![]() |
| पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में अखिलेश पाल हीरा दिखते हुए |
पन्ना। बेशकीमती हीरों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आज एक गरीब मजदूर को सरकोहा गाँव की उथली हीरा खदान में 16.96 कैरेट वजन का बेशकीमती हीरा मिला है। जेम क्वालिटी वाले इस हीरे की अनुमानित कीमत लाखों में आंकी जा रही है। हीरा धारक अखिलेश पाल निवासी नारंगी बाग पन्ना आज सायं अपने परिवार व सहयोगियों के साथ जिला मुख्यालय में संयुक्त कलेक्ट्रेट स्थित हीरा कार्यालय पहुंचा और हीरे का वजन करवाकर उसे विधिवत हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
हीरा अधिकारी रवि पटेल ने बताया कि हीरा धारक अखिलेश पाल ने हीरा कार्यालय से दो वर्ष पूर्व अपने खेत में पट्टा बनवाकर 6 अन्य साझेदारों के साथ खदान लगाई थी। खदान की खुदाई के दौरान इन्हे कोई हीरा नहीं मिला। खदान से निकला मलबा (चाल) वहीं पर पड़ा हुआ था। आज मंगलवार को बारिश होने के बाद अखिलेश पाल जब खदान में पहुंचा तो बारिश के पानी में धुलकर मलबे के ढ़ेर में उसे चमकता हुआ हीरा नजर आया। उसने उस चमकते पत्थर को उत्सुकता से उठाया और देखा तो पता चला कि यह कोई साधारण पत्थर नहीं अपितु कीमती हीरा है। इतना बड़ा बेशकीमती हीरा मिलने के बाद अखिलेश पाल अपने सहयोगियों के साथ हीरा कार्यालय पहुंचा और हीरे को विधिवत जमा कराया। हीरा मिलने की खबर से उसका परिवार बेहद खुश है, उनका कहना है कि अब तक हमने कठिन जिंदगी जी है, लेकिन हीरा मिलने से अब सारे कष्ट व परेशानी दूर हो जाएगी।
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि सरकोहा की निजी खदान में मिला जेम क्वालिटी का यह कीमती हीरा है, जिसकी बाजार में अच्छी डिमांड होती है। इस हीरे को आगामी हीरा नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। अनुमानित कीमत पूंछे जाने पर आपने बताया कि यह 50 लाख रुपये से अधिक का होना चाहिए। जबकि जानकारों का कहना है कि इस नायाब हीरे की अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये तक जा सकती है।
00000

No comments:
Post a Comment