Tuesday, July 21, 2020

जिले के कंटेनमेंट क्षेत्रों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

  • क्षेत्र के शत प्रतिशत लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने दिये निर्देश 
  • रूंझ बांध परियोजना का कार्य आगामी सात दिनों तक रहेगा बन्द 


कन्टेनमेन्ट क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए  कलेक्टर कर्मवीर शर्मा। 

अरुण सिंह,पन्ना। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों जहां कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति पाए गए हैं उन क्षेत्रों को कन्टेनमेन्ट क्षेत्र घोषित किया गया है। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने इन क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर क्षेत्र में कार्य कर रहे शासकीय अमले को आवश्यक निर्देश दिये हैं। रूंझ बांध परियोजना जहाँ 4 कोरोना पॉजिटिव मिले थे वहां  आगामी सात दिनों तक कार्य बन्द रखने के निर्देश कलेक्टर ने कंपनी के अधिकारीयों को दिये हैं।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर द्वारा नगर के वार्ड क्रमांक 17 रानीगंज मोहल्ले में स्थापित कन्टेनमेंट क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित आरआरटी दल के सदस्यों से अब तक किए गए सर्वे कार्य एवं स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी प्राप्त कर निर्देश दिये कि क्षेत्र से लगे पहाडकोठी बस्ती एवं श्री बल्देव जी मंदिर तक की आबादी का डोर-टू-डोर सर्वे कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करें। इसी प्रकार उन्होंने वार्ड क्रमांक 11 आगरा मोहल्ला का निरीक्षण कर आरआरटी दल के सदस्यों से चर्चा कर शत प्रतिशत परिवारों का सर्वे कर स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर उपस्थित मुख्य नगरपालिका अधिकारी से दोनों कन्टेनमेंट क्षेत्रों का सेनेटाइज करने की जानकारी लेने के साथ निर्देश दिए कि क्षेत्र में समय समय पर दवा का छिडकाव कराकर सेनेटाइज्ड करने के साथ साफ सफाई की व्यवस्था करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में उन्होंने अजयगढ विकासखण्ड में निर्माणाधीन रूंझ बांध परियोजना में लगे कर्मचारियों एवं मजदूरों का मौके पर निरीक्षण किया। कार्य स्थल पर उपस्थित बांध बनाने वाली कम्पनी के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आगामी सात दिनों तक परियोजना का कार्य पूरी तरह बंद रखा जाए। जो भी मजदूर व कर्मचारी इस परियोजना में कार्य कर रहे हैं उनकी कालोनी में वे सभी घरों पर रहें। कोई भी व्यक्ति बाहर न घूमें। सभी लोग मास्क का उपयोग करें। मौके पर उपस्थित आरआरटी दल के सदस्यों से सर्वे एवं लिए गए नमूनों के संबंध में चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि परियोजना से लगे ग्राम पाण्डेयपुरवा में रह रहे परिवारों का भी सर्वे किया जाए। इसके उपरांत उन्होंने ग्राम सिंहपुर के कन्टेनमेंट क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरआरटी दल के सदस्यों को निर्देश दिए कि शत प्रतिशत व्यक्तियों का सर्वे किया जाए। कोरोना संभावित व्यक्तियों के नमूने लें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों के सम्पर्क वाले व्यक्तियों के आवागमन संबंधी जानकारी एकत्र की जाए। जिससे उनके यात्रा की जानकारी मिल सके।
उन्होंने कन्टेनमेंट क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर लगे अधिकारी, कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र के शत प्रतिशत परिवारों का सर्वे करें। सर्वे में सर्दी, जुखाम, बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, गंभीर बीमारियों से पीडित व्यक्तियों, बुजुर्गो, गर्भवती महिलाओं का सर्वे कर पृथक पृथक जानकारी तैयार करें। इन सभी व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी अनिवार्य रूप से किया जाए। आवश्यकता होने पर नमूने लेकर जांच के लिए जिला स्तरीय लैब को भेजें। कन्टेनमेंट क्षेत्र के लोगों को घर से बाहर निकलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन परिवारों को आवश्यक सामग्री दूध, सब्जी, किराना समान आदि पहुंचाने के लिए एक-एक व्यक्ति निश्चित किया जाए। केवल वही व्यक्ति इस क्षेत्र में जाकर आवश्यक वस्तुएं पहुंचाएगा। इन क्षेत्रों में रहने वाले व्यक्तियों को अनिवार्य रूप से मास्क लगाने की हिदायत दी जाए।
00000 

No comments:

Post a Comment