Sunday, September 6, 2020

किलकिला फीडर का कलेक्टर द्वारा किया गया निरीक्षण

  • फीडर का काम गुणवत्तायुक्त एवं समयसीमा में पूरा करने अधिकारीयों को दिये निर्देश 

किलकिला फीडर के निर्माण स्थल का निरीक्षण  करते हुए कलेक्टर। 

अरुण सिंह,पन्ना।  नगर के धरम सागर एवं लोकपाल सागर तालाब को वर्षा के जल से भरने के लिए किलकिला फीडर नहर बनाई जा रही है। इस नहर का कलेक्टर संजय कुमार मिश्र द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री जल संसाधन बी.एल. ददौरिया ने बताया कि यह नहर 5.5 किलो मीटर की बनाई जा रही है। इस परियोजना के लिए 06 करोड रूपये की राशि शासन द्वारा स्वीकृत की गयी है। इस राशि से किलकिला नदी उद्गम स्थल से धरम सागर एवं लोकपाल सागर तालाब तक नहर बनाई जाएगी। इस नहर से यह दोनों तालाब बरसाती पानी से भर जाया करेंगे। कलेक्टर श्री मिश्र ने कहा कि इस कार्य को गुणवत्तायुक्त एवं समयसीमा में पूर्ण कराया जाये। 

उल्लेखनीय है कि इन दोनों तालाबों से नगर को पेयजल उपलब्ध कराने के साथ लोकपाल सागर से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है। यदि यह दोनों तालाब अपनी पूर्ण क्षमता के साथ भर जाते हैं तो गर्मी के दिनों में पेयजल संकट से निजात मिल जाएगी। यह दोनों तालाब स्टेट समय से बने हुए हैं। इन दोनों तालाबों में जल संग्रहण एवं भण्डारण की व्यवस्था तत्कालीक समय में रही होगी। इसके उपरांत वर्ष 1970 में इन तालाबों को भरने के लिए नहर बनाई गयी थी। जो वर्तमान में पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। नहर के कुछ भाग पर लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। कलेक्टर श्री मिश्र ने किलकिला उद्गम स्थल से लेकर धरम सागर तालाब तक की नहर का अवलोकन मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ किया। उन्होंने कहा कि जो भी अतिक्रमण है उसे हटाने की कार्यवाही की जाएगी। अब बरसात का मौसम समाप्त होने जा रहा है। निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। इस अवसर पर जल संसाधन के तकनीकी अधिकारियों के साथ पन्ना तहसीलदार सुश्री दिव्या जैन एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 

00000 


No comments:

Post a Comment