Tuesday, September 7, 2021

पन्ना में बाघिन पी-234 ने दिया तीन शावकों को जन्म

  •   नन्हे मेहमानों के आने से पन्ना टाईगर रिजर्व में खुशी का माहौल
  •   अब पन्ना टाईगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़कर पहुंची 70 के पार 

अपने नन्हे शावकों के साथ कैमरा ट्रेप में नजर आती बाघिन पी-234



।। अरुण सिंह ।।   

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से आज फिर एक खुशखबरी मिली है। यहां बाघिन पी- 234 ने अपने चौथे लीटर में तीन शावकों को जन्म दिया है। कैमरा ट्रैप में बाघिन सहित दो शावकों की फोटो कैद हुई है। नये मेहमानों के आने से पन्ना टाईगर रिजर्व में खुशी का माहौल है। इसके पूर्व बाघिन पी-234 ने अपने तीसरे लिटर में भी बीते साल जनवरी 2020 में तीन शावकों को जन्म दिया था। 

क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व उत्तम कुमार शर्मा ने शावकों के जन्म की पुष्टि करते हुए बताया कि शावक तकरीबन 3 माह के हो चुके हैं, जो पूर्णरूपेण स्वस्थ हैं। खुशी का इजहार करते हुए श्री शर्मा ने बताया कि पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों का कुनबा तेजी से बढ़ रहा है। पन्ना के बाघ अब पूरे लैंडस्केप में फैल रहे हैं। आपने कहा कि मध्य भारत के पन्ना लैंडस्केप में बाघों के स्थापित होने में पन्ना टाइगर रिजर्व की विशेष भूमिका रही है। मौजूदा समय नई बाघिनों के द्वारा शावकों को जन्म दिया जाने में बेहतर प्रबंधन, सतत मॉनिटरिंग तथा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

गौरतलब है कि पन्ना टाइगर रिजर्व के अकोला बफर क्षेत्र को बाघिन पी-234 के कुनबे ने ही आबाद किया है। पन्ना टाइगर रिजर्व की संस्थापक बाघिन टी-2 जिसे मार्च 2009 में कान्हा से पन्ना लाया गया था, इसी बाघिन की बेटी पी-234 है। जिसने चौथी बार शावकों को जन्म देकर पन्ना टाइगर रिजर्व के जंगल को गुलजार किया है।

00000


No comments:

Post a Comment