पन्ना। जंगल किसी की जागीर नहीं अपितु प्रकृति की साझी विरासत हैं, इनको सुरक्षित और संरक्षित रखना सबकी जिम्मेदारी है। जब हम अपने इस दायित्व से विमुख होते हैं, तो त्रासदी का आगाज होता है और तब जंगल का वैभव तिरोहित होने लगता है। बाघ किसी भी जंगल की शान और वैभव होता है, उसकी मौजूदगी से जंगल रहस्य, रोमांच और आकर्षक से परिपूर्ण होकर जीवंत हो उठता है।
बुंदेलखंड क्षेत्र के पन्ना टाइगर रिजर्व का जंगल आदिकाल से बाघों का घर रहा है। लेकिन लालच में अंधे होकर हमने जीवन के स्रोत जंगल को ही कथित रूप से विकास में बाधक मानकर उसे उजड़ने दिया। नतीजतन पन्ना का जंगल वैभव शून्य हो गया, यहां के सभी बाघ गायब हो गये। उस समय पन्ना का जंगल 'शोक गीत' में तब्दील हो गया। पन्ना से बाघों के गायब होने की चर्चा जब स्थानीय स्तर से लेकर देश व दुनिया भर में होने लगी, तब वर्ष 2009 में बाघ विहीन हो चुके पन्ना टाइगर रिजर्व को फिर से आबाद करने के लिए पन्ना बाघ पुनर्स्थापना योजना शुरू हुई।
"यह जिसका जंगल है" बाघों के उजड़ने और फिर से आबाद होने की सच्ची कहानी तथा घटनाक्रमों पर आधारित पुस्तक है, जिसमें उन सभी किरदारों को जीवंत किया गया है जिनकी इस कामयाब अभियान में सक्रिय भागीदारी रही है। इस उपन्यास नुमा कृति में बाघ पुनर्स्थापना अभियान के प्रमुख शिल्पी रहे तत्कालीन क्षेत्र संचालक आर. श्रीनिवास मूर्ति केंद्रीय भूमिका में हैं। पुस्तक की लेखिका सोनल जी ने त्रासदी से लेकर पुनर्स्थापना और साकार हुए सपने की गौरव गाथा को बहुत ही खूबसूरती से उकेरा है। जिन लोगों ने उस दौर को देखा और महसूस किया है, वे लोग जब इस किताब को पढ़ेंगे तो चलचित्र की भांति पुरानी स्मृतियां जीवंत हो उठेंगी।
![]() |
| पन्ना टाइगर रिज़र्व के संस्थापक बाघ, जिन्होंने पन्ना को फिर से आबाद किया . |
यह पुस्तक पन्ना की नई पीढ़ी के साथ-साथ प्रकृति व वन्यजीवों से प्रेम करने वाले सभी पाठकों को उन कठिन हालातों व परिस्थितियों से रूबरू कराएगी, जिनसे जूझते हुए श्री मूर्ति की टीम ने यह कामयाबी हासिल की, जिस पर निश्चित ही गर्व किया जा सकता है। यह पुस्तक बताती है कि यदि दृढ़ इच्छाशक्ति, जुनून और जज्बा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा टीम वर्क की भावना व समर्पित प्रयास हो तो उजड़ चुकी प्राकृतिक विरासत को नई जिंदगी दी जा सकती है।
पुस्तक कामयाबी की गौरव गाथा को पूरे उल्लास के साथ जहां प्रकट करती है, वहीं आने वाले संकट से सतर्क भी करती है। वह संकट है, केन-बेतवा लिंक परियोजना जिसके कारण पन्ना टाइगर रिजर्व का एक बड़ा हिस्सा डूबने वाला है। सरकार कहती है कि हम जंगल के लिए कहीं और जमीन दे रहे हैं, अब आप ही बताएं क्या किसी जंगल को उठाकर दूसरी जगह ले जाया जा सकता है ?
कल्पना करो - पन्ना टाइगर रिजर्व के डूब में आने वाले उस जंगल की जहां दूर-दूर तक अथाह पानी भर गया हो, पहाड़ और पठार आंखों से ओझल हो गए हों तथा उन गुफाओं में भी पानी भर गया हो जहां कभी बाघों के बच्चे कुनमुनाते और अठखेलियाँ करते थे।लेकिन अब शायद यह हकीकत बनने जा रहा है। तो क्या इसे टाला नहीं जा सकता ? अगर यही करना था तो फिर पन्ना को आबाद क्यों किया गया ? अब यह पन्ना वासियों को ही सोचना है कि हम अपनी विरासत को सहेज कर रखते हैं या फिर उजड़ने देते हैं।
00000


No comments:
Post a Comment