पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं। नदियों का जल स्तर बढ़ने से कई मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया है। जिले की केन, पतने, मिढ़ासन व किलकिला नदी सहित नालों में उफान और तेज बहाव के कारण अलर्ट जारी किया गया है। शाहनगर, पवई, अजयगढ़ व रैपुरा क्षेत्र में हालात खराब हैं।
भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय पन्ना से मिली जानकारी अनुसार 19 अगस्त को वर्षामापी केन्द्र पन्ना में सर्वाधिक 114.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि देवेन्द्रनगर में 96.2 मिमी, गुनौर में 68.8 मिमी, अमानगंज में 42 मिमी, पवई में 84 मिमी, सिमरिया में 75.2 मिमी, शाहनगर में 48.4 मिमी, रैपुरा में 27.2 मिमी और अजयगढ़ में 72.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
कलेक्टर ऊषा परमार ने पन्ना जिले में निरंतर अत्यधिक वर्षा होने तथा भारी वर्षा का अलर्ट जारी होने के दृष्टिगत जिले के सभी शासकीय, निजी, अनुदान प्राप्त विद्यालयों सहित नवोदय विद्यालय तथा सीबीएससी शैक्षणिक संस्थाओं में अध्यनरत कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए गुरूवार, 20 अगस्त को अवकाश घोषित किया है।
विदित हो कि विभिन्न मार्गों पर वर्षा के पानी के भराव की स्थिति निर्मित होने के साथ विभिन्न नदी एवं नालों का जल स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इस कारण जिला कलेक्टर द्वारा पूर्व में बुधवार को भी विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया था। अवकाश के कारण बाधित शैक्षणिक पाठ्यक्रम की पूर्ति अन्य कार्य दिवसों में अतिरिक्त कालखण्ड लगाकर की जाएगी। सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को विद्यालयीन समय में उपस्थित रहकर कार्य संचालन के निर्देश दिए गए हैं।
00000

No comments:
Post a Comment