Thursday, July 2, 2020

रत्नगर्भा भूमि से बृजेन्द्र प्रताप सिंह का हुआ उदय

  • शिवराज मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री की आज ली शपथ  
  • चहेते विधायक के मंत्री बनने से पन्ना में जश्न का माहौल 
  • वर्षों से उपेक्षित पन्ना जिले के विकास को अब लगेंगे पंख 
  • बी.डी.शर्मा व बृजेन्द्र प्रताप सिंह की जोड़ी पर है पूरा भरोसा   


जनप्रिय विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह कैबिनेट मंत्री की शपथ लेते हुये। 

अरुण सिंह,पन्ना। मध्यप्रदेश के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल का विस्तार पन्ना जिले के लिए फलदाई साबित हुआ है। जैसा कि लोगों को उम्मीद थी उसी के अनुरूप पन्ना विधान सभा क्षेत्र के जनप्रिय और सबके चहेते विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह को महामहिम राज्यपाल द्वारा कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई है। आज सुबह जैसे ही श्री सिंह ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली, पन्ना जिले में उत्साह और उमंग की लहर छा गई। सोसल मीडिया में एक दूसरे को बधाई देने वालों का ताँता लग गया। हर किसी की जुबान में बस एक ही बात है कि वर्षों से उपेक्षित पन्ना जिले के विकास को अब पंख लगेंगे। ऐसा सुखद संयोग पन्ना जिले के साथ पहली बार देखने को मिल रहा है जब क्षेत्रीय सांसद प्रदेश संगठन के मुखिया हैं और विकास पुरुष की पहचान बना चुके पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने का सुअवसर मिला है। ऊर्जा से लबरेज व कुछ कर कर गुजरने की द्रढ़ इच्छा शक्ति वाले सांसद और कैबिनेट मंत्री से पन्ना जिलावासियों को ढेरो उम्मीदें हैं। लोगों को पूरा भरोसा है कि पन्ना जिले का नेतृत्व करने वाली यह जुगल जोड़ी विकास व जनकल्याण की दिशा में एक नये युग का सूत्रपात करेगी।
गौरतलब है कि 53 वर्षीय बृजेन्द्र प्रताप सिंह पन्ना जिले के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वर्गीय श्री उदयप्रताप सिंह के पुत्र हैं, जो उच्च शिक्षित होने के साथ - साथ    विधि स्नातक भी हैं। सामाजिक गतिविधियों में रूचि रखने वाले  बृजेन्द्र प्रताप सिंह अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी रहे हैं। खेल गतिविधियों में विशेष रूचि रखने वाले बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी की है। वे वर्ष 1985-86 में डेली कॉलेज इंदौर में सर्वोत्तम छात्र के रूप में भी सम्मानित हुये हैं। उन्होंने वर्ष 1985-86 में राष्ट्रीय स्तर के सेन्ट्रल इंडिया स्कॉकस टूर्नामेंट में, वर्ष 1986 में महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित 29वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में शामिल होकर सर्वश्रेष्ठ एवं उच्च स्तर के शूटर का प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। इसके अलावा उन्होंने 1986 में जिला स्तरीय इंदौर फूटबॉल टूर्नामेंट में सर्वोच्च खिलाड़ी का खिताब हासिल किया है। वर्ष 2003 में जिले की पवई विधान सभा सीट से चुनाव जीतकर आपने सभी को हैरत में डाल दिया था। श्री सिंह को अक्टूबर 2009 में शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल में किसान कल्याण एवं कृषि विकास राज्यमंत्री के रूप में शमिल किया गया। आप तीन बार विधायक बने और दो  बार मंत्री रह चुके हैं।  सहज और सरल स्वभाव वाले बृजेन्द्र प्रताप सिंह अपनी कार्यशैली, क्षमता और योग्यता के चलते कम समय में ही प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने अच्छी छवि बनाने में कामयाब रहे। आपको क्षेत्रीय सांसद व प्रदेश अध्यक्ष बी. डी. शर्मा का जहाँ पूरा सहयोग मिला वहीँ मुख्यमंत्री व केंद्रीय नेतृत्व ने भी भरोसा किया। यही वजह है कि विकट राजनैतिक परिस्थितियों व मंत्री पद के लिए अनेको योग्य और सक्षम दावेदारों के बीच आपको यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है, जो निश्चित ही पन्ना जिले के लिए सौगात से कम नहीं है।      
000000


No comments:

Post a Comment