Tuesday, January 3, 2023

शीतलहर से ठिठुरा मन्दिरों का शहर पन्ना, अब सुबह 9.30 के पहले नहीं खुलेंगे स्कूल

  • भीषण ठंड के चलते सुबह जल्दी उठने वालों की भी दिनचर्या बदली 
  • रोज कमाने खाने वाले गरीब मजदूरों की हालत सबसे ज्यादा ख़राब 


।। अरुण सिंह ।।

पन्ना। मध्यप्रदेश का पन्ना शहर इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवाओं के चलने से ठंड के तेवर आक्रामक हो रहे हैं, जिससे आम जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। भीषण ठंड के चलते सुबह जल्दी उठने वाले लोग भी नौ बजे के पहले रजाई नहीं छोड़ रहे। सबसे बुरी दशा रोज कमाने वाले गरीब मजदूरों की है, जिन्हें इस हाड़ कंपा देने वाली शीत लहर में ठिठुरना पड़ रहा है। शीतलहर को देखते हुए कलेक्टर पन्ना संजय कुमार मिश्र ने 4 जनवरी से जिले के सभी शासकीय व अशासकीय स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन करने का आदेश जारी किया है। आदेश के तहत अब 4 जनवरी 23 से स्कूल सुबह 9.30 के पहले संचालित नहीं होंगे।  

उल्लेखनीय है कि विगत एक सप्ताह से ठंड का दौर शुरू हुआ है जो नये साल के आगाज के साथ ही निरन्तर बढ़ता जा रहा है। बीते तीन दिनों से तो ठंड भीषण शीतलहर में तब्दील हो चुकी है, फलस्वरूप दिन में भी ठिठुरन बनी रहती है। शीतलहर के कारण ठंढ बढ़ने से जिले के संचालित स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बच्चे ठंढ की चपेट में आकर बीमार भी पड़ रहे थे, जिसे देखते हुए कलेक्टर पन्ना ने स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन किया है। 


   

इस भीषण ठंड से बचाव के लिए शहर के सार्वजनिक महत्व वाले स्थानों पर अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। नतीजतन बस स्टैण्ड व जिला अस्पताल जैसी जगहों पर लोग ठिठुरते रहते हैं। बस स्टैंड में मुसाफिरों व अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजनों को सर्वाधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों ने सार्वजानिक महत्व के स्थलों में अलाव की व्यवस्था कराये जाने की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। इस शीतलहर का घरेलू कामकाजी महिलाओं की दिनचर्या में भी जहां खासा असर पड़ा है, वहीं सरकारी कामकाज भी ठंड से प्रभावित हो रहा है। सरकारी दफ्तरों का आलम यह है कि ज्यादातर कर्मचारी किसी न किसी बहाने अपनी सीट छोड़कर धूप में नजर आते हैं। 

बर्फीली हवाओं के तीखे तेवरों का असर मार्निंग वॉक के सौखीनों पर भी पड़ा है। सुबह 5 बजे से ताजी हवा खाने व चहल कदमी करने के लिए सैर पर निकलने वाले लोग अब कम ही नजर आते हैं। शहर की इन्द्रपुरी कालोनी के निकट से गुजरे बाईपास, अजयगढ़ रोड, चौपड़ा मन्दिर मार्ग, पहाड़कोठी व अमानगंज घाटी मार्ग पर प्रतिदिन सुबह सैकडों लोग सैर पर जाते रहे हैं। लेकिन विगत 4-5 दिनों से इक्के - दुक्के दुस्साहसी लोग ही गर्म कपड़ों से ढके मुदे नजर आते हैं। ज्यादातर लोगों की दिनचर्या इस भीषण शीतलहर में सुबह 9 बजे के बाद ही शुरू होती है तथा शाम के समय भी ज्यादातर लोग जल्दी ही घर की तरफ रूख कर रहे हैं।


00000 


No comments:

Post a Comment