Monday, January 27, 2020

मछली का अवैध शिकार करते जाल सहित आरोपी गिरफ्तार

  •   वन परिक्षेत्र पन्ना कोर के अकोला बफर का मामला
  •   आरोपी वन्यजीवों के शिकार का भी कर रहा था प्रयास


अवैध शिकार करने वाला आरोपी साथ में वनकर्मी।

अरुण सिंह,पन्ना। वन परिक्षेत्र पन्ना कोर के अकोला बफर क्षेत्र में अवैध रूप से मछलियों का शिकार करने वाले आरोपी को जाल सहित गिरफ्तार किया गया है। आरोपी द्वारा मछलियों में चूहामार दवा मिलाकर वन्यजीवों व पक्षियों का भी शिकार करने का प्रयास किया जा रहा था।
क्षेत्र संचालक पन्ना टाईगर रिजर्व के.एस. भदौरिया ने जानकारी देते हुये बताया कि परिक्षेत्र पन्ना कोर के सर्किल अकोला बफर अन्तर्गत करई जामुन तलैया में अलील खां पिता चाँद खां 35 वर्ष निवासी देवगाँव थाना गुनौर जिला पन्ना द्वारा मछलियों का अवैध शिकार किया जा रहा था जिसे वनकर्मियों द्वारा मौके पर ही पकड़ा गया। आरोपी युवक से पूछताछ किये जाने पर पता चला कि उक्त युवक मछली मारकर उसमें चूहामार जहर मिलाकर तलैया के किनारे रखकर अन्य वन्यजीव व पक्षियों का शिकार करने का प्रयास कर रहा था। आरोपी को मौके पर परिक्षेत्र पन्ना कोर/बफर के कर्मचारियों द्वारा कार्यवाही करते हुये वन अपराध प्रकरण क्र. 741/22 दिनांक 24/01/2020 पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी व्यक्ति के पास से 80 नग चूहामार दवा में लिप्त मृत मछलियां एवं मछली मारने का जाल जब्त किया जाकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी को जेल भेजा गया है। मृत मछलियों का सेम्पल लेकर विष परीक्षण हेतु फॉरेन्सिक लैब भेजा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि करई जामुन तलैया के पास गत 22 जनवरी 2020 को ही अस्थाई कैम्प का उद्घाटन किया गया था। अस्थाई कैम्प बनने से सुरक्षा बढ़ी है तथा आरोपी द्वारा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के पूर्व ही उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्य में अस्थाई कैम्प श्रमिका स्वरूपा गौड़ का योगदान सराहनीय रहा, जिसके द्वारा दी गई त्वरित सूचना के आधार पर वनरक्षक, परिक्षेत्र सहायक एवं परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा मौके पर पहुँचकर कार्यवाही की गई।
00000

No comments:

Post a Comment