पन्ना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पन्ना प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड ग्राउण्ड पन्ना में आयोजित शासकीय कार्यक्रम में 204.26 करोड़ रूपए लागत राशि के 22 विकास कार्यों की सौगात प्रदान करेंगे। इनमें 94.63 करोड़ के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 109.63 करोड़ के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा शासकीय सांदीपनि उ.मा. विद्यालय गुनौर एवं पवई तथा शासकीय महाविद्यालय पवई के नवीन भवन निर्माण का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बृजपुर एवं सुहावा बैराज योजना सहित बृहस्पति कुंड के साैंदर्यीकरण एवं ग्लास फ्लोर व व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इस क्रम में मुख्यमंत्री चार मार्गों क्रमशः टांईं पहुंच मार्ग, मकरंदगंज-हरद्वाही-गुनौर, मड़वा से बंधा एवं सप्तैया-झरकुआं-पगरा-बम्हौरी मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। डायमंड म्यूजियम, संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन पन्ना सहित छत्रसाल पीजी कॉलेज पन्ना के विज्ञान भवन रेनोवशन, उन्नयन एवं नवीन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। मुख्यमंत्री गीता पेट्रोल पम्प से पोस्ट ऑफिस तिराहा तक रोड, डिवाईडर निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों और स्वच्छ भारत मिशन शहरी अंतर्गत जल प्रबंधन कार्य का भी भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पवई के 370 वर्गमीटर निर्माण कार्य, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में कर्मशाला एवं नवीन भवन निर्माण, शासकीय उ.मा. विद्यालय उत्कृष्ट पवई में 100-100 सीटर बालक व बालिका छात्रावास निर्माण, शासकीय हाईस्कूल रक्सेहा एवं भापतपुर कुर्मियान के हायर सेकेण्डरी में उन्नयन निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी शामिल है।
कमिश्नर एवं आईजी ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर देखी व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 जुलाई को पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जिला मुख्यालय पन्ना में होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित शासकीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर हितलाभ वितरण भी करेंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के पन्ना प्रवास के दृष्टिगत आज कमिश्नर अनिल सुचारी एवं पुलिस महानिरीक्षक मिथलेश शुक्ला ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने तथा जरूरी तैयारियों के संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री सुचारी ने कार्यक्रम स्थल सहित हेलीपैड और अन्य प्रस्तावित स्थलों के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान बैठक व्यवस्था, विभागीय प्रदर्शनी, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी व्यक्तियों और आम जनता के कार्यक्रम स्थल पर आगमन और निकास व्यवस्था सहित कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में पूछा। साथ ही सभी अधिकारी-कर्मचारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से गंभीरतापूर्वक सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन के लिए निर्देशित किया। आईजी ने रूट चार्ट, परिवहन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में महत्वपूर्ण निर्देश दिए और विभिन्न सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की। इसके पहले कलेक्टर ऊषा परमार द्वारा भी अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया।
00000


No comments:
Post a Comment