Wednesday, January 22, 2020

नीलगाय का शिकार करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

  • दक्षिण वन मण्डल अन्तर्गत वन परिक्षेत्र पवई में हुआ था शिकार 
  • आरोपियों ने मांस निकालकर जंगल में फेंक दिया था नीलगाय का चमड़ा 


 नीलगाय का शिकार करने वाले आरोपी साथ में वन अमला।

अरुण सिंह,पन्ना। जिले के दक्षिण वन मण्डल अन्तर्गत वन परिक्षेत्र पवई में पिछले दिनों हुये नीलगाय के शिकार मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने शिकार की घटना को अंजाम देने के बाद नीलगाय के मांस को आपस में बाँटकर उसके चमड़े को जंगल में ही फेंक दिया था, ताकि वन अमला उन तक न पहुँच सके। लेकिन गहन छानबीन और तहकीकात करने के बाद आरोपी बच नहीं पाये। वन अमले ने शिकार में लिप्त रहे चारो आरोपियों को दबोच लिया है, जो अब सीखचों के भीतर हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पवई वन परिक्षेत्र के बीट दक्षिण मोहडिय़ा के कक्ष क्र. पी-638 में वन्य प्राणी नीलगाय का 11 जनवरी 2020 को शिकार करके उसका चमड़ा आरोपियों द्वारा फेंक दिया गया था। मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39 के तहत वन अपराध प्रकरण क्र. 714/02 दिनांक 20-01-2020 पंजीबद्ध किया गया था। घटना का संबंध वन परिक्षेत्र शाहनगर एवं पवई से जुड़ा होने के कारण वन मण्डलाधिकारी दक्षिण पन्ना श्रीमति मीना मिश्रा द्वारा वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रीमति श्वेता सिंह की अगुवाई में टीम का गठन किया गया। इस टीम ने 21 जनवरी की सुबह ग्राम ढेंसाई के टन्टा चौधरी पिता हल्काई चौधरी 60 वर्ष, सुखीलाल पिता धुन्धी चौधरी 32 वर्ष निवासी ढेंसाई, बद्री चौधरी पिता गोरे लाल चौधरी 35 वर्ष निवासी महेबा(बोरी) तथा हीरा लाल पिता लूना चौधरी 40 वर्ष निवासी ढेंसाई थाना शाहनगर को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने नीलगाय का शिकार कर उसके चमड़े को बीट दक्षिण मोहडिय़ा वन परिक्षेत्र पवई में कक्ष क्र. पी-638 में फेंका जाना स्वीकार किया। प्रकरण में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
00000

No comments:

Post a Comment