Tuesday, September 1, 2026

पन्ना में श्रीकृष्ण पर्व : इतिहास, आस्था और कला के रंगों में रंगेगा बुंदेलखंड, संस्कृति विभाग द्वारा होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम


पन्ना। जन आस्था के केन्द्र मध्यप्रदेश के पन्ना स्थित श्री जुगुल कशोर मन्दिर में कृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। पन्ना केवल हीरों की धरती नहीं, यह भक्ति, संस्कृति और परंपराओं की भी ऐसी धरती है जहाँ भगवान श्रीकृष्ण की कथा मंदिरों की घंटियों, लोकगीतों और जन-आस्था में आज भी जीवंत सुनाई देती है। इसी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, पन्ना के सहयोग से श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन पन्ना के दो विशिष्ट श्रीकृष्ण स्थलों श्री जुगल किशोर मंदिर एवं श्री बलदेवजी मंदिर में किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि कृष्ण भक्तों के लिये बुन्देलखण्ड क्षेत्र के पन्ना में स्थित श्री जुगुल किशोरजी का मंदिर वृन्दावन से कम नहीं है। यह अनूठा मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है। मंदिर में विराजे राधा कृष्ण की जोड़ी के अलौकिक दर्शनों के लिये प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। कहा जाता है कि सदियों पुराने इस भव्य मंदिर में जब भगवान श्री कृष्ण की अलौकिक प्रतिमा प्रतिष्ठित कराई गई थी उस समय श्री कृष्ण की मुरलिया में बेशकीमती हीरे जड़े गये थे। इसको लेकर बुन्देलखण्ड क्षेत्र में यह भजन हर किसी की जुबान में रहता है कि पन्ना के जुगुल किशोर मुरलिया में हीरा जड़े हैं। पन्ना के इस प्राचीन और जन आस्था के केन्द्र जुगुल किशोरजी मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और अनूठे अंदाज में मनाया जाता है। इस वर्ष भी जन्माष्टमी पर्व मनाने के लिये जोर शोर के साथ तैयारियां चल रही हैं। 

संचालक, संस्कृति एन.पी. नामदेव ने बताया कि श्री जुगल किशोर मंदिर में यह कार्यक्रम 3 एवं 4 सितम्बर, 2026 को एवं श्री बलदेव जी मंदिर में 2 सितम्बर को आयोजित किया जा रहा है। दोनों ही स्थलों पर कार्यक्रम सायं 7 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उन्होंने बताया कि दो मंदिर, दो अलग स्थापत्य संसार, दो अलग ऐतिहासिक यात्राएँ, लेकिन भाव एक ही - श्रीकृष्ण के प्रति अटूट प्रेम और बुंदेलखंड की जीवंत सांस्कृतिक चेतना।

प्राचीन श्री जुगल किशोर मंदिर में दो दिवसीय श्रीकृष्ण पर्व के अंतर्गत 3 सितम्बर को ‘कृष्ण रास’ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति रंग त्रिवेणी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति, भोपाल एवं भक्ति गायन सुश्री अंकिता कैलासिया एवं साथी, ग्वालियर द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। 4 सितंबर को श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति सुश्री जान्हवी सिंह एवं साथी, रीवा एवं भक्ति गायन सुश्री दामिनी पठारिया, नर्मदापुरम प्रस्तुत करेंगी। जबकि  2 सितंबर को सायं 7 बजे से श्री बलदेवजी मंदिर परिसर, पन्ना में श्रीकृष्ण पर्व का शुभारंभ होगा। यहां बलदेव-श्रीकृष्ण प्रसंग नृत्य नाटिका की प्रस्तुति सुश्री मिली वर्मा एवं साथी, भोपाल द्वारा एवं भक्ति गायन की प्रस्तुति  विकास सिरमोलिया एवं साथी, भोपाल द्वारा दी जाएगी। 

00000 


No comments:

Post a Comment