Saturday, February 15, 2020

खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा बने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

  •   पन्ना पहुँचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
  •   भगवान श्री जुगल किशोर मन्दिर पहुँचकर टेका माथा


 श्री जुगल किशोर मन्दिर पन्ना में प्रार्थना करते वी.डी. शर्मा।

अरुण सिंह,पन्ना। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष की कमान खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा को सौंपकर यह जता दिया है कि भाजपा घिसे पिटे मोहरों पर दाँव लगाने के बजाय नये, ऊर्जावान और युवा चेहरों को बड़ी जवाबदारी सौंपने में हिचकिचाती नहीं है। शनिवार को जैसे ही सांसद श्री शर्मा के नाम की अधिकृत रूप से घोषणा हुई, समूचे संसदीय क्षेत्र सहित पन्ना जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। मूलत: संगठन से जुड़े श्री शर्मा की छवि निर्दाग और एक जुझारू कार्यकर्ता की है, जिससे यह उम्मीद की जा रही है कि वे संगठन में नई ऊर्जा का संचार कर उसे और मजबूती प्रदान करने में सफल होंगे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर विगत कई महीनों से कयासों और अनुमानों का दौर चल रहा था। इस अहम पद के लिये कई दिग्गजों के नाम चर्चा में थे, लेकिन भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने सारे अनुमानों को झुठलाते हुये जो नाम घोषित किया है, उसने भाजपा के नेताओं सहित कांग्रेसियों को भी चौंका दिया है। इस घोषणा से भाजपा के शीर्ष नेताओं सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी जहां उत्साह का संचार हुआ है वहीं उनकी खुशी साफ जाहिर भी हो रही है। श्री शर्मा अब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे राकेश सिंह की जगह लेकर संगठन की कमान संभालेंगे। मालुम हो कि वी.डी. शर्मा मूलत: म.प्र. के मुरैना जिले के निवासी हैं तथा पिछले लगभग 32 वर्षों से लगातार सक्रिय राजनीति में हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे जुझारू स्वयं सेवक रहे हैं। मौजूदा समय आप भाजपा म.प्र. के महामंत्री थे। माना जा रहा है कि श्री शर्मा के प्रदेश अध्यक्ष बनने से भाजपा प्रदेश में मजबूत होगी। बुन्देलखण्ड व विन्ध्य सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी इनका जमीनी सम्पर्क व प्रभाव है। नये प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि हम प्रदेश के विकास के लिये सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को पार्टी आला कमान ने जिम्मेदारी सौंपी है इसके लिये मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ।

पन्ना में फूटे पटाखे और मिठाईयां बँटी


 नये प्रदेश अध्यक्ष के पन्ना पहुँचने पर पार्टी कार्यकर्ता खुशी मनाते हुये।
पन्ना-खजुराहो संसदीय क्षेत्र के सांसद वी.डी. शर्मा के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी का इज़हार करते हुये शहर के गाँधी चौक में जमकर पटाखे फोड़े और मिठाई बाँटी। श्री शर्मा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आज शाम जैसे ही पन्ना पहुँचे उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। सर्किट हाऊस में आप पार्टी कार्यकर्ताओं व पत्रकारों से भी मिले और चर्चा की। शाम को लगभग 7 बजे श्री शर्मा ने भगवान श्री जुगल किशोरजी मन्दिर पहुँचकर माथा टेका और जुगल किशोरजी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
00000


No comments:

Post a Comment