Sunday, March 23, 2025

पन्ना के जंगल में भड़की आग को बुझाने के प्रयास में तीन श्रमिक झुलसे

उत्तर वन मंडल अंतर्गत आने वाले झलाई प्लांटेशन में भड़की आग को बुझाने का प्रयास करते सुरक्षा श्रमिक। 

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में गर्मी के शुरुआती दौर में ही जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। आज जंगल में आग भड़कने का यह मामला उत्तर वन मंडल अंतर्गत आने वाले झलाई प्लांटेशन का है, जहां अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग के भयावह रूप लेने पर वन विभाग का अमला जब आग को काबू करने का प्रयास कर रहा था, उसी दौरान तीन सुरक्षा श्रमिक आग में झुलस गए। इन झुलसे सुरक्षा श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना में भर्ती करवाया गया है। 

घटना के संबंध में वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि उत्तर वन मंडल अंतर्गत आने वाले झलाई प्लांटेशन में अज्ञात कारणों के चलते आग लगी है, जिसे बुझाने के प्रयास में सुरक्षा श्रमिक कपूर सिंह यादव, हरि सिंह यादव एवं राजेंद्र सिंह यादव झुलस गए हैं। मामले की जानकारी लगने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम द्वारा घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जंगल में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। 

मालूम हो कि गर्मी के मौसम में महुआ सीजन आता है। तेज धूप और गर्मी पडऩे पर ही महुआ फूल नीचे टपकते हैं। चूंकि गर्मी में पतझड़ भी होता है जिससे महुआ वृक्ष के नीचे बड़ी मात्रा में पत्ते जमा हो जाते हैं, जिसके चलते महुआ फूल इन पत्तों के बीच से बीनने पर काफी असुविधा होती है। इसे दूर करने के लिये लापरवाहीवश ग्रामीण पेड़ के नीचे सफाई करने के लिये पत्तों में आग लगा देते हैं, यह आग फैलकर कभी-कभी जंगल को ही अपनी चपेट में ले लेती है, जिससे वन व वन्य प्राणियों को नुकसान होता है।

00000  

No comments:

Post a Comment