Monday, August 3, 2026

लम्बे जाम के कारण मड़ला घाटी क्षेत्र में भारी वाहनों पर प्रतिबंध

  •  जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किया प्रतिबंधात्मक आदेश, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई


पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में स्थित मड़ला घाटी राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) पर पन्ना टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आती है। यह खूबसूरत और वनों से आच्छादित घाटी अब आये दिन लगने वाले लम्बे जाम के चलते यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन चुकी है। इस घाटी पर अक्सर बाघों और अन्य वन्यजीवों के दीदार यहाँ से गुजरने वाले लोगों को हो जाते हैं जिससे यह चर्चा में रहती है। लेकिन यहाँ लगने वाले जाम के कारण लोग अब इस बेहद महत्वपूर्ण मार्ग से कतराने लगे हैं। 

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ऊषा परमार द्वारा मड़ला घाटी क्षेत्र में वाहनों को लापरवाहीपूर्वक खड़ा कर देने एवं अन्य कारणों से लंबे जाम की स्थिति निर्मित होने की समस्या के निराकरण के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया है। पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर जारी आदेश आगामी दो माह के लिए प्रभावशील रहेगा। आदेश में उल्लेखित शर्तों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन स्वामी, ट्रांसपोर्टर एवं वाहन चालक के विरूद्ध बीएनएसएस की धारा 223 के तहत कार्यवाही की जाएगी।

3 अगस्त 2026 से प्रभावशील आदेश में उल्लेखित है कि कानून व्यवस्था के दृष्टिगत अब मड़ला घाटी क्षेत्र में कोई भी भारी वाहन अन्य भारी वाहनों को ओवरटेक नहीं करेंगे। घाटी क्षेत्र में ओवरलोडिंग भारी वाहन पर पूर्णतः प्रतिबंध के साथ ही वाहन स्वामी एवं वाहन चालक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन भी नहीं किया जाएगा। वाहन चालक को पर्याप्त ईंधन एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे व्हील, जैक, टूल किट आदि साथ रखना अनिवार्य होगा। 

घाटी क्षेत्र में वाहन खराब होने अथवा दुर्घटना की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामी एवं चालक द्वारा तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दी जाएगी। साथ ही क्रेन एवं मैकेनिक की भी तत्काल व्यवस्था करना अनिवार्य रहेगा। पुलिस अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया था कि प्रायः जाम के कारण आमजन को गंभीर असुविधा होती है तथा एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों का आवागमन भी प्रभावित होता है।

सड़क मरम्मत के निर्देश

जिला मजिस्ट्रेट द्वारा गत 29 जुलाई को कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग सागर को पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39, बमीठा-सतना मार्ग के वन क्षेत्र मड़ला घाटी में सड़क एवं शोल्डर मरम्मत कार्य के निर्देश भी जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा मड़ला घाटी क्षेत्र में भारी और अन्य वाहनों की आवाजाही के दौरान कई बार विभिन्न स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने से लंबे जाम लगने की स्थित निर्मित होने के बारे में अवगत कराया गया था।

00000 

No comments:

Post a Comment