Friday, January 22, 2021

पुलिस ने देवेंद्रनगर में अवैध शराब भट्टी को किया ध्वस्त

  •  मौके पर 250 लीटर महुआ लाहन को किया गया नष्ट 
  • दो आरोपी गिरफ्तार, भट्टी में बनी 75 लीटर शराब जप्त 

अवैध रूप से शराब बनाने में उपयोग होने वाला महुआ लाहन, जिसे पुलिस ने नष्ट किया।  

अरुण सिंह, पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में अवैध शराब का कारोबार नासूर बन चुका है। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हर कहीं अवैध रूप से शराब बनाई और बेचीं जा रही है, जिसका असर आम जन जीवन व कानून व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। इस बावत लगातार शिकायतें मिलने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मंयक अवस्थी ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं। जिसके परिपालन में आज पुलिस ने देवेन्द्रनगर के कंजडाना क्षेत्र में जो अनैतिक गतिविधियों के लिए बदनाम है, वहां छापामार कारवाही करते हुए अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त किया है। पुलिस ने मौके पर दो आरोपियों को शराब बनाते हुए गिरफ्तार कर 250 लीटर महुआ लाहन को नष्ट किया है। पुलिस ने भट्टी में बनी 75 लीटर महुआ की शराब भी जप्त की है। कच्ची महुआ की अवैध शराब बनाते पाये जाने पर दो आरोपियो के विरूद्ध धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत अपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।

शराब की भट्टियां। 

 पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अवैध शराब बनाने, परिवहन करने एवं बेचने वालों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत अति.पुलिस अधी. बी के सिह परिहार के निर्देशन एवं एसडीओपी आर.एस. रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरी. डी.के. सिह द्वारा देवेन्द्रनगर के कंजडाना क्षेत्र में   मुखबिर लगाये गये थे। अबैध रूप से भट्टी चढाकर कच्ची महुआ की शराब बनाने जानकारी आज मुखबिर से प्राप्त होने पर छापामार कारवाही की गई। मौके पर 75 लीटर कच्ची महुआ की हाथ भट्टी बनी शराब कुल कीमती 15000/- रू. तथा शराब बनाने का उपकरण एवं समान जप्त किया गया। लगभग 250 लीटर महुआ का लहान नष्ट किया जाकर आरोपीगणो को गिरफ्तार किया गया है। थाना देवेन्द्रनगर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्र 29/2021 एवं 30/2021 धारा 34 (1) आबकारी एक्ट पंजीबद्ध किया गया है।   

उक्त कार्यवाही में निरीक्षक डी.के. सिंह  थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर, उप निरीक्षक प्रियंका पटेल, सउनि. मान सिह, सउनि. सुरेन्द्र सिह परिहार, प्र. आर बाबूलाल प्रजापति, कमलेश सिंह, श्रीकांत पाठक , आर आदित्य कुशवाहा, आर सत्यबीर सिंह, आर राजू साहू, दिलीप शर्मा, भरत पाण्डेय, दीपक मिश्रा,नीरज बागरी, राजकुमार, पुष्पराज सिंह, महेश सिंह, महिला आर दिब्या सिंह तथा सुप्रिया त्रिपाठी की सराहनीय भूमिका रही।

00000 

No comments:

Post a Comment