Monday, December 16, 2019

पुलिस परेड ग्राउण्ड में समारोहपूर्वक मनाया गया विजय दिवस

  •  शहीदों के परिजनों का शाल श्रीफल से किया गया सम्मान
  •   स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी रंगारंग प्रस्तुति



अरुण सिंह,पन्ना। जिला मुख्यालय पन्ना में विजय दिवस स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर कर्मवीर शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर ध्वज को सलामी एवं राष्ट्र गान की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के विजय दिवस संदेश का वाचन किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा राष्ट्रीय गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थितों को विजय दिवस की हार्दिक शुभकामनायें दी। उन्होंने संदेश वाचन करते हुये कहा कि विजय दिवस भारतीय इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठ के स्मरण का दिवस है। इसी दिन 16 दिसम्बर को 48 वर्ष पूर्व भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान द्वारा भारत पर थोपे गये युद्ध में निर्णायक विजय प्राप्त की थी। इस युद्ध के शहीद जवानों को हम सभी श्रद्धापूर्वक सलाम करते हैं। सन् 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध एक सैन्य संघर्ष था। यह 3 दिसम्बर को शुरू हुआ और 16 दिसम्बर को ढाका में पाक सेना के समर्पण के साथ समाप्त हो गया। पाकिस्तानी सेना बुरी तरह से परास्त हुई। हताश पाकिस्तानी सेना समर्पण के लिये मजबूर हुई। इसी के साथ पूर्वी पाकिस्तान एक नये देश बंगला देश के रूप में विश्व मानचित्र पर स्थापित हुआ। इस युद्ध में पाकिस्तान के 93 हजार सैनिकों को आत्म समर्पण करना पड़ा था। संदेश वाचन के उपरान्त 1971 के सैनिकों एवं शहीदों के परिवारजनों का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। इनमें गोपाल शर्मा, स्वरूपदास शर्मा, राजाराम जडिय़ा धाम मोहल्ला पन्ना, काजी सैयद चमन अली एवं श्रीमती गीता देवी यादव आगरा मोहल्ला पन्ना, नोने ङ्क्षसह चौहान, श्रीमती लल्ला बाई, श्रीमती गोरी बाई, श्रीमती केशर बाई ग्राम बराछ शामिल थे।


इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय कस्तूरबागांधी छात्रावास की बच्चियों द्वारा यह देश है वीर जवानों राष्ट्र भक्ति गीत पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति की गई। इसी प्रकार शासकीय उत्कृष्ट आरपी स्कूल के छात्रों ने प्रभावपूर्ण राष्ट्र भक्ति का गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष रविराज ङ्क्षसह यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बालागुरू के., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी.के.एस. परिहार, नगरपालिका अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक, जनप्रतिनिधिगण, जिला अधिकारी, पत्रकारगण, कर्मचारीगण, छात्र-छात्रायें एवं आमजन उपस्थित रहे।

विजय दिवस प्रदर्शनी रही आकर्षण का केन्द्र

 विजय दिवस के मुख्य आयोजन स्थल स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में जिला जनसम्पर्क कार्यालय पन्ना द्वारा चित्र प्रदर्शनी एवं 1971 भारत-पाकिस्तान युद्ध से संबंधित फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शनी में भारतीय सैनिकों का ढाका में प्रवेश पाकिस्तानी सेना का आत्म समर्पण, बंगला देश निर्माण पर हर्ष मनाते लोग, तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी, भारतीय सेना अधिकारियों बातचीत आदि चित्रों का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शनी का जिला अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्कूली बच्चों द्वारा अवलोकन किया गया। जहां एक ओर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने चित्र प्रदर्शनी की सराहना की वहीं स्कूली बच्चों द्वारा प्रदर्शित फिल्म को सराहा।
00000

No comments:

Post a Comment