Tuesday, March 25, 2025

पन्ना से मड़ला एलिवेटेड रोड का सपना जल्द होगा साकार

  •   इस कार्य को वार्षिक योजना 2025-26 में शामिल किया जाएगा  
  •   सांसद वीडी शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात 

केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा करते हुए खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा। 

पन्ना। बहुप्रतीक्षित पन्ना से मड़ला एलिवेटेड रोड का सपना अब जल्द ही साकार होने के आसार दिखने लगे हैं। खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा ने मंगलवार को केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से पन्ना-मड़ला 21 किलोमीटर एलिवेटेड रोड निर्माण के संबंध में पुनः भेंट की। इस संबंध में सांसद द्वारा गत 24 जुलाई को केन्द्रीय मंत्री को पत्र के माध्यम से एलिवेटेड रोड निर्माण के बारे में अवगत कराया गया था। यह रोड एनएच 39 बमीठा-सतना खंड का हिस्सा है और इसके डीपीआर का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में वन विभाग के परामर्श से संरेखण कार्य निश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त इस कार्य को वार्षिक योजना 2025-26 में भी शामिल करने की प्रक्रिया जारी है। 

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में यह दूसरा एलिवेटेड रोड बनने जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी सौगात होगी। इस मार्ग के बन जाने से पन्ना-टाइगर रिजर्व के वन्य प्राणियों का स्वछंद विचरण भी होता रहेगा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्बाध आवागमन भी होगा। वर्तमान में पन्ना से मड़ला रोड की मड़ला घाटी में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है तथा पन्ना टाईगर रिजर्व का कोर एरिया होने के कारण वन्य प्राणियों के स्वछंद विचरण में भी बाधा उत्पन्न होती थी। इसके अतिरिक्त दो पहिया वाहनों में यात्रा करने वाले लोगों को वन्य प्राणियों से खतरा भी बना रहता है। केन्द्रीय परिवहन मंत्री के द्वारा प्रदत्त इस महत्वाकांक्षी सौगात के लिए सांसद वी.डी. शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से  धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।

सांसद श्री शर्मा ने क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए भी केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया है, जिसके तहत कालिंजर-अजयगढ-पन्ना-अमानगंज-सिमरिया-हटा एवं दमोह-जबेरा-जबलपुर 279 कि.मी. राजकीय राजमार्ग क्र. 55 को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने की मांग की गई है। मध्यप्रदेश राजपत्र दिनांक 15 सितम्बर 2017 के द्वारा इस राज्य राजमार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल किए जाने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में उन्नयन होकर निर्मित हो जाने से अमानगंज स्थित जे.के. सीमेन्ट प्लांट के बडे़ वाहनों का निर्बाध आवागमन भी हो सकेगा। 

इसके अलावा जबलपुर महानगर से व्हाया दमोह, हटा, पन्ना होते हुये सीधे उत्तर प्रदेश के बडे़ नगरों से सीधा संपर्क हो सकेगा। सांसद ने पन्ना जिले की कुछ महात्पवूर्ण सड़कों को केन्द्रीय सड़क निधि से स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। इनमें एन.एच. 39 देवेन्द्रनगर से एन.एच. 943 सलेहा तक 23 कि.मी. रोड, एन.एच. 943 सलेहा से चौमुखनाथ भितरी मुटमुरू होते हुये सिद्धनाथ तक 15 कि.मी. रोड, अमानगंज-गुनौर-सुवंशा (कटन)-गिरवारा-सिमरी मार्ग एन.एच. 94 तक 57 कि.मी. रोड तथा बिसानी-श्यामगिरी-कल्दा-सलेहा व्हाया मेन्हा मार्ग 75 कि.मी. शामिल है।  केन्द्रीय सड़क निधि के माध्यम से सड़क के विकास से प्रमुख पर्यटक एवं धार्मिक आस्था के स्थलों को चौडे़ मार्ग के जरिए राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जाएगा।

00000 

No comments:

Post a Comment