Wednesday, December 18, 2019

कांग्रेस ने पूरे साल चलाया सिर्फ ट्रान्सफर उद्योग: कुलस्ते

  •   केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
  •   वचन पत्र के वायदों को पूरा न करने का कमलनाथ सरकार पर लगाया आरोप

                                

अरुण सिंह,पन्ना। प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में पूरे साल सिर्फ ट्रान्सफर उद्योग चलाने का कार्य किया है। चुनाव के समय इन्होंने प्रदेश की जनता से जो वायदे किये थे, वचन पत्र के उन वायदों को पूरा नहीं किया, इसलिये जनता निराश है। यह बात केन्द्रीय इस्पात मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने पन्ना प्रवास के दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुये कहा कि प्रदेश में किसी भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ।
उल्लेखनीय है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते को अपराह्न 12 बजे पन्ना आनाा था। पन्ना पहुँचने पर यहां भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी, जिसकी विधिवत सूचना पार्टी के मीडिया प्रभारी द्वारा पत्रकारों को दी गई थी। नियत समय पर जिले के पत्रकार भाजपा कार्यालय पहुँच गये, लेकिन केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते 1.30 बजे तक पन्ना नहीं पहुँचे। पूरे डेढ़ घण्टे तक पत्रकार मंत्री जी का इंतजार करते रहे, जब वे नहीं आये तो ज्यादातर लोग वहां से चलते बने। पूरे 2 घण्टे विलम्ब से मंत्री जी पन्ना पहुँचे और तब प्रेस वार्ता आयोजित हुई, लेकिन उस समय गिनती के ही कुछ पत्रकार मौजूद रहे। प्रेसवार्ता में ज्यादा संख्या भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की रही। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने इस मौके पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा और पिछले 15 वर्ष के भाजपा शासन को परिवर्तनकारी बताते हुये कहा कि शिवराज सरकार ने प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया था। श्री कुलस्ते ने कहा कि जनता से झूठे वायदे करके प्रदेश में कांग्रेस की सरकार दुर्भाग्य से बन गई है, जिससे हर कोई निराश है। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गुणगान करते हुये कहा कि उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है, हर भारतवासी को उन पर गर्व है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामबिहारी चौरसिया सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
00000

No comments:

Post a Comment