Monday, June 29, 2026

पन्ना में चमकी आदिवासी परिवार की किस्मत,11.19 कैरेट का मिला हीरा

 



पन्ना। देश और दुनियां में बेशकीमती हीरों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आज एक आदिवासी परिवार की किस्मत चमक गई है। अहिरगवां की निजी हीरा खदान से आदिवासी युवक राकेश गोंड को 11.19 कैरेट वजन वाला बेशकीमती जेम क्वालिटी का हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 से 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।

 विशेष गौरतलब बात यह है कि इसी परिवार को दो साल पहले जुलाई 2024 में कृष्णा कल्याणपुर स्थित पटी उथली हीरा खदान में 19.22 कैरेट वजन का हीरा मिला था, जो 93 लाख रुपये में नीलाम हुआ था। हीरा धारक राकेश गोंड़ पिता चुनवादा गोंड़ आज अपने परिवार के साथ जिला मुख्यालय में संयुक्त कलेक्ट्रेट स्थित हीरा कार्यालय पहुंचा और हीरे का वजन करवाकर उसे विधिवत हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।  

हीरा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार राकेश गोंड ने अप्रैल माह में निजी भूमि का पट्टा लेकर अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ हीरा खदान लगाई थी। करीब दो महीने की लगातार मेहनत के बाद सोमवार को 11.19 कैरेट वजन का हीरा मिला, जो जेम क्वालिटी का है। आदिवासी परिवार को मिले इस  हीरे को आगामी शासकीय नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी में हीरा बिकने पर शासन की रायल्टी काटने के बाद शेष राशि हीरा धारक को प्रदान की जाएगी।

00000  

Thursday, June 25, 2026

अभेद्य डिजिटल सुरक्षा चक्र में बदला पन्ना जिले का बृजपुर थाना क्षेत्र

  • पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के कुशल निर्देशन में बृजपुर थाना क्षेत्र के 400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का हाईटेक सुरक्षा नेटवर्क तैयार हुआ है। सुरक्षा मॉडल के इस अभिनव पहल से बृजपुर थाना क्षेत्र को स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में नई पहचान प्रदान की है तथा यह थाना ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। 


पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्मार्ट पुलिसिंग’ की दिशा में प्रभावी पहल के तहत बृजपुर थाना क्षेत्र को अभेद्य डिजिटल सुरक्षा चक्र में बदला गया है। पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में 400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का हाईटेक सुरक्षा नेटवर्क तैयार हुआ है। इस अभिनव एवं महत्वपूर्ण पहल से बृजपुर थाना क्षेत्र का 400 वर्ग किलोमीटर में फैले ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था आधुनिक तकनीक से सशक्त हुई है।  

पुलिस अधीक्षक पन्ना ने जानकारी देते हुए आज बताया कि थाना क्षेत्र की भौगोलिक एवं सामरिक महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए सीमावर्ती एवं संवेदनशील स्थानों का चिन्हांकन कर जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से कुल 57 हाईटेक कैमरे स्थापित किए गए हैं। यह सुरक्षा तंत्र क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, सीमावर्ती क्षेत्रों एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित कर रहा है।


स्थापित कैमरों में HD क्वालिटी लाइव स्ट्रीमिंग, PTZ एवं 16x ज़ूम, नंबर प्लेट डिटेक्शन सिस्टम (NPR), कलर नाइट विजन, 4G कनेक्टिविटी, सोलर बैकअप तथा 30 दिवस की रिकॉर्डिंग सुविधा जैसी अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध है। नेटवर्क एवं विद्युत बाधाओं को ध्यान में रखते हुए कैमरों को इस प्रकार स्थापित किया गया है कि निगरानी व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित होती रहे।

थाना परिसर में स्थापित आधुनिक कंट्रोल रूम एवं 60 इंच की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सभी कैमरों की 24×7 लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इस तकनीकी पहल से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी, अपराधों की रोकथाम, त्वरित अनुसंधान तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी। पुलिस एवं जनता की सहभागिता से तैयार यह सुरक्षा मॉडल बृजपुर थाना क्षेत्र को स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में नई पहचान प्रदान कर रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।

00000