0 छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी आकर्षक प्रस्तुतियां
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को हर्षाेल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके पहले राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन भी हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात प्रभारी मंत्री श्री परमार ने खुली जिप्सी में कलेक्टर ऊषा परमार एवं पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के साथ परेड का निरीक्षण किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा उन्मुक्त गगन में गुब्बारे छोड़े गए। समारोह में परेड की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा पुलिस बैण्ड की सुमधुर ध्वनि के बीच आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी हुआ। मुख्य अतिथि ने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में परेड के साथ कई स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से पीटी का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं। सशस्त्र और गैर शस्त्र परेड का प्रदर्शन भी हुआ। अतिथियों द्वारा कार्यक्रम के समापन पर पुरस्कारों का वितरण किया गया। शासकीय दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन पर विभिन्न शासकीय विभागों के लोकसेवक भी सम्मानित किए गए।
पुरस्कारों का किया गया वितरण
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम अंतर्गत वरिष्ठ वर्ग में शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय पन्ना को प्रथम एवं शासकीय सांदीपनि मॉडल उ.मा. विद्यालय पन्ना को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ, जबकि कनिष्ठ वर्ग में लिस्यू आनंद सीनियर सेकेण्डरी स्कूल को प्रथम, डायमण्ड पब्लिक स्कूल को द्वितीय और सरस्वती उ.मा. विद्यालय पन्ना को तृतीय स्थान हासिल हुआ। इस क्रम में सशस्त्र बल परेड वर्ग में एसएएफ 10वीं वाहिनी विसबल एवं जिला पुलिस बल को प्रथम, जिला पुलिस बल की पुरूष टुकड़ी को द्वितीय एवं होमगार्ड की टुकड़ी को तृतीय स्थान मिला। इसी तरह सीनियर प्लाटून निःशस्त्र वर्ग में वन विभाग उत्तर वन मंडल की टुकड़ी को प्रथम, छत्रसाल महाविद्यालय पन्ना की एनसीसी सीनियर टुकड़ी को द्वितीय और एनएसएस टुकड़ी को तृतीय स्थान हासिल हुआ। निःशस्त्र वर्ग में जूनियर प्लाटून अंतर्गत एनसीसी जूनियर विंग को प्रथम स्थान, स्काउट दल को द्वितीय और मनहर विद्यालय के गाइड दल को तृतीय स्थान हासिल हुआ।
कार्यक्रम में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक गुनौर डॉ. राजेश वर्मा, जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासकीय सेवक, गणमान्य नागरिक और पत्रकारगण भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रमोद अवस्थी एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक डॉ. कल्पना शर्मा द्वारा किया गया। जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से कार्यक्रम में पहली बार पन्ना जिले की विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
लाइव टेलीकास्ट के जरिए सुना मुख्यमंत्री जी का संदेश
शासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री जी के संदेश का लाइव टेलीकास्ट दिखाया गया। उपस्थितजनों ने प्रदेश की जनता के नाम संबोधित मुख्यमंत्री जी के संदेश को लाइव देखा एवं सुना। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं प्रभारी मंत्री द्वारा जिलेवासियों को स्वत्रतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देकर संक्षिप्त संदेश का वाचन भी किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि हम विकसित जिले की संकल्पना के साथ आगे बढ़ रहे हैं और निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हैं।
रक्सेहा में बच्चों के साथ किया विशेष भोज
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं विधायक डॉ. राजेश वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारियों के साथ शासकीय पीएम श्री उ.मा. विद्यालय रक्सेहा में बच्चों के साथ विशेष भोज किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया गया। सांसद एवं प्रभारी मंत्री द्वारा छात्रावास में निवासरत बालिकाओं से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की तथा कमियों को दूर कराने के संबंध में छात्रावास अधीक्षिका एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। छात्राओं से शैक्षणिक एवं पाठ्येत्तर गतिविधियों की जानकारी ली और कक्षा 12वीं के उपरांत भी निरंतर बेहतर उच्च शिक्षा प्राप्त कर कैरियर निर्माण एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
00000

No comments:
Post a Comment