Tuesday, October 15, 2019

चिकित्सक जगा रहा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की अलख

  •  बीमारियों से मुक्त, हरा-भरा और स्वच्छ शहर बनाने शुरू की मुहिम
  •  प्रतिदिन साइकिल से भ्रमण कर आमजन व युवाओं को कर रहे प्रेरित


चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अरुण जैन  

अरुण सिंह,पन्ना। पन्ना शहर के सर्वाधिक प्रतिष्ठित चिकित्सकों में शुमार डॉ. अरुण जैन ने मन्दिरों के शहर पन्ना को बीमारियों से मुक्त, हरा-भरा और स्वच्छ शहर बनाने की मुहिम शुरू की है। इसके लिये उन्होंने बेहद सुगम और अनूठा तरीका इजाद किया है। विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. जैन ने शहर में कहीं भी जाने के लिये अब कार की जगह साइकिल का उपयोग करना शुरू किया है। इतना ही नहींं उन्होंने साइकिल के सामने एक तख्ती भी लगा रखी है जिसमें हेल्थी पन्ना ग्रीन पन्ना और क्लीन पन्ना लिखा हुआ है। साइकिल से शहर भ्रमण के दौरान प्रतिदिन आप लोगों से सम्पर्क कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की महत्ता से अवगत भी करा रहे हैं। एक प्रतिष्ठित चिकित्सक की इस अनूठी पहल का असर नगरवासियों विशेषकर युवाओं में दिखने लगा है तथा लोग इस मुहिम से जुडऩे भी लगे हैं।

उल्लेखनीय है कि प्राचीन सुंदर भव्य मन्दिरों, जंगल हरे-भरे पहाड़ व खनिज सम्पदा से समृद्ध पन्ना व यहां के रहवासियों का मंगल प्रकृति प्रदत्त इन सौगातों का संरक्षण करने से ही हो सकता है। लेकिन बीते कुछ दशकों से जिस तरह अधाधुंध अवैध कटाई होने से तेजी के साथ जंगल उजड़े हैं तथा अनियंत्रित उत्खनन से केन ऐसी निर्मल सदानीरा जीवनदायिनी नदी का सीना छलनी हुआ है उससे इस खूबसूरत शहर सहित समूचे पन्ना लैण्डस्केप में संकट के बादल मंडराने लगे हैं। केन नदी के किनारे स्थित जिन ग्रामों में लोगों को कभी पेयजल संकट का सामना नहींं करना पड़ा वहां भी अब गर्मियों में जलस्तर नीचे खिसकने से कुंआ और हैण्डपम्प सूखने लगे हैं। यह स्थिति एक चेतावनी है कि यदि हम प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण नहीं किया और नदियों के नैसर्गिक प्रवाह को बाधित करने का प्रयास किया तो आने वाला भविष्य खुशहाल और मंगलमय नहीं हो सकता। नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिये हमें हमे पर्यावरण संरक्षण और स्वछता पर ध्यान देना ही होगा।
डॉ. जैन का कहना है कि यह कितनी चिंताजनक बात है कि 25-30 वर्ष के युवक भी डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक के शिकार हो रहे हैं। युवावस्था में इन बीमारियों से ग्रसित होने का सीधा सा अर्थ है कि हमारी जीवन चर्या और खानपान ठीक व सम्यक नहीं है जिसमें सुधार जरूरी है। स्वस्थ व तनाव मुक्त जीवन के लिये सकारात्मक सोच के साथ बेहतर जीवनशैली अपनाना होगा, इसके लिये स्वच्छ, सुन्दर और हरा-भरा  परिवेश बेहद उपयोगी है। इसी बात को दृष्टिगत रखते हुये मैंने हेल्दी पन्ना ग्रीन पन्ना और क्लीन पन्ना की मुहिम शुरू की है। डॉ. जैन ने बताया कि चिकित्सक होने के नाते प्रतिदिन अनेकों मरीजों से उनका मिलना होता है, गंभीर बीमारियों से ग्रसित युवाओं को देखकर उनके मन में यह ख्याल आया और वह अकेले ही बेहतर कल के निर्माण हेतु पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने निकल पड़े। आपने बड़े ही उत्साह के साथ बताया कि उनकी इस पहल का अनेकों लोगों ने न सिर्फ  स्वागत किया है अपितु जागरूकता अभियान से जुडऩे के लिये अपनी इच्छा भी जताई है। इससे उम्मीद बढ़ी है कि निश्चित ही हम अपने मकसद में कामयाब होंगे और पन्ना को स्वस्थ, सुन्दर व हरा-भरा  बनाने में सफल होंगे।
                                                           
                                                                         00000




No comments:

Post a Comment