Tuesday, September 8, 2020

पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने नहीं किया प्रदेश का विकास

  •  भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पन्ना में दिखाये आक्रामक तेवर 
  • आपने कहा कमलनाथ जी को प्रदेश की नहीं सिर्फ छिदवाड़ा की चिन्ता

पन्ना में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से चर्चा करते भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा। 

अरुण सिंह, पन्ना। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी को सिर्फ छिदवाड़ा की चिन्ता है, यही कारण है कि उन्होंने बहुत बड़े बजट के निर्माण कार्य केवल छिदवाड़ा के लिये स्वीकृत किये। उन्हें प्रदेश के अन्य जिलों की चिन्ता नहीं थी सिर्फ अपने संसदीय क्षेत्र का ही विकास करते रहे, उनका प्रदेश के विकास और आम लोगों के काम में कोई रूचि नहीं थी। यह बात भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज सरकिट हाउस पन्ना में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंतरकलह के कारण नष्ट हो रही है। भाजपा को लोग दोष न दें कांग्रेस सरकार अपनी ही गल्तियों से गिरी है। उन्होंने जनता के वादे पूरे नहीं किये, प्रदेश की जनता कमलनाथ की सरकार से नाराज थी उनके नेता नाराज थे, यही कारण था कि सरकार से विधायक अलग हुये और सरकार गिर गई। उन्होंने कहा कि जब कमलनाथ की सरकार थी तब उनके ही मंत्रीमंडल के मंत्री, नेता उनकी कार्यपद्धति पर प्रश्न खड़ा करते रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी की कार्यप्रणाली पर चुटकी लेते हुये भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वे सिर्फ छिदवाड़ा के लिये काम करते थे, यही कारण है कि वह पन्ना के एग्रीकल्चर कालेज को छिदवाड़ा ले गये थे अब मैं पुनः पन्ना में बनाने के लिये प्रयास कर रहा हॅू। श्री शर्मा ने कहा कि म.प्र. की कांग्रेस सरकार को पीछे से दिग्विजय सिंह चलाते रहे किसानों की ऋणमाफी नहीं हुई, जिससे जनता आज भी नाराज है। उन्होंने दावा किया कि  हम प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव में विकास के मुद्दे पर व 15 महीनें जो कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया उसे जनता के बीच में रखेंगे और चुनाव को लड़ेंगे, हमारी विजय सुनिश्चित है। आपने कहा किसी भी कीमत पर पन्ना में कृषि महाविधालय बनेगा। पन्ना में पर्यटन विकास की संभावनायें हैं, हम पन्ना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेंगे। पन्ना में ऐसी व्यवस्था की जायेगी कि जो भी टाईगर रिजर्व जाये वह पन्ना से होकर जाये। पन्ना की पहचान एनएमडीसी हीरा प्रोजेक्ट व पन्ना टाईगर रिजर्व से है, इस कारण दोनों में समन्वय बनाकर जिले का विकास किया जायेगा। प्रदेश में हम 27 की 27 सीटें जीतेंगे और एक स्थायी विकास की सरकार म.प्र. को देंगे। उन्होंने  कहा कि पन्ना का विकास मेरी प्राथमिकता है।

सांसद ने कहा कि पन्ना में खुलेगा कृषि महाविद्यालय




 सांसद बी.डी. शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास कार्यो में जहां भी मेरे सहयोग की आवश्यकता है मुझे बताया जाये, मैं हरसंभव मदद करूंगा। केन्द्र एवं राज्य से आवश्यक बजट आवंटन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग के मंत्रियों से बात करके बजट उपलब्ध कराऊंगा जिससे चल रहे विकास कार्य तेजी से चलते रहें। उन्होंने राष्ट्रीय राज्य मार्ग के अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि जो भी सडक निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए उसे समयसीमा में पूर्ण किया जाना चाहिए। जिससे लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने सतना से पन्ना एवं पन्ना से खजुराहो रेल लाईन के कार्य के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि बजट अभाव के संबंध में जानकारी दी जानी चाहिए थी। जिससे मैं केन्द्र शासन से बजट उपलब्ध करा देता। शीघ्र ही बजट की उपलब्धता कराने का प्रयास करूंगा। कार्य में तेजी लाएं। स्थानीय स्तर पर कार्यो में किसी प्रकार का व्यवधान है तो इसकी जानकारी जिला प्रशासन को समय समय पर दी जानी चाहिए जिससे व्यवधान को दूर कर कार्य को गति प्रदान की जा सके। बैठक में हीरा उत्खनन परियोजना मझगंवा को आगामी समय में संचालित रखने के लिए स्वीकृति दिलाए जाने की बात कही। उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण रोकथाम के लिए की गयी कार्यवाही के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन अधिकारी, कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ कहा कि आगामी आने वाले समय में भी सक्रिय रूप से कार्यवाही जारी रखें जिससे जिले में कोरोना वायरस से कोई भी मौत न हों। उन्होंने जिले में पर्यटन सुविधाओं को विकसित करने की बात कही। जिससे जिले के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिससे क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने कृषि महाविद्यालय के अधिकारियों से चर्चा करने के उपरांत कहा कि क्षेत्र में शीघ्र ही कृषि महाविद्यालय प्रारंभ करने की कार्यवाही की जाये। 

00000 


No comments:

Post a Comment