को 30 हजार रुपये दिए थे। इतनी राशि देने पर भी उन्होंने काम नहीं किया पूरे 5 लाख रुपये मांग रहे थे। इसकी शिकायत मेरे द्वारा गत 27 सितंबर को लोकायुक्त पुलिस से की गई। फल स्वरुप तहकीकात के बाद मामला सही पाए जाने पर लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने आज जिला आपूर्ति अधिकारी व  लिपिक दोनों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाँथ गिरफ्तार किया गया। 

भ्रष्टाचार पर नहीं लग पा रहा अंकुश 

भ्रष्टाचार अब पन्ना जिले में एक ऐसी लाइलाज बीमारी बन चुकी है, जिसका कोई इलाज नजर नहीं आ रहा। जिधर भी देखो हर तरफ भ्रष्टाचार की कहानियां सुनने और देखने को मिलती हैं। जनकल्याण व विकास की योजनाओं को भी भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे अधिकारी घुन की तरह चट कर रहे हैं। यही वजह है कि यहाँ विकास की बातें तो होती हैं लेकिन जमीन पर कहीं विकास दिखाई नहीं देता। आलम यह है कि इस लाइलाज बीमारी से कोई भी विभाग अछूता नहीं है। 

लोकायुक्त सागर के डीएसपी राजेश खेड़े जानकारी देते हुए -



00000

No comments:

Post a Comment