Friday, November 27, 2026

पन्ना के बाघों पर क्या फिर मंडराने लगा खतरा ? फंदे से फंसकर युवा बाघिन की हुई मौत से उठ रहे सवाल !

 

त्तर वन मंडल पन्ना अंतर्गत मनकी बीट के जंगल में इस तरह मिला बाघिन का शव

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के बाघों पर क्या फिर से खतरा मंडराने लगा है ? तार के फंदे में फंसकर एक वयस्क बाघिन की हुई दर्दनाक मौत से इस तरह के सवाल उठ रहे हैं। मालूम हो कि उत्तर वन मंडल पन्ना अंतर्गत मनकी बीट के जंगल में गुरुवार को तार के फंदे में फंसा बाघिन का शव मिला है। यह वन क्षेत्र पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर एरिया से लगा हुआ है। बाघिन की हुई मौत की खबर मिलने के साथ ही वन महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

टेरिटोरियल के जंगल में फंदे से किसी बाघ के मौत होने की यह पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व दिसंबर माह वर्ष 2022 में भी उत्तर वन मंडल अंतर्गत पन्ना रेंज के तिलगवां बीट में एक युवा नर बाघ की मौत हुई थी। इस बाघ का शव तेंदू के पेड़ से लटकते हुए मिला था। यह बाघ भी शिकारियों द्वारा जंगल में लगाए गए फंदे की चपेट में आ गया था, फलस्वरुप उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए वन महकमे ने क्या कदम उठाए हैं, यह महकमे के जिम्मेदार अधिकारी ही बता सकते हैं।

तिलगवां बीट के जंगल में तेंदू के पेड़ से लटका मिला था नर बाघ 

उल्लेखनीय है कि इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के बाद जैसा होता है, वही सब हो रहा है। वन विभाग की टीम कल से जांच पड़ताल में जुटी हुई है। जंगल में सर्चिंग अभियान चलाकर घटना के साक्ष्य व सुराग तलाशे जा रहे हैं। इसमें डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। लेकिन इस पूरी एक्सरसाइज से पन्ना की जो अपूरणीय क्षति हुई है, क्या उसकी भरपाई हो सकेगी ?

एक वयस्क बाघिन की मौत का मतलब आने वाली कई पीढियों का खात्मा होता है। यदि यह बाघिन जंगल में जीवित रहकर विचरण करती तो अपने जीवन काल में बाघों की वंश वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देती। लेकिन वन महकमे की बदइंतजामी, लचर सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही के चलते बाघिन असमय काल कवलित हो गई।

उत्तर वन मंडल पन्ना के डीएफओ धीरेंद्र प्रताप सिंह से आज जब इस संबंध में मोबाइल पर चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि जांच सही दिशा में है तथा पॉजिटिव प्रोग्रेस है। उन्होंने कहा कि आज शाम तक मामले के संबंध में प्रेस नोट जारी किया जाएगा। मृत बाघिन का पोस्टमार्टम भी आज होगा। डीएफओ से जब यह पूछा गया कि मृत बाघिन के शावक हैं या नहीं ? इस सवाल के जवाब में उन्होंने अभिज्ञता जाहिर की और बात खत्म कर दी। लेकिन सवाल यह है कि बाघिन के गले में फंदा कब लगा तथा उसकी मौत कब हुई ? इस दौरान वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों व अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लग पाई ? इस तरह के अनेकों सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं, जिनका जवाब वन अधिकारियों को  देना चाहिए।

मौजूदा समय पन्ना टाइगर रिजर्व में 100 से भी अधिक बाघ बताये जाते हैं, जो टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र सहित बफर क्षेत्र के जंगलों में स्वच्छंद रूप से विचरण कर रहे हैं। अपने लिए नए ठिकाने की तलाश में पन्ना टाइगर रिज़र्व के बाघ कोर व बफर क्षेत्र से बाहर टेरिटोरियल के जंगल में भी विचरण कर रहे हैं जहाँ वे शिकारियों द्वारा फैलाये गए जाल में फंसकर असमय काल कवलित हो जाते हैं।  

मालूम हो कि इसके पूर्व बाघों की इतनी संख्या पन्ना टाइगर रिजर्व में कभी नहीं रही, इस लिहाज से पन्ना टाइगर रिजर्व इस समय शिखर पर है। लेकिन कामयाबी की इस सफलतम कहानी को बनाये रखना वन अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। थोड़ी सी चूक और लापरवाही भी बड़े खतरे की वजह बन सकती है। इसलिए जंगल में मॉनिटरिंग सिस्टम को और बेहतर बनाना समय की जरूरत ही नहीं अनिवार्यता भी है।

00000

No comments:

Post a Comment