Monday, February 2, 2026

गड़ा धन निकालने का लालच देकर 6 लाख 81 हजार रुपए की ठगी करने वाले 03 शातिर आरोपी गिरफ्तार

  • पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र व गुप्त दान के नाम पर रची गई थी ठगी की साजिश, आरोपियो के कब्जे से ठगी गई राशि 5 लाख 50 हजार रूपये नगद, 01 अर्टिगा कार एवं 04 मोबाइल सहित कुल मशरूका कीमती करीब 18 लाख 75 रूपये का जप्त


पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में गड़ा धन निकालने का लालच देकर 6 लाख 81 हजार रूपये की धोखाधड़ी करने वाले 03 शातिर आरोपियों  को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र व गुप्त दान के नाम पर ठगी की साजिश रची गई थी। उनके कब्जे से ठगी गई राशि 5 लाख 50 हजार रूपये नगद, 01 अर्टिगा कार एवं 04 मोबाइल सहित कुल मशरूका कीमती करीब 18 लाख 75 रूपये का जप्त किया गया है। 

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू ने आज आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि मामले में फरियादी आनंद सिंह घोषी पिता शिव सिंह घोषी 26 वर्ष निवासी ग्राम सकरिया थाना देवेन्द्रनगर, जिला पन्ना द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि तीन व्यक्तियों ने झारखंडन माता मंदिर क्षेत्र में गड़ा धन (सोना) होने का झाँसा देकर पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र एवं गुप्त दान के नाम पर डराया कि पूजा नहीं कराने पर अनहोनी हो सकती है। उक्त व्यक्तियो द्वारा अंधविश्वास का लाभ उठाकर फरियादी व उसके साथियों को विभिन्न चरणों में मैहर एवं अजमेर (राजस्थान) ले जाकर पूजा, गुप्त दान एवं अन्य खर्चों के नाम पर धोखाधड़ी कर कुल 6 लाख 81 हजार रुपये ले लिये गये। विगत 29-30 जनवरी 2026 को तीनो व्यक्तियों द्वारा अजमेर शरीफ दरगाह एवं पुष्कर ले जाकर गुप्त दान कराने का नाटक किया गया तथा बाद में झारखंडन रोड पर गड़ा धन निकालने के बहाने फरियादी एवं उसके साथियों को धोखे में रखकर मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्रनगर में अपराध क्रमांक 51/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पन्ना एस.पी. सिंह बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उप निरीक्षक संतोष यादव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों का पता लगाने हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।  मुखबिर सूचना के आधार पर 01 फरवरी को तीनों संदेहियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूँछताछ की गई । कड़ाई से पूँछताछ करने पर आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में नसीम खान 60 साल निवासी इमाम चौक मैहर, गफ्फार खान 46 वर्ष निवासी बेरमा थाना कोतवाली मैहर तथा राहुल कुशवाहा 26 वर्ष निवासी जीतनगर बरही मैहर हैं।  पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा उपरोक्त पुलिस टीम को पुरुस्कृत किये जाने की घोषणा की गई है।

00000 

No comments:

Post a Comment