Thursday, September 30, 2021

फसलों में कीटनाशकों के उपयोग से बाधित होती है भोजन श्रंखला

  • आधुनिक खेती के नाम पर कीटनाशकों का अंधाधुंध प्रयोग न सिर्फ घातक है अपितु इससे भोजन श्रंखला की प्राकृतिक व्यवस्था बाधित होती है, जिससे संतुलन बिगड़ता है। सह-अस्तित्व की अहमियत को समझते हुए जैविक खेती को अपनाना आज की जरूरत है।

देशी किस्म के अनाजों की पारम्परिक खेती के बारे में जानकारी देते हुए पद्मश्री बाबूलाल दाहिया। 

।। अरुण सिंह ।।

पन्ना । खेत में लगे कीटों से परेशान मत होइये, वे तो मकड़ी के बच्चों के लिए प्रकृति का भेजा उपहार हैं। जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा जैव विविधता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कृषक बाबूलाल दहिया ने चर्चा के दौरान बताया कि फसलों में कीटनाशकों का अंधाधुंध उपयोग घातक है। इससे प्रकृति की भोजन श्रंखला तो बाधित होती ही है, मनुष्य के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है।

श्री दहिया बताते हैं कि पृथ्वी में न जाने कितने प्रकार की वनस्पतियां, पेड़-पौधे, जीव-जंतु और पक्षी हैं। यह पृथ्वी इन सबका घर है, इसमें मानव भी शामिल है। लेकिन इस जीवंत और हरी-भरी पृथ्वी को मानव ने इतने गहरे जख्म दिए हैं कि प्रकृति का पूरा संतुलन ही डांवाडोल हो गया है। हमने अपनी महत्वाकांक्षा और निहित स्वार्थों की पूर्ति हेतु बड़ी बेरहमी के साथ धरती की हरियाली तथा प्राकृतिक चक्र को तहस-नहस किया है। नतीजतन न जाने कितने जीव-जंतु बेघर होकर विलुप्त हो चुके हैं। इस नासमझी पूर्ण बर्ताव का खामियाजा अब हमें ही भोगना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अब कम से कम हम समझदारी दिखाएं और प्रकृति व पर्यावरण से खिलवाड़ बंद करें। हमें सह- अस्तित्व की अहमियत को समझना होगा।

धान के खेत में लगे मकड़ी के जालों का द्रश्य। 

सह-अस्तित्व की भावना और समझ कितना जरूरी है इसे समझाने के लिए श्री दहिया ने एक वाकया का जिक्र करते हुए बताया कि 22-23 सितंबर के आसपास मैंने देखा कि हमारे धान के खेत में हरे रंग और लंबे मुंह का एक कीट लग गया था। हमारे खेत से ही होकर गांव वालों के लिए मैदान की ओर जाने का रास्ता था। इसलिए फसल में लगे कीड़ों को देखकर लोगों ने कहा कि "दहिया जी इसमें कीटनाशक डालिए नहीं तो आपकी सारी धान यह गंधी मक्खी खा लेगी?" मैं उनका मान रखने के लिए हां कह दिया और दूसरे दिन भोपाल चला गया। जब वहां से लौटकर आया तो देखा कि सारे खेत में मकडय़िों ने जाल बुन रखा है, जिनमें उनके सैकड़ों बच्चे थे। मां के द्वारा बुने गए उस जाल में फंसे कीटों को बच्चे मजे से खा रहे थे। बाद में वे उतने ही बचे जितने प्रकृति को चाहिए थे।

सितंबर का महीना मकड़ियों का प्रजनन काल

बाबूलाल दहिया आगे बताते हैं कि जैसे ही सितंबर की 20 तारीख आती है, मकड़ी खेतों में खड़ी फसल व घरों में हर जगह अपना जाल फैलाने लगती है। उसका जाल बुनना जहां वर्षा ऋतु की समाप्ति का संकेतक है वहीं उनके प्रजनन का भी समय है। अपने बुने इसी जाल में एक-एक मकड़ी सैकड़ों अण्डे देती है, जिनसे बच्चे निकलते हैं। मकड़ी के ये बच्चे क्या फसल को चट करेंगे? श्री दहिया ने सवाल किया और फिर खुद ही जवाब देते हैं। वे बताते हैं नहीं, क्योंकि मकड़ी शाकाहारी नहीं अपितु मांसाहारी कीट है। वह अपनी वंश वृद्धि के लिए वही काम करना चाह रही है जो दायित्व उसे प्रकृति ने सौंपा है यानी मच्छर व मक्खियों का खात्मा।

जाल में नजर आ रहा मकड़ी का बच्चा कीटों का भक्षण करते हुए।

आप बताते हैं कि बरसात में अनुकूल वातावरण मिलने पर मक्खी व मच्छरों की तादाद बढ़ जाती है। यह मक्खी और मच्छर दूसरे जंतुओं के लिए सिरदर्द बन जाते हैं। वे आगे बताते हैं कि सितंबर का अंतिम सप्ताह मकड़ियों के लिए अनुकूल होता है। मकड़ी के एक-एक जाल में सैकड़ों की संख्या में पैदा हुए छोटे बच्चे बड़े होने तक क्या खाएंगे? इन्हीं बच्चों के लिए फसलों में लगने वाले कीट प्रकृति के भेजे हुए उपहार हैं। जिन्हें मकड़ी के बच्चे चट कर देते हैं। लेकिन अफसोस है कि प्रकृति की इस भोजन श्रृंखला को हम समझ ही नहीं पाते?

मोटे अनाजों की उपेक्षा का परिणाम है कुपोषण

पन्ना जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्र कल्दा पठार से लगे सतना जिले के पिथौराबाद गाँव के निवासी पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित बाबूलाल दहिया धान की देसी किस्मों तथा मोटे अनाजों के बीज को संरक्षित करने का भी अतुलनीय कार्य किया है। वे बताते हैं कि मोटे अनाजों की उपेक्षा का ही परिणाम आज कुपोषण, डायबिटीज व रक्तचाप जैसी बीमारियों के रूप में दिखने लगा है। श्री दहिया ने परंपरागत देसी धान की विसरा दी गई किस्मों को बड़े जतन के साथ सहेजने और संरक्षित करने का काम किया है। वहीं सावा, काकुन, कुटकी, कोदो, ज्वार, बाजरा और मक्का जैसे मोटे अनाज अपने खेत में उगाकर खेती के परंपरागत ज्ञान की अलख जगाए हुए हैं।

वे बताते हैं कि हरित क्रांति आने के साथ ही किसानों का रुझान उन्नत किस्म के बीजों, रासायनिक खाद व सिंचाई की ओर बढ़ा। इसके साथ ही कीटनाशकों व  नीदानाशक का उपयोग भी बड़े पैमाने पर होने लगा। जिसके दुष्प्रभाव से प्रकृति के मित्र कीट भी खत्म होने लगे और भोजन श्रंखला बाधित हुई। इस तरह से कीटनाशकों का उपयोग और बढ़ता चला गया। पहले हमारे भोजन में स्वाभाविक रूप से 10-12 अनाजों की बहुलता थी लेकिन अब हमारा भोजन हरित क्रांति आने के बाद मात्र तीन अनाजों में ही सिमट गया है।

00000

No comments:

Post a Comment